वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड यात्रा के दूसरे दिन रोटोरुआ में कई उच्च स्तरीय बैठक की

Posted On: 06 NOV 2025 6:14PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग मज़बूत बनाने के उद्देश्य से कई उच्च-स्तरीय बैठक की।

इससे पहले, रोटोरुआ पहुंचने के दौरान श्री गोयल ने एयर न्यूज़ीलैंड के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी श्री निखिल रविशंकर के साथ मुलाक़ात में क्षेत्रीय और वैश्विक संपर्क बढ़ाने में इस एयरलाइन की भूमिका पर चर्चा की। श्री गोयल ने भारत के तेज़ी से विस्‍तारित होते विमानन क्षेत्र का उल्‍लेख किया और हवाई सेवा एवं पर्यटन क्षेत्र में सहयोग सुदृढ़ करने में इससे उत्‍पन्‍न महत्वपूर्ण अवसरों को रेखांकित किया।

रोटोरुआ पहुंचने पर, श्री गोयल का स्वागत वहां की मेयर सुश्री तानिया टैपसेल ने किया। श्री गोयल ने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मेयर का आभार व्यक्त किया और शहर की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्‍होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने से व्यापार और पर्यटन संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।

माओरी राष्ट्रीय संस्कृति और कला केंद्र, ते पुइया में, न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री श्री टॉड मैक्ले की उपस्थिति में श्री गोयल का पारंपरिक माओरी स्वागत (पोव्हिरी) किया गया। पारंपरिक मंत्रोच्चार और होंगी अभिवादन समारोह में दोनों देशों के बीच गर्मजोशी और आपसी सम्मान का भाव दिखा। श्री गोयल ने माओरी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की सराहना करते हुए माओरी मूल्यों और भारत के सभ्यतागत लोकाचार, विशेष रूप से प्रकृति और समुदाय के प्रति साझा सम्मान की भावना में समानता का उल्लेख किया।

इसके उपरांत श्री गोयल और श्री टॉड मैक्ले ने भारत-न्यूज़ीलैंड सीईओ गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिनिधि शामिल हुए। श्री गोयल ने अपने संबो‍धन में भारत के तेज़ी से बदलते आर्थिक परिदृश्य का ज़‍िक्र किया और प्रौद्योगिकी, कृषि, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन और संवहनीयता के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने भारतीय मूल के व्‍यापारिक नेताओं की सशक्त भागीदारी का स्वागत किया और न्यूज़ीलैंड के उद्योगों को पारस्परिक विकास के लिए भारत के साथ गहन साझेदारी के क्षेत्र का पता लगाने को प्रोत्साहित किया।

श्री गोयल ने श्री टॉड मैक्ले द्वारा उनके गृहनगर रोटोरुआ में प्रदान किए गए भव्य आतिथ्य के  प्रति आभार व्यक्त किया और दोनों पक्षों द्वारा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को और अधिक मैत्रीपूर्ण, समृद्धि और साझा प्रगति की ओर ले जाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

***

पीके/केसी/एकेवी/एमपी


(Release ID: 2187094) Visitor Counter : 30
Read this release in: English , Urdu , Marathi , Malayalam