सहकारिता मंत्रालय
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह गांधीनगर में मधुर डेयरी यूनिट-2 का उद्घाटन करेंगे
सहकारी डेयरी अवसंरचना को बड़ा बढ़ावा : पूर्णतः स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग संयंत्र मूल्य संवर्धन और किसानों की समृद्धि को सशक्त करेगा
“सहकार से समृद्धि” के विज़न के अंतर्गत गुजरात में आधुनिक डेयरी पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार को बल मिलेगा
जमीनी स्तर पर सहकारी सशक्तिकरण को प्रदर्शित करते हुए उद्घाटन समारोह में महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया जायेगा
उन्नत प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण सुविधाएँ भारत की सहकारी डेयरी मूल्य श्रृंखला को मजबूत करेंगी
प्रविष्टि तिथि:
16 MAY 2026 5:37PM by PIB Delhi
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सहकार से समृद्धि” के मंत्र के माध्यम से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के विज़न तथा माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय आधुनिक अवसंरचना, प्रौद्योगिकी-सक्षम प्रणालियों और किसान-केंद्रित पहलों के माध्यम से देशभर में सहकारी पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी 17 मई, 2026 को गुजरात के गांधीनगर स्थित दशेला में मधुर डेयरी यूनिट-2 स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल, गुजरात के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
नई डेयरी यूनिट के उद्घाटन से क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की अपेक्षा है। साथ ही इससे सहकारी डेयरी नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा सहकारी क्षेत्र से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा। यह पहल उन्नत प्रौद्योगिकी, गुणवत्ता आश्वासन प्रणालियों तथा कुशल प्रसंस्करण अवसंरचना के माध्यम से डेयरी सहकारी पारिस्थितिकी तंत्र के आधुनिकीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मधुर डेयरी यूनिट-2 की शिलापट्टिका का अनावरण करेंगे तथा दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र एवं व्यूइंग गैलरी का अवलोकन करेंगे। माननीय मंत्री नियंत्रण कक्ष से परिचालन प्रणालियों का शुभारंभ कर संयंत्र का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डेयरी सहकारी संस्थाओं से जुड़ी महिला दुग्ध उत्पादक माननीय मंत्री का मधुर डेयरी उत्पाद किट भेंट कर सम्मान करेंगी। यह भारत के सहकारी डेयरी आंदोलन को सशक्त बनाने में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करेगा।
कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा दुग्ध उत्पादक मंडलियों के प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे। यह जमीनी स्तर की डेयरी सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा संस्थागत सहयोग एवं आधुनिक अवसंरचना के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को सक्षम बनाने की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों को पुनः रेखांकित करेगा।
मधुर डेयरी यूनिट-2 का उद्घाटन सहकारिता आधारित ग्रामीण विकास को और गति देने, डेयरी किसानों के लिए बेहतर आजीविका अवसर सृजित करने तथा आधुनिक एवं सतत सहकारी मॉडलों के माध्यम से भारत की डेयरी मूल्य श्रृंखला को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
****
एके
(रिलीज़ आईडी: 2261764)
आगंतुक पटल : 83