गृह मंत्रालय
जनगणना 2027
प्रविष्टि तिथि:
11 MAR 2026 4:37PM by PIB Delhi
जनगणना 2027 दो चरणों में होगी। पहला चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के प्रश्न अधिसूचित किए जा चुके हैं। इस चरण में आवास की स्थिति, परिवार से संबंधित विवरण जैसे परिवार के मुखिया का नाम एवं लिंग, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार के पास मौजूद संपत्ति की जानकारी एकत्र की जाएगी। परिवार के मुखिया के लिंग की तीन श्रेणियां यानी पुरुष/महिला/ट्रांसजेंडर के रूप में जानकारी एकत्रित की जाएगी। दूसरे चरण यानी जनसंख्या की गणना, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, के प्रश्नों को उचित समय पर अधिसूचित किया जाएगा।
जनगणना के दौरान प्रगणक सम्पूर्ण गणना क्षेत्र में घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे ताकि किसी भी वजह से कोई भी जनगणना में शामिल होने से छूट न जाए। स्व-गणना का प्रावधान उत्तरदाताओं के लिए डेटा प्रस्तुत करने की एक अतिरिक्त सुविधा है। स्वगणना के माध्यम से प्राप्त डेटा को प्रगणक अंतिम रूप से सम्मिलित करने से पूर्व पुष्टि करेंगे। इसके अलावा, डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए स्व-गणना पोर्टल पर ही प्रश्नों से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (एफएक्यू), आवश्यक ‘टूल टिप्स’ और जांच व पुष्टि की भी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
जनगणना कार्य के लिए नियुक्त सभी फील्ड कर्मचारियों, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हैं, को पर्याप्त प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। डेटा की संगति और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल ऐप में जांच एवं पुष्टि की व्यवस्था सम्मिलित की गई हैं। इसके अलावा, प्रगणक द्वारा एकत्रित डेटा की निगरानी व जांच पर्यवेक्षकों द्वारा भी की जाएगी।
मोबाइल पर डेटा एकत्रित करते समय, आंकड़ों (डेटा) के प्रसारण के दौरान और सर्वर स्तर पर डेटा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपयुक्त उपाय किए गए हैं।
गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
***
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2238686)
आगंतुक पटल : 125