MIFF banner

19वां मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित


इसकी शुरूआत "गुड लक टू यू ऑल" (एनीमेशन), "अगापितो" (लघु कथा फिल्म) और "टाइम एंड वाटर" (वृत्तचित्र) के प्रदर्शन के साथ होगी

46 देशों की 346 फिल्में प्रतियोगिता और गैर-प्रतियोगिता वर्गों में प्रदर्शित की जाएंगी; एआई सिनेमा हैकाथॉन, नए क्षेत्रीय खंड और उद्योग जगत की विस्तारित भागीदारी एमआईएफएफ 2026 के प्रमुख आकर्षण

वेव्स डॉक बाज़ार में 155 प्रविष्टियों का प्रदर्शन होगा, साथ ही एमआईएफएफ में मजबूत बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) उद्योग सहभागिता देखने को मिलेगी

एनएफडीसी ने 19वें एमआईएफएफ  में मराठी फिल्मों के विशेष चयनित खंड के प्रस्तुतीकरण के लिए फिल्म सिटी के साथ साझेदारी की

19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) के लिए उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। मुंबई ने एक सप्ताह तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के लिए दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कथाकारों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और सिनेमा प्रेमियों का स्वागत करने की तैयारी कर ली है। वृत्तचित्र, लघु कथा और एनीमेशन फिल्मों को समर्पित 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित यह बहुप्रतीक्षित द्विवार्षिक गैर-फीचर फिल्म महोत्सव रचनात्मकता, संस्कृति, नवाचार और वैश्विक सिनेमाई उत्कृष्टता का जीवंत संगम प्रस्तुत करेगा।

आज आयोजित एक प्रेस वार्ता में नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदूम ने बताया कि एमआईएफएफ 2026 को दुनिया भर से 1,459 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जो इसकी लोकप्रियता और वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाती हैं। प्रतियोगिता वर्ग में कुल 144 फिल्में शामिल हैं, जिनमें 52 अंतरराष्ट्रीय और 92 राष्ट्रीय प्रविष्टियां हैं। ये फिल्में 13 देशों के फिल्म निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। गैर-प्रतियोगिता वर्ग में कुल 202 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें 106 अंतरराष्ट्रीय और 96 राष्ट्रीय फिल्में शामिल हैं। 46 देशों की भागीदारी के साथ यह खंड कुल 83 घंटे से अधिक की स्क्रीनिंग प्रस्तुत करेगा। इस खंड को 24 विशेष रूप से चयनित श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा, जिनमें मौजेक, बेस्ट ऑफ फेस्ट, बुसान नैक्स्ट वेव, ऑस्कर विनर्स, रायमुंड क्रूमे रेट्रोस्पेक्टिव, एनएफडीसी शोकेस, इथोज फ्रॉम नॉर्थ ईस्ट और मराठी फिल्मों जैसी श्रेणियां शामिल हैं। ये खंड एक ही मंच पर प्रतिष्ठित फिल्मों, उभरती प्रतिभाओं और क्षेत्रीय कहानियों को प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में विश्वविख्यात वृत्तचित्र फिल्म निर्माता डेविड एटनबरो को उनके जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य मेंसेंटीनरी ट्रिब्यूटके अंतर्गत उनकी दो फिल्मों के विशेष प्रदर्शन के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एवं सांस्कृतिक विकास निगम की प्रबंध निदेशक स्वाति म्हसे पाटिल ने कहा, "एमआईएफएफ एशिया में गैर-फीचर सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में से एक के रूप में विकसित हुआ है, जो दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, निर्माताओं, प्रसारकों, छात्रों, समीक्षकों और दर्शकों को एक साथ लाता है।" मराठी फिल्म खंड पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल मराठी कहानियों, संस्कृति, विरासत और सिनेमाई उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र न केवल भारत के प्रमुख फिल्मांकन गंतव्य के रूप में उभरने की दिशा में अग्रसर है, बल्कि सार्थक और प्रभावशाली कहानी कहने के वैश्विक केन्द्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

वृत्तचित्र, लघु कथा और एनीमेशन फिल्मों के लिए प्रसिद्ध यह महोत्सव तीनों विधाओं की फिल्मों के प्रदर्शन के साथ उद्घाटित होगा। उद्घाटन फिल्मों में शामिल हैं: कनाडा के निर्देशक कॉर्डेल बार्कर द्वारा निर्देशित एनीमेशन फिल्म- गुड लक टू यू ऑल; फिलीपींस के निर्देशकों आर्विन बेलारमिनो और काइला डैनेल रोमेरो द्वारा निर्देशित लघु कथा फिल्म – अगापितो; अमेरिका और आइसलैंड की निर्देशक सारा डोसा द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र फिल्म – टाइम एंड वॉटर

