प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा
प्रविष्टि तिथि:
09 JUN 2026 7:35PM by PIB Delhi
फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम श्री इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 13 से 14 जून 2026(नीस) तथा 16 से 19 जून 2026(एवियन और पेरिस) तक फ्रांस की, एवं 14 से 16 जून 2026 तक स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 14 जून को नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिसे इस वर्ष की शुरूआत में ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया था। नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे, जिसमें भारत, फ्रांस तथा अन्य देशों के अग्रणी नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक मंच पर आएंगे। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान आयोजित यह प्रमुख कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद सशक्त नवाचार साझेदारी को और अधिक मजबूत करता है।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 14 से 16 जून 2026 तक स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगे। यह वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा अप्रैल 2025 में माननीय राष्ट्रपति जी की स्लोवाकिया राजकीय यात्रा तथा फरवरी 2026 में एआई इम्पैक्ट समिट के लिए स्लोवाक राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री फिको के साथ वार्ता करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी भेंट करेंगे। यह यात्रा व्यापार, निवेश तथा ऑटोमोबाइल और रेलवे विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराएगी।
अपनी यात्रा के तीसरे चरण में, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 16-17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान, वे जी-7 देशों के नेताओं तथा आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। वे ‘नई साझेदारियों का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण’, ‘सभी के लिए संतुलित, साझा और सतत आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करना’ तथा ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) के सुरक्षित, तीव्र और प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना’ विषयों पर आयोजित सत्रों में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन के अलावा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
और, इस यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 18 जून 2026 को आगे की द्विपक्षीय वार्ताओं के लिए पेरिस जाएंगे तथा यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजन, वीवा टेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पेरिस में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की भी संभावना है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यूरोप यात्रा फ्रांस, स्लोवाकिया और जी-7 के साथ भारत की साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति वैश्विक दक्षिण(ग्लोबल साउथ) की एक प्रमुख आवाज़ तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान में एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। ‘भारत इनोवेट्स’ और वीवा टेक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भागीदारी नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और उद्यमिता के वैश्विक केंद्र के रूप में भारत की पहचान को और मजबूत करेगी तथा भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम के बीच नई साझेदारियों को गति मिलने की अपेक्षा है। यह यात्रा यूरोपीय संघ के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की उसकी प्रतिबद्धता को भी फिर से दोहराएगी।
***
पीके/केसी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2271973)
आगंतुक पटल : 39