रक्षा मंत्रालय

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अमरीका में नौसेना के सतही युद्धक केंद्र का दौरा किया

Posted On: 25 AUG 2024 11:06AM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अपनी अमरीका यात्रा के दौरान टेनेसी के मेम्फिस में नौसेना के सतही युद्धक केंद्र (एनएसडब्लूसी) में विलियम बी मॉर्गन लार्ज कैविटेशन चैनल (एलसीसी) का दौरा किया। यह चैनल दुनिया की सबसे वृहद एवं तकनीकी रूप से सर्वाधिक उन्नत जल सुरंग सुविधाओं में से एक है। यहां पर पनडुब्बियों, टारपीडो और नौसेना के सतही जहाजों तथा प्रोपेलरों का परीक्षण किया जाता है। रक्षा मंत्री को इस केंद्र के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें सुरंग के वास्तविक प्रयोग से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर श्री राजनाथ सिंह के साथ अमरीका में भारत के राजदूत, भारतीय नौसेना के महानिदेशक, नौसेना संचालन कर्मी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन से रक्षा प्रौद्योगिकी परामर्शदाता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। अमरीकी नौसेना के नीति उप-अवर सचिव ने उनका स्वागत किया और सतही युद्धक केंद्र के कमांडर तथा तकनीकी निदेशक ने तमाम उपयोगी जानकारी उनके साथ साझा की।

इस महत्वपूर्ण चर्चा का उद्देश्य भारत में स्वदेशी डिजाइन और विकास के उद्देश्य से इसी प्रकार की सुविधाओं की शुरुआत के लिए चल रहे प्रस्ताव की दिशा में सहयोग करना भी है।

***

एमजी/एआर/एनके/एसएस  



(Release ID: 2048701) Visitor Counter : 98