युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
“फिटनेस 2047 तक विकसित भारत बनाने की कुंजी है”: पहले राष्ट्रीय फिटनेस एवं वेलनेस कॉन्क्लेव में डॉ. मनसुख मंडाविया
केंद्रीय खेल मंत्री ने फिटनेस, आर्थक विकास व युवाओं की क्षमता के बीच के संबंधों पर प्रकाश डाला
खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने स्वस्थ भारत की दिशा में सामूहिक प्रयास का किया आह्वान
रोहित शेट्टी, हरभजन सिंह एवं साइना नेहवाल को अन्य हस्तियों के साथ राष्ट्रीय फिटनेस और वेलनेस कॉन्क्लेव 2025 में फिट इंडिया आइकॉन के तौर पर किया गया सम्मानित
Posted On:
01 NOV 2025 8:40PM by PIB Delhi
युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार के केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज मुंबई के द ट्राइडेंट में आयोजित राष्ट्रीय फिटनेस और वेलनेस कॉन्क्लेव 2025 में नव-नियुक्त फिट इंडिया आइकॉन – बॉलीवुड निर्माता रोहित शेट्टी, विश्व कप विजेता क्रिकेटर हरभजन सिंह और ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल को सम्मानित किया। इस कॉन्क्लेव ने 'फिट इंडिया मिशन' के तहत भारत में बढ़ते फिटनेस और वेलनेस आंदोलन का उत्सव मनाया, जो फिट और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे ने समुदायों के बीच स्वास्थ्य और वेलनेस को बढ़ावा देने में उनके योगदान को पहचानते हुए, सैयामी खेर, शिवोहम् और वृंदा भट्ट को फिट इंडिया आइकॉन के रूप में सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मंडाविया ने अंकुर गर्ग और 'फिट इंडिया चैंपियंस' करण टैकर, विश्वास पाटिल और कृष्णा प्रकाश को फिट इंडिया एंबेसडर के रूप में सम्मानित किया। यह सम्मान नागरिकों को फिटनेस को जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करने के उनके निरंतर प्रयासों के लिए दिया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यदि हम फिटनेस के मूल्य को नहीं समझते हैं, तो 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करना संभव नहीं होगा। समय बदल गया है। पहले लोग पैदल चलते थे और साइकिल से दूर तक यात्रा करते थे। फिटनेस स्वाभाविक रूप से हो जाती थी। डिजिटल दुनिया में, हम मुश्किल से हिलते-डुलते हैं और फिटनेस की परवाह नहीं करते। हमें इस स्थिति को तोड़ने के तरीके खोजने होंगे।"

डॉ. मनसुख मंडाविया ने आगे कहा, "हम एक राष्ट्र के रूप में तभी तेजी से आगे बढ़ेंगे जब मध्य वर्ग और उच्च मध्य वर्ग फिटनेस को प्राथमिकता देंगे। दुनिया की कोई भी अन्य अर्थव्यवस्था सालाना 8% की दर से नहीं बढ़ रही है। कल्पना कीजिए कि भारत में फिटनेस क्या कर सकती है, जहाँ 65% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है।"

“फिटनेस केवल स्वास्थ्य के बारे में नहीं है। यह व्यवसाय के लिए भी अभिन्न अंग है। खेल के सामान का एक बहुत बड़ा बाज़ार है। मैं देख सकता हूँ कि खेलों के प्रति जागरूकता कैसे बदल रही है। यदि हम भारत में खेल विज्ञान (sports science) का उपयोग करें और पोषण सप्लीमेंट और फिटनेस उपकरण का उत्पादन करें, तो खेल फिटनेस उद्योग को बहुत अधिक लाभ मिलेगा”, डॉ. मनसुख मंडाविया ने आगे विस्तारपूर्वक बताया।
श्रीमती रक्षा खाडसे ने कहा, “खेलों के क्षेत्र में भारत एक उभरता हुआ राष्ट्र है। फिटनेस की दुनिया में अपार अवसर हैं। यह आवश्यक है कि पूरा इकोसिस्टम एकजुट होकर एक अधिक फिट भारत की दिशा में काम करे। 'संडे ऑन साइकिल' एक छोटा प्रयास है, लेकिन लंबी अवधि में इसके परिणाम बहुत अच्छे हो सकते हैं। भारत का सर्वांगीण विकास स्पष्ट रूप से शारीरिक और मानसिक विकास से संबंधित है।”
फ़िल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उचित जानकारी के बिना फिटनेस का प्रचार करने वाले "हेल्थ इन्फ्लुएंसरों" के प्रति आगाह किया। “यह एक डरावनी स्थिति है। नई पीढ़ी को तब सावधान रहने की ज़रूरत है जब वे रातोंरात अपना शरीर बढ़ाना चाहते हैं।”

ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने कहा कि "फिटनेस का संबंध खेल संस्कृति से है।" "चीन और जापान को देखिए। वैश्विक प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट परिणाम उनकी फिटनेस संस्कृति का ही परिणाम हैं। भारत में यह स्थिति बदल रही है। यहाँ बहुत प्रतिभा है, लेकिन सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं है। अभिभावकों को यह समझना होगा और धैर्य रखना होगा। पहले फिटनेस पर ध्यान दें और कड़ी मेहनत से उत्कृष्टता खुद ही आएगी। साथ ही, मोबाइल फोन को दूर रखें और अपने बच्चे के साथ सख्ती बरतें।"

विश्व कप क्रिकेट चैंपियन हरभजन सिंह ने कहा कि फिटनेस की कमी के कारण भारत अक्सर मैच हार जाता था। "इस मानसिकता को बदलने का पूरा श्रेय विराट कोहली को जाता है। हमारे पास हमेशा कौशल था, लेकिन भारतीय क्रिकेटर अब बेहतरीन रूप से फिट हैं। वे अब कैच नहीं छोड़ते हैं और इससे बड़ा फर्क पड़ता है। सही खाओ, सही आराम करो और सही ढंग से कसरत करो, फिर अंतर देखो। मैं फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री और खेल मंत्रालय के प्रयासों की वास्तव में सराहना करता हूँ", हरभजन ने कहा।

फिटनेस संस्कृति और फिटनेस उद्योग के संबंध में दो पैनल चर्चाओं में भाग लेने वाले हितधारकों ने सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की कि फिटनेस संस्कृति कम उम्र से शुरू होनी चाहिए और बच्चों को मोबाइल फोन की लत से दूर रखने में माता-पिता की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि नकली सप्लीमेंट्स, जल्दी से मांसपेशियों वाला शरीर बनाने के बारे में गलत सलाह के खिलाफ सावधानी बरतनी चाहिए और और जंक फूड बेचने वाले फ़ूड ऐप्स के खिलाफ निगरानी रखनी चाहिए।

****
पीके/केसी/एसके/डीके
(Release ID: 2185398)
Visitor Counter : 59