सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग और सिंचाई अधारभूत परियोजनाओं की अनुमोदन प्रक्रिया सरल बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर
समझौते का उद्देश्य अंतर-विभागीय समन्वय और त्वरित अनुमोदन प्रक्रिया सुगम बनाना, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सिंचाई आधारभूत परियोजनाओं का सुचारू निष्पादन
प्रविष्टि तिथि:
22 SEP 2026 4:55PM by PIB Delhi
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण -एनएचएआई और सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड -एसएसएनएल ने गुजरात में अंतर-एजेंसी समन्वय मजबूत बनाने और अधोसंरचना विकास में तेजी लाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर और पाइपलाइन क्रॉसिंग निर्माण के अनुमोदन हेतु सरल और समयबद्ध प्रक्रिया स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौता ज्ञापन का उद्देश्य अंतर-विभागीय समन्वय बेहतर बनाना, अनुमोदन प्रक्रिया में तेजी लाना और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सिंचाई अवसंरचना परियोजनाओं का सुचारू निष्पादन सुनिश्चित करना है। समझौता ज्ञापन पर गांधीनगर में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी और एसएसएनएल के मुख्य अभियंता (गुणवत्ता नियंत्रण, तकनीकी एवं निगरानी और नियंत्रण) द्वारा एसएसएनएल के निदेशकों और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
समझौते में उल्लेखनीय तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग, नहर और पाइपलाइन क्रॉसिंग पर लगने वाले विभिन्न शुल्कों, प्रभारों और अन्य करों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड द्वारा पारस्परिक तौर पर माफ किया गया है। इस प्रावधान से परियोजना लागत में कमी, प्रक्रियात्मक बाधाएं दूर करने और सार्वजनिक धन का उपयोग अनुकूलित करने में सहायता मिलेगी, जिससे अवसंरचना विकास में गति आएगी।
समझौता ज्ञापन में परियोजना जानकारी के शीघ्र आदान-प्रदान, मानकीकृत इंजीनियरिंग पद्धतियां अपनाने और चौराहों के निर्माण एवं रखरखाव की स्पष्ट परिभाषित दायित्व रुपरेखा भी निर्धारित की गई है। ये उपाय बेहतर परियोजना नियोजन में सहायक होंगे और उच्च गुणवत्ता मानकों एवं परिचालन दक्षता का पालन सुनिश्चित होगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड के बीच यह समझौता ज्ञापन तालमेल बढ़ाकर गुजरात में एकीकृत अवसंरचना नियोजन संवर्धन में उल्लेखनीय कदम है। इस सहयोगात्मक ढांचे से गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग और सिंचाई ढ़ांचागत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी, साथ ही इससे दक्षता में सुधार आएगा। इससे कार्यान्वयन समयसीमा में भी कमी आएगी और परियोजना निष्पादन का समग्र वित्तीय बोझ घटेगा।
यह समझौता ज्ञापन तीव्र अनुमोदन और समन्वय मजबूत बनाकर, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति एनएचएआई की प्रतिबद्धता दर्शाता है। इस समझौते से कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ ही आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।



****
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/केएस
(रिलीज़ आईडी: 2313582)
आगंतुक पटल : 98