राष्ट्रपति सचिवालय

भूटान नरेश ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

Posted On: 04 APR 2023 6:43PM by PIB Delhi

भूटान नरेश महामहिम जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक ने आज (04 अप्रैल 2023) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

भारत में महामहिम का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और भूटान के बीच सभी स्तरों पर पारस्परिक विश्वास, सद्भावना और समझदारी पर आधारित घनिष्ठ साझेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत भूटान के साथ बहुआयामी और विशिष्ट साझेदारी को बहुत महत्व देता है। उन्होंने कहा कि भूटान के विकास की प्रक्रिया में सबसे बड़े भागीदार के रूप में, भारत को भूटान में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अवसंरचना, डिजिटलीकरण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं का समर्थन करने पर गर्व है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भूटान की प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास की प्रक्रिया में भारत की साझेदारी जारी रहेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस साल भूटान सबसे कम विकसित देश (एलडीसी) की श्रेणी से आगे बढ़ने के लिए तैयार है और एक उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत इस यात्रा में भूटान का विश्वसनीय भागीदारी बना रहेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और भूटान फिनटेक, स्टार्टअप और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में परस्पर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को हमारे युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का उचित उपयोग करने के लिए परस्पर सहयोग के इस दायरे का विस्तार करना चाहिए।

***

एमजी/एमएस/एआर/एसके/डीए



(Release ID: 1913675) Visitor Counter : 419