सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण राष्ट्रीय राजमार्गों के बेहतर रखरखाव के लिए मशीनीकृत नाली सफाई, स्वचालित गड्ढा मरम्मत प्रणाली और उन्नत सड़क सफाई प्रौद्योगिकी अपनाएगा

प्रविष्टि तिथि: 09 JUN 2026 5:45PM by PIB Delhi

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के बेहतर रखरखाव के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित पहल करते हुए यंत्रीकृत और स्वचालित प्रणाली की ओर रुख किया है। राजमार्ग प्राधिकरण ने इसके तहत, शहरी और निर्मित क्षेत्रों में मशीन से जल निकासी व्यवस्था (नाली सफाई) तथा स्वचालित रुप से गड्ढे भरने, संघनन (दबाकर सघन और मजबूत बनाने) और गड्ढे की सफाई, डामर भराव और समतलीकरण का काम स्वचालित तरीके से करने वाले पैचिंग मशीनों तथा यंत्रीकृत सड़क सफाई मशीनों की तैनाती के व्यापक दिशानिर्देश जारी किए हैं।

इनका उद्देश्य आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाकर, निवारक रखरखाव पद्धति और संविदात्मक दायित्वों का कड़ाई से अनुपालन कराकर राष्ट्रीय राजमार्गों के बेहतर रखरखाव और गुणवत्ता में सुधार लाना है। इन उपायों से गुणवत्ता सुधरने के साथ ही ढांचा टिकाऊ बनेगा और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा बेहतर होगी।

जल निकासी प्रबंधन में सुधार के लिए मशीनीकृत नाली सफाई

आगामी मानसून के दृष्टिगत तथा सामान्य कुशल जल निकासी व्यवस्था तथा गुणवत्ता और प्रभावशीलता में सुधार के लिए, राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के शहरी और निर्मित क्षेत्रों की लाइन वाली नालियों की मशीनीकृत सफाई की जाएगी। इसके लिए उन्नत उपकरणों में हाई-फ्लो सुपर सक्शन और जेटिंग यूनिट, हाइड्रोलिक ग्रैब मशीन और जल निकासी पंप सेट शामिल हैं। इनका उपयोग जल निकासी, जमा गाद को ढीला करने, पतले कीचड़ को सोखने और जल निकासी माध्यमों से भारी मलबे हटाने के लिए एकीकृत रूप से किया जाएगा। शहरी राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के लिए भविष्य के रखरखाव अनुबंधों में मशीनीकृत सफाई अनिवार्य प्रावधान के रूप में शामिल किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने आधारभूत संरचना निर्माणकर्ता कंपनियों और ठेकेदारों को नालियों की सफाई और मरम्मत में निर्धारित रखरखाव कार्यक्रमों और निरीक्षण अनुसूचियों के सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। राजमार्ग प्राधिकरण जल निकासी व्यवस्था में गड़बड़ी की निर्धारित समयसीमा में सुधार की निगरानी रखेगा जिससे सुनिश्चित हो कि राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता प्रभावित हुए बिना, शीघ्रता से खामियों का समाधान किया जाए।

राजमार्गों का जल्द और बेहतर रखरखाव हेतु उन्नत प्रौद्योगिकियां

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक अन्य महत्वपूर्ण पहल में स्वचालित गड्ढे भरने, संघनन और पैचिंग मशीनों तथा मशीनीकृत सड़क सफाई मशीन तैनात करने के दिशानिर्देश जारी किए हैं। इन मशीनों को प्रदर्शन-आधारित रखरखाव अनुबंधों के तहत उपयोग उपकरणों की सूची में रखा जाएगा। यह रखरखाव अनुबंधों में उन्नत प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल संबंधी लागत आकलन और अनुमोदन संरचना प्रदान करता है जिसका उद्देश्य संपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में इनके उपयोग में तेजी लाना है।

स्वचालित गड्ढे भरने, समतलीकरण और पैचिंग मशीनें तैनात करने से सड़कों की मरम्मत में तेजी आएगी, रखरखाव का काम जल्द आरंभ किया जा सकेगा और राष्ट्रीय राजमार्गों के उपयोगकर्ताओं की असुविधा में कमी आएगी। गड्ढों और सड़क खामियां समय पर मरम्मत होने से यात्रा गुणवत्ता सुधरेगी और राष्ट्रीय राजमार्गों की संरचनात्मक गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

इसी प्रकार, मशीनीकृत सड़क सफाई मशीनें धूल, गाद और अन्य गंदगी साफ कर गलियारों और पक्की सड़कों के किनारों की व्यवस्थित सफाई संभव बनाएंगी। ये मशीनें राष्ट्रीय राजमार्गों को स्वच्छ रखने, दृश्यता में सुधार लाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और धूल जनित प्रदूषण कम करने में सहायक होंगी। इन मशीनों को वाराणसी-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग, हंडिया-राजातालाब राष्ट्रीय राजमार्ग और हरियाणा, पंजाब और गुजरात में विभिन्न परियोजनाओं में तैनात किया गया है।

मशीनों से नालियों की सफाई, स्वचालित रूप से गड्ढे भरने और उन्नत सड़क सफाई प्रौद्योगिकी अपनाने से परिचालन दक्षता में सुधार तथा निवारक रखरखाव व्यवस्था सुदृढ़ होगी और इससे देश भर में राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल करने वाले लोगों का समग्र अनुभव सुखद बनेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001CU5M.jpghttps://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0027UHA.jpeg

***

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2270877) आगंतुक पटल : 182
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Telugu