सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) मासिक बुलेटिन, अप्रैल 2026


शहरी डब्ल्यूपीआर स्थिर बना रहा

शहरी महिला बेरोजगारी दर एक वर्ष के निचले स्तर पर पहुंची

प्रविष्टि तिथि: 15 MAY 2026 4:00PM by PIB Delhi

मुख्य झलकियां

  • कुल श्रम बल भागीदारी दर 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के लिए अप्रैल, 2026 में 55.0 प्रतिशत रही, जबकि मार्च 2026 में यह 55.4 प्रतिशत  और अप्रैल 2025 में 55.6 प्रतिशत  थी।
  • महिला एलएफपीआर अप्रैल, 2026 में (15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के लिए) 33.9 प्रतिशत अनुमानित की गई, जो मार्च 2026 में यह 34.4 प्रतिशत  थी। अप्रैल 2025 में यह आंकडा 34.2 प्रतिशत था।
  • कुल श्रमिक जनसंख्या अनुपात (15+ वर्ष) अप्रैल 2026 में 52.2 प्रतिशत  रहा, जबकि मार्च 2026 में यह 52.6 प्रतिशत था।
  • शहरी श्रमिक जनसंख्या अनुपात (15+ वर्ष) पिछले महीने की तुलना में अप्रैल 2026 में 46.8 प्रतिशत  पर अपरिवर्तित रहा।
  • शहरी बेरोजगारी दर (15+ वर्ष) मार्च, 2026 के 6.8 प्रतिशत से मामूली घटकर अप्रैल 2026 में 6.6 प्रतिशत हो गई।
  • शहरी महिला बेरोजगारी दर (15+ वर्ष) अप्रैल 2026 में घटकर 8.5 प्रतिशत  पर आ गई, जो अप्रैल 2025 के बाद से दर्ज किया गया सबसे निचला स्तर है।

 

ए. परिचय

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के अंतर्गत काम करने वाला राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा संचालित आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) जनसंख्या की आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी तथा रोजगार एवं बेरोजगारी की स्थिति से संबंधित आंकड़ों का प्रमुख स्रोत है। देश के लिए श्रम बल संकेतकों के मासिक और त्रैमासिक अनुमान उपलब्ध कराने के लिए जनवरी 2025 से पीएलएफएस सर्वेक्षण पद्धति में संशोधन किया गया है।

पीएलएफएस के मासिक परिणाम मासिक बुलेटिन के रूप में जारी किए जाते हैं। इसमें अखिल भारतीय स्तर पर श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर), श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) और बेरोजगारी दर (यूआर) जैसे प्रमुख श्रम बाजार संकेतकों का वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) पद्धति के अनुसार अनुमान प्रस्तुत किया जाता है।

अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के मासिक बुलेटिन पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अप्रैल 2026 का वर्तमान मासिक बुलेटिन इस श्रृंखला का तेरहवां बुलेटिन है।

वर्तमान साप्ताहिक स्थिति पद्धति के अनुसार 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के लिए प्रमुख निष्कर्ष:

श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) में मामूली नरमी :

अप्रैल 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) 55.0 प्रतिशत  दर्ज की गई, जबकि मार्च 2026 में यह 55.4 प्रतिशत  थी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में, एलएफपीआर क्रमशः 57.5 प्रतिशत  और 50.1 प्रतिशत  दर्ज की गई।

अप्रैल 2025 (55.6 प्रतिशत) की तुलना में कुल एलएफपीआर में 0.6 प्रतिशत अंक की गिरावट दर्ज की गई। ग्रामीण और शहरी एलएफपीआर में भी पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 0.5 और 0.6 प्रतिशत अंक की कमी दर्ज की गई।

अप्रैल 2026 में, एलएफपीआर ने साल-दर-साल आधार पर मामूली नरमी दर्ज की।

 

  • महिला श्रम बल भागीदारी में मामूली कमी :

अप्रैल 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) 33.9 प्रतिशत  रही, जबकि मार्च 2026 में यह 34.4 प्रतिशत  थी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की एलएफपीआर क्रमशः 38.2 प्रतिशत  और 25.0 प्रतिशत  दर्ज की गई।

अप्रैल 2025 की तुलना में समग्र महिला एलएफपीआर में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जो 34.2 प्रतिशत  से घटकर 33.9 प्रतिशत  हो गई, यानी इसमें 0.3 प्रतिशत अंकों की कमी आई। ग्रामीण महिला एलएफपीआर अपरिवर्तित रही, जबकि शहरी महिला एलएफपीआर में वर्ष-दर-वर्ष 0.7 प्रतिशत अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

शहरी क्षेत्रों में महिला श्रम बल भागीदारी ने व्यापक स्थिरता प्रदर्शित की।

 

शहरी डब्ल्यूपीआर स्थिर बना रहा :

शहरी क्षेत्रों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों का श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) अप्रैल 2026 में 46.8 प्रतिशत  पर अपरिवर्तित रहा, जो मार्च 2026 में दर्ज स्तर के समान था। कुल डब्ल्यूपीआर अप्रैल 2026 में 52.2 प्रतिशत  अनुमानित किया गया था, जबकि मार्च 2026 में यह 52.6 प्रतिशत  और अप्रैल 2025 में 52.8 प्रतिशत  था। ग्रामीण क्षेत्रों में डब्ल्यूपीआर अप्रैल 2026 में 54.9 प्रतिशत  रहा, जबकि मार्च 2026 में यह 55.5 प्रतिशत  और अप्रैल 2025 में 55.4 प्रतिशत  था।

अप्रैल 2026 में शहरी डब्ल्यूपीआर ने स्थिरता बनाए रखी।

 

  • कुल बेरोजगारी दर (यूआर) व्यापक रूप से स्थिर रही :

15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों में बेरोजगारी दर (यूआर) अप्रैल 2026 में 5.2 प्रतिशत  पर व्यापक रूप से स्थिर रही, जबकि मार्च 2026 और अप्रैल 2025 दोनों में यह 5.1 प्रतिशत थी। शहरी बेरोजगारी दर में मामूली गिरावट आई और यह मार्च 2026 के 6.8 प्रतिशत  से घटकर अप्रैल 2026 में 6.6 प्रतिशत  हो गई, जबकि ग्रामीण बेरोजगारी दर इसी अवधि में थोड़ी बढ़कर 4.3 प्रतिशत  से 4.6 प्रतिशत  हो गई। वार्षिक रूप से तुलना करने में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेरोजगारी दर व्यापक रूप से समान स्तर पर बनी रही।

कुल बेरोजगारी दर वर्ष भर व्यापक रूप से स्थिर रही

शहरी बेरोजगारी दर में कमी :

अप्रैल 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में बेरोजगारी दर (यूआर) 5.1 प्रतिशत  रही, जबकि मार्च 2026 में यह 5.0 प्रतिशत  और अप्रैल 2025 में 5.2 प्रतिशत  थी। ग्रामीण पुरुषों की बेरोजगारी दर मार्च 2026 में 4.4 प्रतिशत  अनुमानित की गई, जबकि अप्रैल 2026 में यह 4.7 प्रतिशत  थी। इसी अवधि में शहरी पुरुषों की बेरोजगारी दर 6.1 प्रतिशत  से घटकर 5.9 प्रतिशत  हो गई। वर्ष-दर-वर्ष आधार पर कुल पुरुष बेरोजगारी दर में 0.1 प्रतिशत अंक की कमी दर्ज की गई।

अप्रैल 2026 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं में यूआर 5.4 प्रतिशत  दर्ज की गई, जबकि मार्च 2026 में यह 5.3 प्रतिशत  और अप्रैल 2025 में 5.0 प्रतिशत  थी। ग्रामीण महिलाओं की यूआर पिछले महीने के 4.4 प्रतिशत  की तुलना में 4.1 प्रतिशत  रही। शहरी महिलाओं की यूआर 9.0 प्रतिशत  से घटकर 8.5 प्रतिशत  हो गई। अप्रैल 2025 की तुलना में कुल महिला यूआर में 0.4 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई।

शहरी महिला यूआर अप्रैल 2025 के बाद से अपने सबसे निम्न स्तर पर दर्ज की गई

 

अखिल भारतीय स्तर पर मासिक अनुमान कुल 3,74,243 व्यक्तियों के सर्वेक्षण से एकत्रित जानकारी पर आधारित हैं

ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षित व्यक्ति

2,13,027

शहरी क्षेत्रों में सर्वेक्षित व्यक्ति

1,61,216

अप्रैल 2026 का मासिक बुलेटिन मंत्रालय की वेबसाइट ( https://www.mospi.gov.in ) पर उपलब्ध है

MoSPI के प्रकाशनों/रिपोर्टों को देखने के लिए QR कोड स्कैन करें

पीडीएफ देखने के लिए यहां क्लिक करें

****

पीके/केसी/आईएम/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2261527) आगंतुक पटल : 66
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil , Kannada