विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद ने माय भारत पोर्टल पर 'सीएसआईआर साइक्विज' का आयोजन किया

प्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2026 1:12PM by PIB Delhi

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के सहयोग से सीएसआईआर के 85वें स्थापना दिवस समारोह पर आयोजित गतिविधियों के हिस्से के रूप में माय भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल पर सीएसआईआर विज्ञान और नवाचार क्विज (सीएसआईआर साइक्विज) का शुभारंभ किया है।

यह क्विज 20 से 26 सितंबर, 2026 तक आयोजित की जा रही है और सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। क्विज में बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल हैं और इनमें सीएसआईआर की वैज्ञानिक उपलब्धियों, प्रौद्योगिकियों, नवाचारों, संस्थानों और समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे।

ये प्रश्न सीएसआईआर के कार्य के विविध क्षेत्रों को कवर करते हैं, जिनमें स्वास्थ्य सेवा, कृषि, पर्यावरण, अवसंरचना, ऊर्जा, एयरोस्पेस, जैव प्रौद्योगिकी और रणनीतिक प्रौद्योगिकियां शामिल हैं, और उन तरीकों को उजागर करते हैं जिनसे सीएसआईआर अनुसंधान को समाज और उद्योग के लिए समाधानों में परिवर्तित किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य विशेषकर युवाओं में वैज्ञानिक जागरूकता, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति सार्वजनिक सहभागिता को बढ़ावा देना है, साथ ही भारत के प्रमुख अनुसंधान प्रयोगशालाओं के नेटवर्क के बारे में जानने के लिए एक संवाद मंच प्रदान करना है। यह प्रतिभागियों को सीएसआईआर की वैज्ञानिक उपलब्धियों, प्रौद्योगिकियों, नवाचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान के बारे में जानने का एक आकर्षक अवसर प्रदान करता है।

इस पहल के तहत, प्रतिभागियों के पास अपनी रुचि के सीएसआईआर प्रयोगशाला में एक दिवसीय यात्रा जीतने का एक रोमांचक अवसर भी है, जो उन्हें देश के वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार इकोसिस्‍टम का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करता है।

सीएसआईआर साइक्विज श्रृंखला सितंबर सत्र के बाद भी जारी रहेगी, और आने वाले महीनों में माय भारत पोर्टल पर और भी क्विज सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सीएसआईआर के अनुसंधान, नवाचारों और उपलब्धियों के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा।

यह पहल नागरिकों को अन्वेषण, शिक्षण, प्रतिस्पर्धा और जीत के लिए आमंत्रित करती है और विज्ञान और नवाचार को समाज के करीब लाने की सीएसआईआर की निरंतर यात्रा का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करती है।

भागीदारी हेतु लिंक: https://mybharat.gov.in/quizzes/yuva/

**.**

पीके/केसी/एसकेएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2312919) आगंतुक पटल : 169
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil