रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय नौसेना ने संयुक्त अरब अमीरात की नौसेना के साथ द्विपक्षीय नौसेना समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लिया

प्रविष्टि तिथि: 12 AUG 2023 5:49PM by PIB Delhi

पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, रियर एडमिरल विनीत मैक्कार्टी की कमान में, भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस त्रिकंद यूएई नौसेना के साथ द्विपक्षीय नौसेना समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लेने के लिए इस महीने की 08 तारीख को पोर्ट रशीद, दुबई पहुंचे।

दो दिनों की विस्तृत योजना के बाद, दोनों नौसेनाओं ने आज संयुक्त नौसेना साझेदारी सैन्य अभ्यास का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य युद्ध रणनीति, तकनीकों और नियमों पर दोनों नौसेनाओं के आपसी प्रशिक्षण के माध्यम से पेशेवर संबंधों को मजबूत करना, अंतरसंचालनीयता और समन्वय को बढ़ाना है।

अपनी यात्रा के दौरान, रियर एडमिरल मैककार्टी ने अबू धाबी नौसेना कमान में संयुक्त अरब अमीरात नौसेना बलों के उप कमांडर ब्रिगेडियर अब्दुल्ला फर्ज अल महैरबी से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने समुद्री डकैती, माल की तस्करी, मानव तस्करी की आम चुनौतियों से संयुक्त रूप से निपटने, समुद्री सुरक्षा बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान चलाने के लिए दोनों नौसेनाओं के बीच बातचीत बढ़ाने पर सहमत हुए।

रियर एडमिरल मैककार्टी ने संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत माननीय श्री संजय सुधीर से भी मुलाकात की। भारत और यूएई की नौसेनाओं के युद्धाभ्यास और नौसेना-से-नौसेना सहयोग की योजनाओं पर चर्चा की गई।

राजदूत श्री संजय सुधीर ने कहा कि नौसेना अभ्यास में दो भारतीय जहाजों की भागीदारी 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के तहत संयुक्त अरब अमीरात के साथ बढ़ते रक्षा संबंधों का संकेत है।

आईएनएस विशाखापत्तनम, जिसकी कमान कैप्टन अशोक राव के पास है, भारतीय नौसेना के सबसे बड़े विध्वंसक जहाजों में से एक है। यह मझगांव डॉक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित पूरी तरह से स्वदेशी युद्धपोत है। आईएनएस त्रिकंद, जिसकी कमान कैप्टन प्रमोद जी थॉमस के पास है, एक उन्नत स्टील्थ युद्धपोत है। इसकी सेवाएं 2013 में शुरू हुईं, हर तरह से नवीनतम तकनीक से डिजाइन किया गया यह जहाज रडार की पकड़ में आए बिना तेज और शक्तिशाली है।

********

एमजी/एमएस/आरपी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1949924) आगंतुक पटल : 228
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Telugu