रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नौसेना प्रमुख का संयुक्त राज्य अमेरिका दौरा

Posted On: 12 NOV 2025 9:00AM by PIB Delhi

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी 12 से 17 नवंबर, 2025 तक संयुक्त राज्य अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय नौसेना और संयुक्त राज्य अमेरिका की नौसेना के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी को और मजबूत करना है, जो भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है।

नौसेना प्रमुख इस यात्रा के दौरान अमेरिकी युद्ध विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। वह अन्य वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों के अलावा संयुक्त राज्य अमेरिका हिंद-प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो और संयुक्त राज्य अमेरिका प्रशांत बेड़े के कमांडर एडमिरल स्टीफन टी. कोहलर से भी मिलेंगे। यह बातचीत दोनों नौसेनाओं के बीच चल रहे समुद्री सहयोग की समीक्षा, स्तरीय-परिचालन संबंधों को बढ़ाने और सूचना साझा करने तथा समुद्री क्षेत्र जागरूकता के तंत्र को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

इस यात्रा में अमेरिकी नौसेना के प्रमुख नौसैनिक संस्थानों और परिचालन कमांडों के साथ बैठकें भी होंगी। चर्चाओं में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा समुद्री प्राथमिकताओं, मिलान जैसे बहुपक्षीय ढांचों के अंतर्गत सहयोग और संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) पहलों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

भारत और अमेरिका के बीच आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित यह एक दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी है। नौसेना प्रमुख की यह यात्रा एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण को मूर्त करने हेतु अमेरिकी नौसेना के साथ सहयोग को और बढ़ाने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

***

पीके/केसी/पीसी/एचबी


(Release ID: 2189163) Visitor Counter : 190