MIFF banner

एमआईएफएफ में स्विस वृत्तचित्र ने दोस्ती और मानवीय जुड़ाव की अटूट शक्ति का चित्रण किया

एक विचारोत्तेजक परिचर्चा में दोस्ती, मानसिक स्वास्थ्य और मानवीय जिजीविषा जैसे विषयों पर गहन विमर्श हुआ। यह चर्चा 19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) में स्विस वृत्तचित्र "आई लव यू, आई लीव यू" की प्रेस वार्ता के दौरान आयोजित की गई। इस वृत्तचित्र का निर्देशन मॉरिस फ्राइबुर्गहाउस ने किया है, जबकि इसके निर्माता लियोन श्विटर और फाबियाना साइट्ज़ हैं। ज्यूरिख फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के लिए 'गोल्डन आई' तथा 'ऑडियंस अवॉर्ड' से सम्मानित एमआईएफएफ के विशेष 'मिड-फेस्ट' प्रदर्शनी खंड में इस बहुभाषी वृत्तचित्र का अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर हुआ, जिसे दर्शकों और मीडिया प्रतिनिधियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

यह वृत्तचित्र संगीतकार डीनो की उस यात्रा को दर्शाता है, जिसमें वह अपनी पहचान और अपनापन तलाशने के लिए अपने पिता की मातृभूमि अंगोला जाता है। यात्रा के दौरान डीनो को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर संकट झेलना पड़ता है, जिससे यह फिल्म दोस्ती, मानवीय संवेदना और पुनर्वास का एक भावपूर्ण चित्रण बन जाती है।

फिल्म के शीर्षक के बारे में बात करते हुए मॉरिस ने कहा कि "आई लव यू, आई लीव यू" का अर्थ प्रेम का अंत नहीं है, बल्कि यह उस भाव को व्यक्त करता है कि परिस्थितिवश लोग अलग हो सकते हैं, लेकिन उनके बीच स्नेह, परवाह और दोस्ती का रिश्ता कायम रहता है। उन्होंने बताया कि इस वृत्तचित्र की पहल स्वयं डीनो ने की थी। वह अपनी कहानी दुनिया के सामने लाना चाहते थे, जिससे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों के प्रति लोगों में बेहतर समझ और संवेदनशीलता विकसित हो सके।

मॉरिस फ्राइबुर्गहाउस ने कहा कि डीनो के साथ उनकी वर्षों पुरानी दोस्ती ने इस वृत्तचित्र को आकार दिया। यह किसी पूर्वनिर्धारित पटकथा के बजाय वास्तविक जीवन के अनुभवों के साथ स्वाभाविक रूप से विकसित हुआ। उन्होंने बताया कि यह फिल्म कठिन भावनाओं को अभिव्यक्त करने और कला के माध्यम से उनके आपसी रिश्ते को और गहरा बनाने का एक माध्यम बनी। मानसिक स्वास्थ्य के विषय पर उन्होंने सहानुभूति और समझ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लोग अक्सर किसी व्यक्ति के निजी संघर्षों को जाने बिना ही उसके बारे में धारणा बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को दूसरों के प्रति अधिक खुले विचारों वाला, करुणाशील और संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित करती है।

निर्देशक ने सार्थक संवाद शुरू करने में सिनेमा की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह वृत्तचित्र मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों में अधिक जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ कठिन समय में दोस्ती और मानवीय जुड़ाव की शक्ति का भी एहसास कराएगा।

* * *

पीके/केसी/पीके


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #MIFF2026. Tag us @pibmumbai on X, and we'll help spread your passion! For journalists, bloggers, and vloggers wanting to connect with filmmakers for interviews/interactions, reach out to us at miff.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


रिलीज़ आईडी: 2275722   |   Visitor Counter: 42

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Gujarati , English , Urdu , Marathi , Bengali , Tamil , Telugu