कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, मोदी सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में भारत के युवाओं के लिए भविष्योन्मुखी मार्ग तैयार किए हैं


केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश के गजरौला में "नए युवा मतदाताओं के साथ एक संवाद" कार्यक्रम को संबोधित किया

नया भारत स्वतंत्र व भविष्यवादी है और यह अपने प्रगतिशील विचारों के लिए जाना जाता है; हमारे देश का विकास युवाओं के कंधों पर है: डॉ. जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री ने प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आधारभूत वित्तपोषण के माध्यम से नवाचार और स्टार्ट-अप से संबंधित नई परियोजनाओं को शुरू करने के लिए अपने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से उत्तर प्रदेश के युवाओं को हर संभव मदद प्रदान करने का वायदा किया।

Posted On: 27 DEC 2022 6:05PM by PIB Delhi

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार); पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार); प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में भारत के युवाओं के लिए भविष्योन्मुखी मार्ग तैयार किए हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में "नए युवा मतदाताओं के साथ एक संवाद" कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा किए गए दूरदर्शी सुधारों ने युवाओं को नई आकांक्षाएं प्रदान की हैं। श्री सिंह ने कहा कि वैश्विक स्तर पर एक राष्ट्र के रूप में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ चुकी है और पूरी दुनिया अब भारत को समझने तथा इससे जुड़ने के लिए उत्सुक है।

Jitender-1

डॉ. जितेंद्र सिंह ने युवा दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री द्वारा कहे गए उस कथन को दोहराया, जिसमें श्री मोदी ने कहा था कि "पूरी दुनिया भारत के युवाओं की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रही है, क्योंकि युवा देश के विकास के इंजन हैं और भारत विश्व के विकास को गति देने की क्षमता रखता है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि नया भारत स्वतंत्र व भविष्यवादी है और यह अपने प्रगतिशील विचारों के लिए जाना जाता है। हमारे देश का विकास युवाओं के कंधों पर है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने युवा मतदाताओं को बताया कि देश में कई दशकों तक अस्थिर और गठबंधन सरकारें रहीं, जिससे न केवल जनता के बीच बल्कि दुनिया भर में भी भारत के भविष्य को लेकर आशंकाएं बनी रहती थीं। लेकिन, साल 2014 में भारत की जनता ने एक स्थिर सरकार चुनी, जिसने नीतियों एवं कार्य संस्कृति में भी स्थिरता स्थापित की और बदलाव की एक मजबूत नींव रखी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने वर्तमान सफलताओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भविष्यवादी दृष्टिकोण को पूरा श्रेय दिया। केंद्रीय मंत्री ने उस तथ्य का भी उल्लेख किया, जब श्री मोदी ने वर्ष 2015 के अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में लाल किले की प्राचीर से "स्टार्ट-अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया" कार्यक्रम का आह्वान किया था, जिसने जनहित के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत की और इसके परिणामस्वरूप भारत में स्टार्ट-अप्स की संख्या 2014 में मात्र 350 से बढ़कर 2022 में 80,000 से अधिक हो गई है, जिसमें 85 यूनिकॉर्न (1 बिलियन डॉलर और उससे अधिक के मूल्य क्षमता के साथ) भी शामिल हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सदी को भारत की शताब्दी बनाने के लिए यह आवश्यक है कि भारत के युवा शिक्षा के साथ-साथ कौशल में भी समान रूप से दक्ष हों। उन्होंने कहा कि छात्र कौशल विकास के माध्यम से नवाचार के पथ पर अपना पहला कदम आगे बढ़ा रहे हैं। श्री सिंह ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि देश के युवाओं की आने वाले कल की यात्रा और भी अधिक रचनात्मक होगी।

IMG_256

केंद्रीय मंत्री ने युवा मतदाताओं से कहा कि सरकार ने देश के युवाओं के कौशल विकास और नये संस्थानों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि साल 1950 के दौरान भारत में पहले आईटीआई संस्थान की स्थापना के बाद अगले सात दशकों में केवल 10 हजार आईटीआई बनाए गए, जबकि मोदी सरकार के पिछले 8 वर्षों के कार्यकाल में देश में लगभग 5 हजार नए आईटीआई बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 8 वर्षों में आईटीआई में 4 लाख से अधिक नई सीटें भी जोड़ी गई हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की सफलता में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी, टेलीमेडिसिन आदि जैसे नए पाठ्यक्रम अब आईटीआई में चलाए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आधारभूत वित्तपोषण के माध्यम से नवाचार और स्टार्ट-अप से संबंधित नई परियोजनाओं को शुरू करने के लिए अपने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से उत्तर प्रदेश के युवाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने का वायदा किया।

****

एमजी/एएम/एनके/वाईबी



(Release ID: 1887063) Visitor Counter : 154


Read this release in: English , Urdu , Tamil , Telugu