सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम दीर्घकालिक (जेडईडी ) प्रमाणन: गुणवत्ता, स्थिरता और महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाना


महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना: सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने महिला नेतृत्व वाले लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए जेडईडी प्रमाणन पर 100 प्रतिशत सब्सिडी देगा

वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देने के लिए 67 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों ने जेडईडी प्रमाणन प्राप्त किया

सफलता की कहानियां जेडईडी प्रमाणन के परिवर्तनकारी प्रभाव को दर्शाती हैं

प्रविष्टि तिथि: 04 AUG 2026 11:22AM by PIB Delhi

फाइनक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड – जेडईडी (जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट) के साथ गुणवत्ता और स्थिरता की ओर अग्रसर

महाराष्ट्र में नासिक जिले के डिंडोरी स्थित फाइनक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड धातु और लकड़ी के फर्नीचर का निर्माण करती है और इसने 14 जुलाई 2025 को जेडईडी सिल्वर प्रमाणन प्राप्त किया। इसके बाद, कंपनी ने खराब गुणवत्ता की लागत (सीओपीक्यू) में 11 प्रतिशत, पुनर्कार्य लागत में 10 प्रतिशत और खामी लागत में 1 प्रतिशत की कमी की। इसके साथ ही कार्यस्थल सुरक्षा और संसाधन उपयोग में सुधार किया। बेहतर ऊर्जा दक्षता, स्थान उपयोग और उपभोग्य सामग्रियों के कम उपयोग के माध्यम से भी इसने बचत हासिल की। ​​कंपनी के अनुसार, जेडईडी प्रमाणन ने उत्पादकता, उत्पाद की गुणवत्ता और परिचालन दक्षता को बढ़ाया है जो यह दर्शाता है कि शून्य दोष, शून्य प्रभाव की प्रथाएं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए सतत और प्रतिस्पर्धी विकास को कैसे गति प्रदान कर सकती हैं।

कॉन्सेप्ट क्लोथिंग प्राइवेट लिमिटेड – जेडईडी  के माध्यम से गुणवत्ता और दक्षता को सुदृढ़ करने की ओर अग्रसर

पंजाब में जालंधर स्थित कॉन्सेप्ट क्लोथिंग प्राइवेट लिमिटेड ने 14 जून 2025 को जेडईडी सिल्वर प्रमाणन प्राप्त किया, जो गुणवत्ता, स्थिरता और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। जेडईडी प्रक्रियाओं को अपनाने के बाद, कंपनी ने कार्यस्थल दुर्घटनाओं में 80 प्रतिशत की कमी, मरम्मत के औसत समय (एमटीटीआर) में 50 प्रतिशत की कमी, पुनर्कार्य में 7.4 प्रतिशत की कमी और अस्वीकृति में 4 प्रतिशत की कमी दर्ज की है इसके साथ ही, गुणवत्ता, पर्यावरण और कार्यस्थल सुधार पहलों के माध्यम से महत्वपूर्ण बचत भी हुई है। कंपनी के अनुसार, जेडईडी प्रमाणन ने परिचालन अनुशासन को मजबूत किया है, प्रक्रिया दक्षता में सुधार किया है और समग्र प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाया है, जो लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए शून्य दोष, शून्य प्रभाव के महत्व को दर्शाता है।

जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट (जेडईडी) प्रमाणन के माध्यम से लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाना

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, एमएसएमई दीर्घकालिक - जेडईडी प्रमाणन योजना के माध्यम से गुणवत्ता-आधारित और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विनिर्माण को बढ़ावा दे रहा है। यह पहल सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम को उत्पादन प्रक्रियाओं में सुधार करने, बेहतर गुणवत्ता मानकों को अपनाने और अपने पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में सहायता करती है, जिससे घरेलू और वैश्विक बाजारों में उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत होती है।

इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ विनिर्माण में महिला उद्यमियों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। महिला नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए लागत संबंधी बाधाओं को कम करने के लिए, सरकार ने महिला स्वामित्व वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के ​​लिए जेडईडी प्रमाणन की लागत पर 100 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की है। यह प्रावधान 11 नवंबर 2023 से प्रभावी हो गया है और पात्र महिला स्वामित्व वाले एमएसएमई के ​​लिए प्रमाणन की लागत को लगभग शून्य कर देता है।

