कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने 'कौशल महोत्सव–वारंगल 2026' की घोषणा की; तेलंगाना के युवाओं के लिए रोजगार के 5,000 से अधिक अवसर उपलब्ध होंगे

प्रविष्टि तिथि: 25 JUN 2026 7:32PM by PIB Delhi

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने आज 'कौशल महोत्सव–वारंगल 2026' की घोषणा की, जो 27 जून 2026 को काकतिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (केआईटीएस), वारंगल, तेलंगाना में आयोजित किया जाएगा।

इसकी घोषणा केआईटीएस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई, जिसे कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के निदेशक श्री वी. एस. अरविंद ने संबोधित किया। इस अवसर पर रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग में क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी श्री थौटम रामू तथा केआईटीएस रजिस्ट्रार श्री कोमल रेड्डी भी उपस्थित रहे।

आगामी कौशल महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों की 50 से अधिक प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी और तेलंगाना के युवाओं के लिए 5,000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य कुशल युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जोड़ना, मौके पर ही साक्षात्कार (ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू) आयोजित करना तथा रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों के माध्यम से स्थायी आजीविका के मार्ग को मजबूत बनाना है।

यह महोत्सव विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं और कौशल स्तर वाले उम्मीदवारों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्कूल पास-आउट, आईटीआई ग्रेजुएट, डिप्लोमा धारक, स्नातक तथा बेहतर करियर अवसरों की तलाश कर रहे कुशल युवा भाग ले सकेंगे। इस महोत्सव में भाग लेने वाले नियोक्ता विनिर्माण, रिटेल, लॉजिस्टिक्स, ऑटोमोबाइल, वस्त्र (टेक्सटाइल), आईटी एवं आईटीईएस, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन एवं आतिथ्य, दूरसंचार तथा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (बीएफएसआई) जैसे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह देश में बदलते रोजगार परिदृश्य और कुशल प्रतिभाओं की बढ़ती मांग को भी दर्शाता है।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के निदेशक श्री वी. एस. अरविंद ने कहा, "कौशल महोत्सव इस प्रतिबद्धता का प्रतीक है कि प्रत्येक कुशल युवा को सार्थक अवसर उपलब्ध हों। नियोक्ताओं और रोजगार की आकांक्षा रखने वाले युवाओं को एक ही मंच पर लाकर हम कौशल विकास से रोजगार तक की यात्रा को और अधिक मजबूत बना रहे हैं तथा तेलंगाना के युवाओं की आकांक्षाओं को साकार करने में सहयोग दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि कौशल महोत्सव उद्योग, प्रशिक्षण संस्थानों और नौकरी के इच्छुक युवाओं को एक ही छत के नीचे लाकर कौशल विकास को वास्तविक रोजगार परिणामों में बदलने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

इस महोत्सव में वारंगल तथा आसपास के जिलों से हजारों युवा अभ्यर्थियों के भाग लेने की उम्मीद है। यह आयोजन एक जीवंत मंच प्रदान करेगा, जहां स्थानीय प्रतिभाएं सीधे भर्ती करने वाली कंपनियों से संवाद कर सकेंगी और अपने कौशल एवं आकांक्षाओं के अनुरूप रोजगार के अवसरों का पता लगा सकेंगी।

भर्ती के अवसरों के अलावा, कौशल महोत्सव–वारंगल 2026 में उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों, सरकार की कौशल विकास पहलों, करियर के विभिन्न मार्गों, भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार भूमिकाओं तथा उद्योग की बदलती मांग के अनुरूप कौशल उन्नयन और पुनः कौशल विकास के अवसरों की भी जानकारी प्रदान की जाएगी।

प्रॉम्प्ट पर्सनेल प्राइवेट लिमिटेड, पैराडाइमआईटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सीताराम स्पिनर्स प्राइवेट लिमिटेड, रॉयल एनफील्ड डीलरशिप नेटवर्क, कैपस्टन सर्विसेज लिमिटेड, क्रीम स्टोन, जयाभेरी ऑटोमोटिव्स प्राइवेट लिमिटेड, ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, गैलेक्टिक सॉल्यूशन, एसएमजी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स, वरुण मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा इलेक्ट्रोलैब इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रमुख नियोक्ताओं के इस महोत्सव में भाग लेने की संभावना है। ये कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा, तेलंगाना ओवरसीज मैनपावर कंपनी लिमिटेड (टॉमकॉम) भी भर्ती भागीदार के रूप में इस आयोजन में शामिल होगी और तेलंगाना के पात्र उम्‍मीदवारों के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी।

वर्षों के दौरान कौशल महोत्सव कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) का एक प्रमुख मंच बनकर उभरा है, जो कुशल युवाओं को नियोक्ताओं से जोड़ने के साथ-साथ प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप और रोजगार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है। यह केवल एक रोजगार मेला नहीं, बल्कि प्रतिभा, उद्यमिता और अवसरों का उत्सव है, जो कुशल, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की कल्पना के अनुरूप है।

***

पीके/केसी/केपी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2278014) आगंतुक पटल : 169
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil