शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्कूल शिक्षा और साक्षरता सचिव ने एनईपी 2020 के तहत समावेशी करियर मार्गदर्शन को मज़बूत करने के लिए विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए करियर कार्ड लॉन्च किए


विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को करियर मार्गदर्शन और कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाना समावेशी, न्यायसंगत और ज्ञान -आधारित समाज के लिए ज़रूरी है - श्री संजय कुमार

प्रविष्टि तिथि: 08 APR 2026 7:52PM by PIB Delhi

शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव श्री संजय कुमार ने 31 मार्च, 2026 को कर्तव्य भवन-2, नई दिल्ली में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए करियर कार्ड लॉन्च किए।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001LKLJ.jpg 

यह पहल देशभर के सभी शिक्षार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन करियर कार्ड्स को यूनिसेफ इंडिया, केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान - सीआईईटी और पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान – पीएसएससीआईवीई सहित एनसीईआरटी, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, तथा दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत राष्ट्रीय विकलांगता संस्थानों के तकनीकी सहयोग और व्यावहारिक जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002TK46.jpg 

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री संजय कुमार ने इस बात को रेखांकित किया कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एसई) 2023 पर आधारित है, जो विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों सहित प्रत्येक शिक्षार्थी को विविध शैक्षिक और व्यावसायिक मार्गों का अन्वेषण करने में सक्षम बनाने पर जोर देती हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के उस विजन को दोहराया कि जैसे-जैसे भारत ज्ञान-आधारित, न्यायसंगत और समावेशी समाज की ओर अग्रसर हो रहा है, सभी शिक्षार्थियों को सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाया जाना चाहिए, ताकि यह सुनिश्‍चित रहे कि विकसित भारत की यात्रा में कोई भी पीछे न रह जाए।

सचिव ने संस्थागत क्षमता निर्माण के साथ ही साथ विद्यालयी तंत्र के भीतर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रारंभिक पहचान, परीक्षण और चिन्हित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि यद्यपि विशेष शिक्षकों के लिए अतिरिक्त पद सृजित किए गए हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति के कार्य में तेजी लाना आवश्यक है और नियमित शिक्षकों के लिए भी लक्षित प्रशिक्षण की जरूरत है। इस संदर्भ में, एनसीईआरटी एससीईआरटी और डीआईईटी के सहयोग से शिक्षकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करेगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003WEMP.jpg 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कौशल विकास राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के केंद्र में है और वर्ष 2030 तक कक्षा 12 की पढ़ाई पूरी करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के पास कम से कम एक मुख्य कौशल होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पीएसएससीआईवीई खास तौर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) सहित समावेशी कौशल विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस तरह के प्रयासों के विस्तार के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने दोहराया कि जैसे-जैसे भारत 2047 की ओर बढ़ रहा है, शिक्षा जीवन को बदलने में मुख्य भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि एनआईओएस ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए कार्यरत संस्थानों के साथ संबद्धता हेतु एक दीर्घकालिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जो समावेशी शिक्षा के व्यापक प्रयासों के अनुरूप है।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव, श्रीमती प्राची पांडेय ने इस बात की जानकारी दी कि स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने यूनिसेफ इंडिया और एनसीईआरटी के सहयोग से 29 जुलाई 2024 को अखिल भारतीय शिक्षा समागम में 500 करियर कार्ड्स वाली एक करियर मार्गदर्शन पुस्तक जारी की थी। उन्होंने बताया कि आज के लॉन्च के साथ इस राष्ट्रीय मार्गदर्शन ढांचे का विस्तार खास तौर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए किया गया है, जिसमें लगभग 150 कार्ड्स को समावेशी स्वरूप में अनुकूलित किया गया है, ताकि भारत की शिक्षा परिवर्तन यात्रा में समावेशन एक प्रमुख विशेषता बना रहे।

इस अवसर पर आर्थिक सलाहकार श्रीमती ए. श्रीजा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस कार्यक्रम में विभाग की ओर से श्री धीरज साहू (अपर सचिव), श्री राहुल सिंह (अध्यक्ष, सीबीएसई), श्री दिनेश प्रसाद सकलानी (निदेशक, एनसीईआरटी), सुश्री प्राची पांडेय (संयुक्त सचिव), सुश्री अमरप्रीत दुग्गल (संयुक्त सचिव), श्री विकास गुप्ता (आयुक्त, केवीएस), श्री राजेश लखानी (आयुक्त, एनवीएस), यूनिसेफ से डॉ. साधना पांडेय तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से सुश्री रुक्मिणी बनर्जी उपस्थित रहीं।

करियर कार्ड्स को इस प्रकार सोच-समझकर तैयार किया गया है कि वे विभिन्न करियर विकल्पों से विद्यार्थियों का प्रारंभिक परिचय कराकर उनके भविष्य के बारे में सोच-विचार कर निर्णय लेने में सहायता करें। प्रत्येक कार्ड में भूमिकाओं और जिम्मेदारियों, आवश्यक योग्यताओं तथा संभावित करियर मार्गों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई है, जिससे विद्यार्थी अपनी रुचियों और आकांक्षाओं के अनुरूप अवसरों का पता लगा सके।

ये आकर्षक और उपयोगकर्ता-अनुकूल कार्ड्स शिक्षकों और परामर्शदाताओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण संसाधन का कार्य करते हैं, जिससे वे विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा की प्रभावी योजना बनाने में मार्गदर्शन दे सकें।

इससे पहले, एनसीईआरटी ने यूनिसेफ के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए 500 करियर कार्ड्स सहित एक करियर गाइड पुस्तक तैयार की थी। अब इन करियर कार्ड्स को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए सुलभ बनाने के प्रयास किए गए हैं। इसी दिशा में, एनसीईआरटी ने यूनिसेफ के सहयोग से विशेष रूप से सीडब्ल्यूएसएन के लिए 150 करियर कार्ड्स विकसित किए हैं, जिससे करियर मार्गदर्शन को सभी के लिए सुलभ और समावेशी बनाया जा सके। अब ये कार्ड्स ब्रेल प्रारूप में भी उपलब्ध हैं।

*****

पीके/केसी/आरके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2250293) आगंतुक पटल : 173
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi