युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' के आह्वान को बढ़ावा देने के लिए 89वीं फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल
डॉ. मनसुख मांडविया सूरत में साइकिलिंग पहल का नेतृत्व करेंगे, गुजरात के उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष सांघवी शामिल होंगे
पद्म श्री ओलंपियन अचंता शरथ कमल और अर्जुन पुरस्कार विजेता सरिता मोर सहित कई प्रमुख खिलाड़ी इस पहल में शामिल होंगे
प्रविष्टि तिथि:
04 SEP 2026 4:25PM by PIB Delhi
फिट इंडिया 'संडे ऑन साइकिल' का 89वां संस्करण 6 सितंबर को सूरत में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' थीम के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्वस्थ और नशामुक्त युवाओं को प्रोत्साहित करने के माध्यम के रूप में फिटनेस, खेल और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इस साइकिलिंग पहल का नेतृत्व करेंगे, जिसमें गुजरात के उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष सांघवी भी शामिल होंगे।
डॉ. मांडविया ने कहा, "प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए, फिट इंडिया 'संडे ऑन साइकिल' का यह संस्करण हमारे युवाओं को नशीली दवाओं से दूर रहने और एक स्वस्थ व सक्रिय जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने को समर्पित है। 'संडे ऑन साइकिल' और अन्य फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से, फिट इंडिया एक ऐसी पीढ़ी के निर्माण में मदद कर रहा है जो स्वस्थ, आत्मविश्वासी और अनुशासित है तथा एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।"

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मादक पदार्थों के सेवन को देश के युवाओं के लिए एक बड़े संकट के रूप में रेखांकित किया था।
यह 89वां संस्करण 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत 100-सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी अभियान के साथ भी जुड़ा है, जो खेल, फिटनेस, जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से मादक पदार्थों के उपयोग के खिलाफ एक निरंतर आंदोलन खड़ा करना है।
सूरत में यह साइकिलिंग कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे सरदार पटेल प्रतिमा, मानगढ़ चौक से शुरू होगा, मिनी बाजार और वराछा मेन रोड से होते हुए गुजरेगा और सारथाना ज़ू पर समाप्त होगा।
पद्म श्री ओलंपियन अचंता शरथ कमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता सरिता मोर, पहलवान शिवानी पवार और राष्ट्रमंडल पदक विजेता राहुल मान सहित प्रख्यात खिलाड़ी भी इस पहल में भाग लेंगे।
***************
पीके/केसी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2306739)
आगंतुक पटल : 158