प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

यूनाइटेड किंगडम के विदेश मंत्री महामहिम डेविड लैमी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की


विदेश मंत्री श्री डेविड लैमी ने द्विपक्षीय संबंधों को पूर्ण रूप से विकसित करने की ब्रिटेन की इच्छा व्यक्त की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक सहयोग का विस्तार करने के लिए प्रधानमंत्री श्री स्टार्मर द्वारा दी गई प्राथमिकता की सराहना की

प्रधानमंत्री ने प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल पर बनी सहमति और एफटीए को जल्द से जल्द पूरा करने की दोनों पक्षों की इच्छा का स्वागत किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री श्री कीर स्टार्मर को भारत आने का न्योता दिया

प्रविष्टि तिथि: 24 JUL 2024 8:00PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज यूनाइटेड किंगडम के विदेश मंत्री श्री डेविड लैमी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने श्री लैमी को उनकी नई नियुक्ति पर बधाई दी और ब्रिटेन में सरकार बनाने के एक महीने के भीतर श्री लेमी की भारत यात्रा की भी सराहना की।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री श्री कीर स्टार्मर के साथ अपनी हालिया बातचीत को याद करते हुए, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक सहयोग को विस्तारित और गहरा करने के लिए यूके की नई सरकार द्वारा दी गई प्राथमिकता के लिए अपनी सराहना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को और विकसित करने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्री श्री डेविड लैमी ने द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने और अर्थव्यवस्था, रक्षा, निवेश, सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में ब्रिटेन की रुचि को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई और उभरती प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल शुरू करने के लिए दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति का स्वागत किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पारस्परिक रूप से लाभप्रद भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने की दिशा में काम करने के लिए दोनों पक्षों की इच्छा का भी स्वागत किया।

दोनों नेताओं ने आपसी हितों से संबंधित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।

***

एमजी/एआर/आरपी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 2038951) आगंतुक पटल : 84
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Assamese , Manipuri , Punjabi , Gujarati , Odia , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam