कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रपति 8 नवंबर 2024 को विज्ञान भवन नई दिल्ली में सतर्कता जागरूकता सप्ताह समारोह को संबोधित करेंगी

प्रविष्टि तिथि: 07 NOV 2024 2:37PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 8 नवंबर 2024 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह समारोह को संबोधित करेंगी।

केंद्रीय सतर्कता आयोग हर वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वाले सप्ताह में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाता है। इस वर्ष, सतर्कता जागरूकता सप्ताह 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मनाया गया और इस बार इसका विषय था : “सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के साथ-साथ, आयोग निवारक सतर्कता पर तीन महीने का अभियान भी आयोजित करता है, जो इस वर्ष 16 अगस्त 2024 से केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों/संगठनों द्वारा शुरू किया गया है और ये 15 नवंबर 2024 तक जारी रहेगा। इस अभियान के पांच फोकस क्षेत्र हैं - क्षमता निर्माण, प्रणालीगत सुधार की पहचान और कार्यान्वयन, परिपत्रों/दिशानिर्देशों/मैनुअल का अद्यतन, 30 जून 2024  से पहले प्राप्त शिकायतों का निपटारा और गतिशील डिजिटल उपस्थिति।

इस समारोह के दौरान, केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा तैयार की गई तीन पुस्तिकाओं का विमोचन भी किए जाने की उम्मीद है। इन पुस्तिकाओं के साथ-साथ, डाक विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह, 2024 पर जारी एक विशेष कवर भी जारी किए जाने की उम्मीद है। ये पुस्तिकाएं हैं (i) निवारक सतर्कता पर पुस्तिका, (ii) पारदर्शिता और साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए डिजिटल और तकनीकी पहलों का लाभ उठाने संबंधी विजआई वाणी विशेष अंक और (iii) सार्वजनिक खरीद संबंधी पुस्तिका: चुनौतियां और आगे का रास्ता। तीनों पुस्तिकाओं और विशेष कवर की पहली प्रतियां केंद्रीय सतर्कता आयुक्त द्वारा माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को भेंट की जाएंगी।

यह उम्मीद की जाती है कि इस समारोह में पूर्व केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त और सतर्कता आयुक्त, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक/प्रबंध निदेशक, मुख्य सतर्कता अधिकारी और विभिन्न संगठनों के सतर्कता पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

****

एमजी/केसी/आईएम/एनजे


(रिलीज़ आईडी: 2071519) आगंतुक पटल : 350
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Punjabi , Tamil