पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इंडियाटूरिज्म दिल्ली कुतुब मीनार परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 मनाएगा


"एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" को बढ़ावा देने के लिए 21 जून 2025 को सामूहिक योग सत्र

प्रविष्टि तिथि: 19 JUN 2025 4:24PM by PIB Delhi

इंडियाटूरिज्म दिल्ली पर्यटन मंत्रालय के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 के अवसर पर 21 जून 2025 को सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक कुतुब मीनार (यूनेस्को विश्व धरोहर) परिसर के प्रतिष्ठित सन डायल लॉन में सामूहिक योग सत्र का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम देश की कालातीत कल्याण विरासत और वैश्विक कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।

इस वर्ष का वैश्विक विषय, "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ है, जो मानव कल्याण और पारिस्थितिक संतुलन के बीच गहन संबंध को रेखांकित करता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग को शारीरिक जीवन शक्ति, मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक शांति और आध्यात्मिक सद्भाव के लिए एक शक्तिशाली उपकरण के रूप में बढ़ावा देना है - जो एक सतत और स्वस्थ विश्‍व को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है।

अपेक्षित गणमान्य व्यक्तियों में शामिल हैं:

श्री गजेन्द्र सिंह यादव, माननीय विधान सभा सदस्य (एमएलए)

श्री लक्ष्य सिंघल, आईएएस, जिला मजिस्ट्रेट, दक्षिणी दिल्ली

सुश्री प्रियंगा विक्रमसिंघे, उप उच्चायुक्त, श्रीलंका दूतावास

सुश्री वाथ्सला अमरसिंघे, मिनिस्टर काउंसलर, श्रीलंका दूतावास

मलेशिया से विशेष अतिथि।

इस सत्र का संचालन प्रसिद्ध योग गुरु श्री गोपाल ऋषि और उनकी टीम द्वारा किया जाएगा, जो प्रतिभागियों को शारीरिक शक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक शांति बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किए गए समग्र योग अभ्यासों की एक श्रृंखला के माध्यम से मार्गदर्शन करेंगे।

भागीदारी और सहयोग:

इस कार्यक्रम में 400 से अधिक व्यक्ति उत्साहपूर्वक भाग लेंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • भारतीय टूर ऑपरेटर संघ (आईएटीओ) के सदस्य
  • एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (एडीटीओआई)
  • ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएएआई)
  • क्षेत्रीय स्तर के पर्यटक गाइड, युवा पर्यटन क्लबों के छात्र, तथा होटल प्रबंधन संस्थानों (आईएचएम) के संकाय और छात्र
  • भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), पर्यटन मंत्रालय के अधिकारी और स्थानीय नागरिक

प्रमुख पर्यटन हितधारकों, उद्योग पेशेवरों और छात्रों की सक्रिय भागीदारी, पर्यटन और सांस्कृतिक संरक्षण के साथ स्वास्थ्य को एकीकृत करने की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

योग विरासत – विश्व के लिए एक संदेश

कुतुब मीनार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में योग का जश्न मनाना देश की आध्यात्मिक परंपराओं की विरासत और वैश्विक स्तर पर समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में इसके नेतृत्व का प्रतीक है। यह आयोजन भारत के खुद को स्वास्थ्य पर्यटन के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप भी है।

****

एमजी/केसी/एचएन/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2137728) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Odia , Tamil , Telugu , Kannada