यह सहायता महिला उद्यमियों को गुणवत्ता, उत्पादकता, सुरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता के मान्यता प्राप्त मानकों के आधार पर अपनी विनिर्माण प्रणालियों का मूल्यांकन और सुदृढ़ीकरण करने में सक्षम बनाती है। संरचित मूल्यांकन और प्रमाणन तक पहुंच को सुगम बनाकर, यह पहल महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत प्रक्रियाएं विकसित करने, बाजार में विश्वसनीयता बढ़ाने और व्यापक व्यावसायिक अवसरों के लिए तैयार होने में मदद कर सकती है।

पृष्ठभूमि

जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट (जेडईडी) पहल लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव डालते हुए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्माण के लिए प्रोत्साहित करती है। यह उद्यमों को गुणवत्ता, उत्पादकता और स्थिरता बढ़ाने के लिए अपनी प्रौद्योगिकी, प्रणालियों और विनिर्माण प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार करने में सहायता करती है। एक प्रमाणन कार्यक्रम से कहीं अधिक, जेडईडी एमएसएमई को मूल्यांकन, सुधार, प्रोत्साहन और प्रौद्योगिकी उन्नयन के लिए एक संरचित मार्ग प्रदान करता है। प्रमाणन ढांचे में ब्रॉन्ज, सिल्वर और गोल्ड स्तर शामिल हैं, जो उद्यमों को गुणवत्ता और स्थिरता के उच्च मानकों को क्रमिक रूप से प्राप्त करने में सक्षम बनाते हैं। पात्र एमएसएमई परीक्षण/प्रणाली/उत्पाद प्रमाणन की लागत का 75 प्रतिशत तक (अधिकतम 50,000 रूपये), मार्गदर्शन और परामर्श सहायता के लिए 2 लाख रूपये तक और जीरो इफेक्ट समाधान, प्रदूषण नियंत्रण उपायों और स्वच्छ प्रौद्योगिकियों को अपनाने के लिए 3 लाख रूपये तक की वित्तीय सहायता का लाभ उठा सकते हैं।

पहुंच और प्रभाव का विस्तार

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम दीर्घकालिक (जेडईडी) प्रमाणन योजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के ​​बीच गुणवत्ता, स्थिरता और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 7 जुलाई 2026 तक, इस योजना के तहत लगभग 9.49 लाख एमएसएमई पंजीकृत हो चुके थे, जिनमें से 6.67 लाख को ब्रॉन्ज़, 6,700 को सिल्वर और 4,800 को गोल्ड प्रमाणन प्रदान किए गए थे। इस पहल के तहत उद्यमों को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ विनिर्माण पद्धतियों को अपनाने में सहायता के लिए 913 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है।

जेडईडी का प्रभाव प्रमाणन से कहीं अधिक व्यापक है। 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने जेडईडी को अपनी औद्योगिक नीतियों में शामिल कर लिया है और प्रमाणित एमएसएमई को अतिरिक्त प्रोत्साहन दे रहे हैं। इसके अलावा, 19 वित्तीय संस्थान प्रसंस्करण शुल्क और ब्याज दरों में छूट जैसे लाभ प्रदान कर रहे हैं, जिससे जेडईडी प्रमाणित उद्यमों के लिए वित्त प्राप्त करना आसान हो गया है। इस योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता महिला स्वामित्व वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के ​​लिए जेडईडी प्रमाणन पर 100 प्रतिशत सब्सिडी है, जो लागत संबंधी बाधा को दूर करती है और महिला उद्यमियों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करती है। जेडईडी गुणवत्तापूर्ण विनिर्माण, संसाधन दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम को अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने, बाजार में विश्वसनीयता बढ़ाने और घरेलू तथा वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में अधिक प्रभावी ढंग से एकीकृत होने में मदद कर रहा है।

अधिक जानकारी के लिए, कृपया वेबसाइट https://zed.msme.gov.in/ पर जाएं।

***

पीके/केसी/एके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2294183) आगंतुक पटल : 153
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Tamil , Telugu