खान मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी आईआईटीएफ 2025 में खान मंत्रालय के पैवेलियन का उद्घाटन करेंगे
खान मंत्रालय आईआईटीएफ 2025 में भारत की खनिज शक्ति का प्रदर्शन करेगा
Posted On:
13 NOV 2025 1:26PM by PIB Delhi
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी 14 नवंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2025 में खान मंत्रालय के पैवेलियन का उद्घाटन करेंगे।
मंत्रालय का पैवेलियन भारत के समृद्ध खनिज संसाधनों, प्रौकद्योगिकी संबंधी प्रगति और विकसित भारत - एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण में इसके योगदान को प्रदर्शित करेगा।
1,500 वर्ग मीटर में फैला यह पैवेलियन आगंतुकों को विषयगत प्रदर्शनों, इंटरैक्टिव गतिविधियों और भारत के खनन तथा खनिज क्षेत्र की उपलब्धियों और विजन को उजागर करने वाले प्रदर्शनों के माध्यम से एक गतिशील और जानकारीपूर्ण अनुभव प्रदान करेगा।
इस पैवेलियन में सभी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (सीपीएसई) और मंत्रालय के अंतर्गत संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठन भाग लेंगे, जिनमें राष्ट्रीय एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को), हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल), भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल), जवाहरलाल नेहरू एल्युमीनियम अनुसंधान विकास और डिजाइन केंद्र (जेएनएआरडीडीसी) और राष्ट्रीय रॉक मैकेनिक्स संस्थान (एनआईआरएम) शामिल हैं।
एक विशेष विषयगत क्षेत्र राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (एनसीएमएम) पर केंद्रित होगा जो खान मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य भारत के महत्वपूर्ण खनिज इकोसिस्टम को सशक्त करना है। मंत्रालय द्वारा तैयार किए गए इस खंड में अलौह प्रौद्योगिकी विकास केंद्र (एनएफटीडीसी) को शामिल किया जाएगा, जो भारत की स्वच्छ ऊर्जा एवं औद्योगिक विकास हेत आवश्यक महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की खोज, प्रोसेसिंग और उपयोग का समर्थन करने वाली प्रमुख उपलब्धियों और पौद्योगिकी संबंधी नवाचारों का प्रदर्शन करेगा।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) जैसे निजी क्षेत्र के भागीदार भी अपने नवाचारों और योगदानों को प्रदर्शित करेंगे।
- हिंडाल्को वंदे भारत एक्सप्रेस और चंद्रयान-3 के मॉडल प्रदर्शित करेगा, जो भारत की प्रगति को आगे बढ़ाने में धातुओं की भूमिका का प्रतीक होगा।
- एचजेडएल सतत खनन और प्रौद्योगिकी संबंधी अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन करेगा।
जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में सामुदायिक विकास पहलों और खनन क्षेत्र के सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से समर्थित स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों पर प्रकाश डाला जाएगा।
आगंतुक आकर्षक वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और डिजिटल खनन अनुभवों, छात्रों और युवाओं के लिए इंटरैक्टिव क्विज़ तथा महत्वपूर्ण खनिजों, अन्वेषण प्रौद्योगिकियों और सततता-संचालित नवाचारों से जुड़े प्रदर्शनों का आनंद ले सकते हैं।
यह पैवेलियन उत्तरादायी खनन, नवाचार और समावेशी विकास के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो भारत की ’खनिज आत्मनिर्भरता’ और विकसित भारत @2047 की यात्रा में योगदान दे रहा है।
***
पीके/केसी/आईएम/ओपी
(Release ID: 2189632)
Visitor Counter : 36