रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

महाराष्ट्र विधानमंडल के सदस्यों ने समुद्र में नौसेना के अभियान को देखा

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2022 10:47AM by PIB Delhi

10 नवंबर 2022 को मुंबई में सांसदों, विधायकों, एमएलसी और महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों के लिए 'डे एट सी' थीम पर आयोजित एक समारोह के दौरान पश्चिमी नौसेना कमान ने अपनी परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन किया। यह आयोजन समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से तटीय राज्यों के बीच अधिक से अधिक समुद्री जागरूकता पैदा करने के लिए माननीय प्रधान मंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप था।

कुल 25 विधायकों सहित 125 अतिथि और अधिकारी पश्चिमी बेड़े के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों आईएनएस चेन्नई, आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस तेग पर सवार हुए। इस कार्यक्रम ने मेहमानों को भारतीय नौसेना के जहाजों पर दिन-प्रतिदिन के नौसैनिक संचालन एवं जीवन को देखने का एक अच्छा अवसर प्रदान किया।

दिन के मुख्य आकर्षण में फास्ट अटैक क्राफ्ट द्वारा नकली हमला, वायु शक्ति प्रदर्शन, चेतक हेलीकॉप्टरों द्वारा खोजबीन एवं बचाव, सी किंग हेलीकॉप्टर द्वारा सोनार डंक ऑपरेशन, अंडरवे रेपलेनिश्मेन्ट और समुद्र में कर्मियों को स्थानांतरित करने जैसे अभ्यास शामिल थे। समुद्र में नौसैनिक अभियानों के सभी पहलुओं को गणमान्य व्यक्तियों को दिखलाने के लिए एक पनडुब्बी प्रदर्शन भी आयोजित किया गया।

माननीय विधान सभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर और माननीय मंत्री, श्री चंद्रकांत दादा पाटिल जहाजों पर जाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों में से थे। कमान के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी आने वाले गणमान्य व्यक्तियों के साथ बातचीत की और उन्हें भारतीय नौसेना द्वारा किए गए संचालन का एक सिंहावलोकन प्रदान किया, जिसमें समुद्री क्षेत्र में देश के सामने आने वाले खतरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया। 'डे एट सी' का उद्देश्य विधायकों और सरकारी अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका की समझ प्रदान करना तथा उन्हें समुद्र में जीवन की कठोरता व चुनौतियों से अवगत कराना था।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/Pix1(2)P8OK.jpeg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/Pix3(1)VIN0.jpeg

******

एमजी/एएम/एबी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1875204) आगंतुक पटल : 312
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil , Telugu