18 जून को आयोजित होने वाले मिड-फेस्ट कार्यक्रम में निम्नलिखित फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी: चेक गणराज्य और स्लोवाकिया की निर्देशक आंद्रेआ सेलेसोवा द्वारा निर्देशित एनीमेशन फिल्म -ऐनी, मीनी, माइनी, मो! अमेरिका के निर्देशक अल्ताय उलान यांग द्वारा निर्देशित लघु कथा फिल्म – हायना; स्विट्जरलैंड के निर्देशक मोरिस फ्राइबुर्घाउस द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र फिल्मआई लव यू, आई लीव यू। ये तीनों फिल्में अपनी विशिष्ट कहानी कहने की शैली और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण के माध्यम से दर्शकों को विविध सिनेमाई अनुभव प्रदान करेंगी।

महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणियों के अंतर्गत कुल 18 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए 45 लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, साथ ही विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण प्रतिष्ठित वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड का प्रदान किया जाना होगा। यह सम्मान भारतीय सिनेमा के महान फिल्मकार वी. शांताराम की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर विशेष महत्व रखता है।

19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रसिद्ध फिल्म विशेषज्ञों द्वारा संचालित 10 मास्टरक्लास भी आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों में फिल्म निर्माण, कहानी लेखन, अभिनय, पटकथा लेखन और छायांकन (सिनेमैटोग्राफी) जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, भारतीय वृत्‍तचित्र निर्माता एसोसिएशन (आईडीपीए) फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ पांच ओपन फोरम चर्चाओं का आयोजन करेगा, जिनमें उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

एनएफडीसी परिसर के अलावा फिल्म प्रदर्शनों का आयोजन रवींद्र नाट्य मंदिर में भी किया जाएगा। साथ ही दो शैक्षणिक संस्थानों— एसवीकेएम का उषा प्रवीण गांधी कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स तथा सेंट पॉल्स इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेशन एजुकेशनमें भी स्क्रीनिंग की जाएगी।

इस वर्ष के संस्करण में दो नए विशेष खंड भी जोड़े गए हैं—मराठी फिल्म्स” औरइकोज़ फ्रॉम नॉर्थ ईस्ट”। इनका उद्देश्य क्षेत्रीय सिनेमा की विशिष्ट आवाज़ों को मंच प्रदान करना तथा भारत की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाना है।

वेव्स डॉक बाज़ार खंड में उद्योग-केन्द्रित चयन प्रस्तुत किया जाएगा, जो वृत्तचित्र प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बाजार से जुड़ाव बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में इसकी भूमिका को दर्शाता है। इस वर्ष इस खंड में कुल 155 प्रविष्टियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, वर्क इन प्रोग्रेस लैब के अंतर्गत 5 परियोजनाएं और फिल्म बाज़ार रिकमेंड्स श्रेणी के तहत 12 फिल्में शामिल की जाएंगी। साथ ही, व्यूइंग रूम में सभी 155 फिल्मों को उद्योग जगत के पेशेवरों की पहुंच, मूल्यांकन और संभावित सहयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे फिल्म निर्माताओं, वितरकों, प्रसारकों और निवेशकों को नए अवसरों की खोज करने का मंच मिलेगा। यह खंड मजबूत बिजनेस-टू-बिजनेस नेटवर्किंग अवसरों को भी बढ़ावा देगा। इसके अंतर्गत प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रसारण संस्थान जैसे नेटफ्लिक्स, जी, एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया, स्टेज ओटीटी और वेव्स ओटीटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। यह पहल वृत्तचित्र फिल्मों की खोज, सहयोग, विपणन और वितरण के लिए एक महत्वपूर्ण बाज़ार के रूप में इस मंच की भूमिका को और मजबूत करेगी।  

एमआईएफएफ पहली बार "मुंबई थ्रू अ थाउज़ेंड आइज़" नाम से एक एआई सिनेमा हैकाथॉन आयोजित करेगा। यह 48 घंटे का ग्लोबल फ़िल्म-मेकिंग चैलेंज होगा जिसमें एआई-आधारित कहानी कहने की कला को परखा जाएगा। महोत्सव में जाने-माने फ़िल्म-निर्माता और उद्योग के विशेषज्ञों के साथ 10 मास्टरक्लास और कई पैनल चर्चाएँ भी होंगी।

एमआईएफएफ 2026 के लिए छात्रों का पंजीकरण मुफ़्त रखा गया है।

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) द्वारा संचालित एक समर्पित मीडिया माइक्रोसाइट https:// https://www.pib.gov.in/MIFF/2026 पर एमआईएफएफ के लिए एक व्यापक डिजिटल रिपॉज़िटरी का काम करेगा, जिसमें महोत्सव से संबंधित आधिकारिक समाचार, फोटोग्राफ और मल्टीमीडिया सामग्री का एक व्यापक डिजिटल संग्रह (डिजिटल रिपॉजिटरी) प्रदान किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दी गई प्रस्तुति को यहाँ देखा जा सकता है।

***

पीके/केसी/केपी /डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #MIFF2026. Tag us @pibmumbai on X, and we'll help spread your passion! For journalists, bloggers, and vloggers wanting to connect with filmmakers for interviews/interactions, reach out to us at miff.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


रिलीज़ आईडी: 2272381   |   Visitor Counter: 137

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Marathi , English , Gujarati , Malayalam , Urdu , Telugu