राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पराग्वे के राष्ट्रपति की मेजबानी की


पराग्वे के राष्ट्रपति की ऐतिहासिक यात्रा से द्विपक्षीय सहयोग के नए अवसर सृजित होंगे

Posted On: 02 JUN 2025 10:20PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (2 जून, 2025) राष्ट्रपति भवन में पराग्वे गणराज्य के राष्ट्रपति श्री सैंटियागो पेना पलासियोस का स्वागत किया। उन्होंने श्री पलासियोस के सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PR020620251EJ03.JPG

भारत की पहली राजकीय यात्रा पर आए राष्ट्रपति पेना का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और पराग्‍वे के बीच संबंध सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनों देश लोकतंत्र, मानवाधिकार, कानून का शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांति, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए सम्मान के सिद्धांतों और मूल्यों में विश्वास करते हैं। दोनों देश उन सिद्धांतों पर अडिग रहे हैं जिन्हें हम महत्वपूर्ण मानते हैं और ये सिद्धांत हमारे सभ्यतागत मूल्यों और ऐतिहासिक अनुभवों में निहित हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PR0206202523KYV.JPG

राष्ट्रपति ने पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद आतंकवाद की कड़ी निंदा करने तथा एकजुटता का संदेश देने के लिए पराग्वे सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय मंचों सहित वैश्विक महत्व के मामलों पर भारत के रूख का निरंतर समर्थन करने के लिए पराग्वे की सराहना की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PR020620253MSLR.JPG

राष्ट्रपति ने भारत और पराग्वे के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि को लेकर प्रसन्नता व्‍यक्‍त की। हालांकि  उनका कहना था कि व्यापार और वाणिज्यिक क्षेत्रों में संबंधों में विस्‍तार की काफी गुंजाइश है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ग्लोबल साउथ का हिस्‍सा होने के कारण भारत और पराग्वे समान विकासात्मक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए हमारा दृष्टिकोण भी बहुत समान है जो कि शिक्षा, रोजगार और क्षमता निर्माण में निवेश से जुडा़ है। उन्होंने कहा कि भारत सतत विकास के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहा है और प्रौद्योगिकियों तक समान पहुंच व 'डिजिटल अंतर' को पाटना हमारी राष्ट्रीय प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत को पराग्वे के साथ डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करने में प्रसन्‍नता होगी।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि आपसी संबंधों को और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा से संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने और सहयोग के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति के भाषण के लिए कृपया यहां क्लिक करें-

 

एमजी/केसी/बीयू/एसके 


(Release ID: 2133491)