सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएचएआई प्रमुख पुलों के डिजाइनों की स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से जांच के लिए आईआईटी और प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों को सूचीबद्ध करेगा


लगभग 12 आईआईटी और अन्य प्रमुख संस्थानों ने एनएचएआई के साथ सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की है

प्रविष्टि तिथि: 30 JUN 2026 4:46PM by PIB Delhi

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की सुरक्षा, गुणवत्ता और दीर्घकालिक स्थायित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी नई परियोजनाओं में प्रमुख पुल संरचनाओं के हाइड्रोलिक अध्ययन और डिजाइन की स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से जांच के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और अन्य प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों को सूचीबद्ध करने की पहल की है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण से पहले 100 वर्ष या उससे अधिक के सेवा जीवन के लिए डिजाइन किए गए प्रमुख पुलों की कठोर तरीके से स्वतंत्र तकनीकी समीक्षा की जाए। आईआईटी दिल्ली, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी रुड़की, आईआईटी खड़गपुर सहित लगभग 12 आईआईटी और कई अन्य प्रमुख संस्थानों ने इस सिलसिले में एनएचएआई के साथ सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की है।

इस पहल से एनएचएआई को महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं के डिजाइन की समीक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी संस्थागत ढांचा तैयार करने में मदद मिलेगी। यह ढांचा पुलों की उच्च गुणवत्ता की आश्वस्ति से संबंधित प्रक्रियाओं को मजबूत करने और पुल परियोजनाओं के बेहतर डिजाइन और निष्पादन को बढ़ावा देने में सहायक होगा। इस पहल में संरचनात्मक डिजाइन संबंधी गणनाओं, इंजीनियरिंग रेखाचित्रों, निर्माण पद्धतियों, भू-तकनीकी जांचों और हाइड्रोलिक अध्ययनों की समीक्षा शामिल होगी।

यह ढांचा पुलों के निर्माण के विभिन्न तरीकों के अंतर्गत कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं पर समान रूप से लागू होगा जिससे विभिन्न परियोजना वितरण प्रारूपों में गुणवत्ता की आश्वस्ति के लिए अनुकूल तंत्र का निर्माण होगा।

इस पहल से पुलों की संरचनात्मक सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, डिज़ाइन की विश्वसनीयता में सुधार होगा और दीर्घकालिक परिचालन संबंधी जोखिम कम होंगे। यह पहल भविष्य के लिए तैयार उच्च गुणवत्ता वाले राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विकास को समर्थन देने के लिए सर्वोत्तम इंजीनियरिंग पद्धतियों और संस्थागत तंत्रों को अपनाने के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के व्यापक उद्देश्य के अनुरूप है।

***

पीके/केसी/केके/एचबी 


(रिलीज़ आईडी: 2279459) आगंतुक पटल : 118
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil , Telugu , Malayalam