रक्षा मंत्रालय
जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सैन्य कार्य विभाग के सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया
प्रविष्टि तिथि:
31 MAY 2026 9:51PM by PIB Delhi
जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम ने 31 मई, 2026 को भारत के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) तथा सैन्य कार्य विभाग (डीएमए) के सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने पूर्ववर्तियों के दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनके महत्वपूर्ण योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनकी उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। देशवासियों द्वारा सशस्त्र बलों पर जताए गए अटूट विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जनरल सुब्रमणि ने कहा कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए ‘संपूर्ण राष्ट्र दृष्टिकोण’ के तहत सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने रक्षा बलों के बीच संयुक्तता, एकीकरण और बेहतर तालमेल को बढ़ावा देने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने के लिए स्वदेशी रक्षा प्रणालियों और हथियारों के त्वरित विकास, अधिग्रहण, समावेशन तथा प्रभावी एकीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने सशस्त्र बलों की क्षमता निर्माण और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को गति देने के लिए विचार एवं कार्य दोनों स्तरों पर नवाचार को बढ़ावा देने तथा सभी हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय व सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने रक्षा बलों के कर्मियों की उच्च कार्य कुशलता, समर्पण और परिचालन तत्परता की सराहना करते हुए उनके निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। सीडीएस ने सभी रैंकों से बदलाव को अपनाने, सैन्य मूल्यों को बनाए रखने और सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया।

जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात साउथ ब्लॉक लॉन में उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से भव्य त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

जनरल सुब्रमणि को चार दशकों से अधिक की उत्कृष्ट और गौरवपूर्ण सैन्य सेवा के लिए व्यापक सम्मान प्राप्त हुआ है। दिसंबर 1985 में उन्हें गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था। अपने विशिष्ट सैन्य करियर के दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण कमान एवं स्टाफ नियुक्तियों का दायित्व संभाला, जिनमें द्वितीय कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ तथा सेना के उप प्रमुख जैसे अहम पद शामिल हैं। सीडीएस का दायित्व संभालने से पूर्व उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2267405)
आगंतुक पटल : 119