वस्‍त्र मंत्रालय

वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने हथकरघा पखवाड़ा समारोह के लिए निफ्ट, गांधीनगर का दौरा किया

Posted On: 12 AUG 2024 2:35PM by PIB Delhi

केन्द्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने 10 अगस्त, 2024 को राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), गांधीनगर का दौरा किया, जहां उन्होंने हथकरघा पखवाड़ा समारोह में सक्रिय रूप से भाग लिया। यात्रा के दौरान, श्री सिंह ने भारतीय वस्त्रों की अद्वितीय विरासत को प्रदर्शित करने वाली एक जीवंत और सावधानीपूर्वक क्यूरेट की गई हथकरघा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस प्रदर्शनी में हाथ से बुनी गई उत्कृष्ट कृतियों की एक मनोरम श्रृंखला प्रस्तुत की गई जो सदियों से भारत की वस्त्र परंपराओं का अभिन्न अंग रही रचनात्मकता, शिल्प कौशल और समर्पण को दर्शाती है। प्रदर्शित की गई प्रत्येक कृति बुनकरों के कौशल और कलात्मकता तथा इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण था।

प्रदर्शनी के बाद, श्री गिरिराज सिंह ने निफ्ट, गांधीनगर के छात्रों और संकाय सदस्यों के साथ व्यावहारिक और सार्थक चर्चा की। इन संवादों ने संस्थान द्वारा प्रस्तुत नवोन्मेषी गतिविधियों और अग्रगामी पाठ्यक्रम के बारे में गहन जानकारी प्रदान की।

 

श्री सिंह ने बताया कि कैसे निफ्ट आधुनिक डिजाइन अवधारणाओं को पारंपरिक वस्त्र तकनीकों के साथ जोड़ रहा है और यह सुनिश्चित कर रहा है कि भारतीय वस्त्रों की सांस्कृतिक विरासत को न केवल संरक्षित किया जाए, बल्कि भविष्य के लिए फिर से तैयार किया जाए। श्री सिंह ने भारत की वस्त्र विरासत को बनाए रखने और इसे आगे बढ़ाने के लिए उत्साही डिजाइनरों की एक नई पीढ़ी को बढ़ावा देने के संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

श्री गिरिराज सिंह ने भारतीय वस्त्रों के भविष्य को लेकर आशा जताई और विश्वास व्यक्त किया कि निफ्ट के निरंतर नवोन्मेषण, प्रतिबद्धता और डिजाइन, प्रबंधन तथा तकनीकी युक्तियों के साथ, हथकरघा क्षेत्र की समृद्ध परंपराएँ आने वाले वर्षों में फलती-फूलती और विकसित होती रहेंगी।

कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण एक शानदार हथकरघा फैशन वॉक था, जिसमें भारत के कुशल कारीगरों की कलात्मकता और शिल्प कौशल को प्रदर्शित किया गया। फैशन शो ने भारतीय हथकरघा को बढ़ावा देने के लिए एक सार्थक मंच के रूप में काम किया, जिसमें देश के वस्त्र उद्योग की पहचान रहे गहन और विविध डिजाइनों को प्रदर्शित किया गया।

फैशन शो एक बेहतरीन कार्यक्रम था और इसमें भारतीय वस्त्रों की हर बुनाई और धागे में निहित सांस्कृतिक महत्व को उल्लेखनीय रूप से प्रदर्शित किया गया।  इसने हथकरघा क्षेत्र को सहायता और बढ़ावा देने के महत्व को रेखांकित किया, जो भारत की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक परिदृश्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। निफ्ट, गांधीनगर में हथकरघा पखवाड़ा उत्सव एक शानदार आयोजन साबित हुआ, जो भारतीय वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए संस्थान के अटूट समर्पण का प्रमाण था। इस कार्यक्रम ने वक्त्र उद्योग की असाधारण क्षमता और इस क्षेत्र को पोषित करने तथा बढ़ावा देने में निफ्ट जैसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

**.*.*

एमजी/एआर/एसकेजे/एसके



(Release ID: 2044566) Visitor Counter : 117