गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय तीरंदाजी संघ की 'विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज' का उद्घाटन किया


5 से 9 सितंबर तक चलने वाली यह स्पर्धा खिलाड़ियों के साथ-साथ अहदमदाबाद के लिए भी बहुत यादगार रहेगी

इस स्पोर्ट्स सेंटर में कोचिंग व ट्रेनिंग की व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर विकसित की जाएगी, यह केंद्र न केवल भारत, बल्कि विश्वभर के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण का एक बड़ा हब बनेगा

भारत सभी प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण, सुविधाओं और साधनों के उत्पादन का भी हब बनेगा

आने वाले दिनों में भारत स्पोर्ट्स इंजीनियरिंग व स्पोर्ट्स मेडिकल साइंस के क्षेत्र में तेजी से उभरेगा, साथ ही स्पोर्ट्स इंजरी के इलाज व पुनर्वास का एक बड़ा मेडिकल सेंटर भी बनेगा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम भारत को विश्व में सबसे बड़ा स्पोर्ट्स केन्द्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं

भारत का मकसद सबसे अधिक मेडल जीतना नहीं बल्कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, पुलिस गेम्स आदि में शामिल सभी खेलों की ताकत बढ़ाना है

गृह मंत्री ने 'विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज' में 19 देशों के 108 खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आप भारत में आए हैं, हमारी मूल संस्कृति ही वसुधैव कुटुंबकम है

2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी संस्करण होगा और इसका आयोजन अहमदाबाद में होना बहुत हर्ष का विषय है

2036 ओलंपिक खेलों की मेज़बानी के लिए अहमदाबाद ने दावेदारी की है और हमें विश्वास है कि 2036 के ओलंपिक खेल भी अहमदाबाद में ही आयोजित होंगे

चैंपियन केवल खेल, प्रैक्टिस या कोचिंग से नहीं, बल्कि जीत और लगातार मेहनत से बनते हैं

चैंपियन बनने का असली आधार खिलाड़ी का जज्बा, समर्पण और जीतने का संकल्प है

प्रविष्टि तिथि: 04 SEP 2026 8:19PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय तीरंदाजी संघ की 'विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज' का उद्घाटन किया।

CR3_0247.JPG (1).jpeg

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि 5 से 9 सितंबर, 2026 तक चलने वाली यह स्पर्धा खिलाड़ियों के साथ-साथ अहदमदाबाद के लिए भी बहुत यादगार रहेगी। उन्होंने कहा कि इस स्पर्धा में 19 देशों के 108 से भी अधिक पैरा एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। श्री शाह ने कहा कि अहमदाबाद, गुजरात और भारत,आने वाले दिनों में खेल जगत के बहुत बड़े केन्द्र बनेंगे। भारत सभी प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण, सुविधाओं और साधनों के उत्पादन का भी हब बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में इस कम्प्लीट विज़न के साथ हम भारत को विश्व में सबसे बड़ा स्पोर्ट्स का केन्द्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

श्री अमित शाह ने कहा कि हमारा मकसद सबसे अधिक मेडल जीतना नहीं बल्कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, पुलिस गेम्स आदि में शामिल सभी खेलों की ताकत बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध अत्याधुनिक ट्रेनिंग और कोचिंग व्यवस्था सिर्फ अहमदाबाद, गुजरात या भारत तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि इन्हें अंतर्राष्ट्रीय मानांकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। यह स्थान न सिर्फ भारत बल्कि विश्वभर के खिलाड़ियों के लिए कोचिंग का बहुत बड़ा हब बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत स्पोर्ट्स इंजरी के मेडिकल साइंस के क्षेत्र में भी विश्व में उभर कर आएगा। गुजरात आने वाले दिनों में मेडिकल साइंस, विशेषकर स्पोर्ट्स इंजरी के मेडिकल साइंस, के क्षेत्र में बहुत बड़ा केन्द्र बनकर उभर कर सामने आएगा।

 केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इन खेलों में भूटान, ब्रिटेन, चीन, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया और अमेरिका सहित 19 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। गृह मंत्री ने 'विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज' में 19 देशों के 108 खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आप भारत में आए हैं, हमारी मूल संस्कृति ही वसुधैव कुटुंबकम है।  इन खेलों में 29 सदस्यीय सशक्त भारतीय दल भी मैदान में उतर रहा है। हरविंदर सिंह, शीतल देवी, राकेश कुमार, श्याम सुंदर सामी और पायल नाग जैसे एथलीट्स ने वैश्विक स्तर पर भारत का नाम चमकाया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी संस्करण होगा और इसका आयोजन अहमदाबाद में होना बहुत हर्ष का विषय है। 2036 ओलंपिक खेलों की मेज़बानी के लिए अहमदाबाद ने दावेदारी की है और हमें विश्वा है कि 2036 ओलंपिक खेल भी अहमदाबाद में ही आयोजित होंगे। श्री शाह ने कहा कि गुजरात ने 2025 से 2026 के बीच लगभग 10 अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं की मेज़बानी की है। इन आयोजनों से प्रतिभागी खिलाड़ियों को अहमदाबाद, गुजरात और भारत को जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि चैंपियन खेल, प्रैक्टिस और कोचिंग से नहीं बल्कि खिलाड़ी की जीतने की लालसा से बना जाता है।

****

आरके / आरआर / पीआर / पीएस


(रिलीज़ आईडी: 2306819) आगंतुक पटल : 150
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Assamese , Gujarati , Tamil