सूचना और प्रसारण मंत्रालय
प्रकाशन विभाग ने चार रंगों के आकर्षक डिजाइन, अद्यतन आंकड़ों और बेहतर पठनीयता के साथ प्रतिष्ठित प्रकाशन ‘भारत 2026 – एक संदर्भ वार्षिक’ का विमोचन किया
प्रविष्टि तिथि:
12 MAR 2026 7:50PM by PIB Delhi
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग ने अपने प्रतिष्ठित संदर्भ प्रकाशन ‘भारत 2026 – एक संदर्भ वार्षिक ’ का नवीनतम संस्करण अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में जारी किया है। इस पुस्तक का विमोचन आज प्रकाशन विभाग के प्रधान महानिदेशक भूपेंद्र कैंथोला द्वारा किया गया।

‘भारत 2026 – एक संदर्भ वार्षिक’ डिजाइन और प्रस्तुति के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पहली बार पूरी पुस्तक को चार रंगों में मुद्रित किया गया है, जिसमें विभिन्न अनुभागों और अध्यायों को अलग-अलग रंग कोड के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है, जिससे इसे पढ़ना अधिक सहज तथा देखने में अधिक आकर्षक बन गया है। इस प्रकाशन में रंगीन तस्वीरें, इन्फोग्राफिक्स, अद्यतन एवं प्रामाणिक आंकड़े तथा एक आधुनिक लेआउट भी शामिल है, जो इसकी पठनीयता व संदर्भ मूल्य में बढ़ोतरी करते हैं। उल्लेखनीय है कि बेहतर डिजाइन और उन्नत उत्पादन गुणवत्ता के बावजूद पुस्तक की कीमत पिछले वर्ष के संस्करण के समान ही रखी गई है, ताकि यह अधिक से अधिक पाठकों के लिए सुलभ बनी रहे।
इस अवसर पर भूपेंद्र कैंथोला ने ‘भारत 2026’ के संपादन, निर्माण और डिजाइन से जुड़े संपूर्ण दल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सहयोगी कर्मचारियों के समर्पित योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि पुस्तक के लिए सामग्री के संकलन में व्यापक और सतत प्रयास किए गए हैं। साथ ही, एकत्रित जानकारी को परिष्कृत और सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने के लिए सावधानीपूर्वक संपादकीय कार्य किया गया है, जिससे इसमें प्रस्तुत तथ्य सटीक, सुसंगत तथा एक-दूसरे के पूरक रूप में सामने आए हैं।

भूपेंद्र कैंथोला ने कहा कि ऐसी संदर्भ पुस्तकें भारत सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को उजागर करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुस्तक का प्रत्येक संस्करण प्रकाशन जगत में नए मानदंड स्थापित करता है। भूपेंद्र कैंथोला ने प्रकाशन की व्यापक लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पुस्तक न केवल युवा पाठकों और देश के विकास को समझने में रुचि रखने वाले पाठकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय है, बल्कि भारत के बारे में प्रामाणिक जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक विदेशी पाठकों द्वारा भी व्यापक रूप से पढ़ी जाती है।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक हामिद हुसैन, मुख्य संपादक कुलश्रेष्ठ कमल, बिजनेस मैनेजर (प्रभारी) इस्मीत कौर, हिंदी संस्करण की संपादक सीमा रानी, संपादकीय और उत्पादन टीम के सदस्यों के साथ उपस्थित थे।
अपने समकालीन डिजाइन व आधिकारिक संदर्भ मूल्य के साथ, भारत 2026 - एक संदर्भ वार्षिक पत्रिका को पाठकों, विद्वानों और शोधकर्ताओं द्वारा व्यापक रूप से सराहा गया है।
*****
पीके/केसी/एनके / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2239269)
आगंतुक पटल : 65