उप राष्ट्रपति सचिवालय

उप-राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालयों से परंपरागत ज्ञान प्रणालियों में वैज्ञानिक शोध को प्रोत्साहित करने को कहा


“पाठ्यक्रम गतिशील और लचीला तथा बाजार की बदलती मांगों के अनुरूप होने चाहिए”

उप-राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालयों से क्षेत्र विशेष की समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय संपर्कों को विकसित करने का आह्वान किया

उप-राष्ट्रपति सिक्किम पहुंचे, वर्चुअल रूप में कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी

‘पूर्वोत्तर राज्य हमारी विकास गाथा में प्रमुख साझेदार हैं’

उप-राष्ट्रपति ने जैविक कृषि तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में सिक्किम की पहलों की प्रशंसा की

Posted On: 11 MAR 2022 3:25PM by PIB Delhi

 उप-राष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू ने विश्वविद्यालयों से  जैविक कृषि तथा औषधि प्रणालियों जैसी परंपरागत ज्ञान प्रणालियों में वैज्ञानिक शोध को प्रोत्साहन देने तथा व्यवस्थित तरीके से अपनी बौद्धिक पूंजी को फिर से खोजने का आह्वान किया है। 

 

श्री नायडू ने सिक्किम में राज्य सरकार द्वारा सतत् विकास पर फोकस के साथ प्राथमिक स्तर की पाठ्यपुस्तकें लाने के अतिरिक्त जैविक कृषि विषय में सभी माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रारंभ करने के लिए सिक्किम की सराहना की। 

 

उप-राष्ट्रपति वर्चुअल रूप में सिक्किम में कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रख रहे थे। मिजोरम तथा सिक्किम की चार दिन की यात्रा पर गए श्री नायडू आज गंगटोक पहुंचे। 

 

 

चौतरफा विकास तेज करने में विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए श्री नायडू ने कहा कि गुणवत्ता संपन्न उच्च शिक्षा के साथ सिक्किम सतत् विकास के लिए महत्वपूर्ण अग्रदूत शिक्षा के क्षेत्र में गति निर्धारित कर सकता है। 

 

श्री नायडू ने कहा कि क्षेत्र के विश्वविद्यालयों को क्षेत्र विशेष की समास्याओं के समाधान में नवाचार के लिए उद्योग तथा स्थानीय संस्थाओं के साथ संपर्क स्थापित करना चाहिए। दूसरे शब्दों में वैश्विक रूप से सोचने और स्थानीय दृष्टि से काम करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ईको पर्यटन, बागबानी तथा हस्तशिल्प में क्षेत्र की प्राकृतिक मजबूतियों का लाभ उठाने का आग्रह किया। 

 

भारत में शिक्षा क्षेत्र पर कोविड-19 के प्रभाव की चर्चा करते हुए श्री नायडू ने टैक्नोलॉजी को लोकतांत्रिक बनाने का आह्वान किया ताकि ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अध्ययन के अवसर पहुंचने योग्य तथा किफायती हो सकें। उन्होंने केंद्र तथा राज्य सरकारों से स्थानीय तथा क्षेत्रीय भाषाओं में गुणवत्ता संपन्न डिजिटल कंटेंट विकास को बढ़ावा देने को कहा। श्री नायडू ने कहा कि महामारी ने भौतिक शिक्षा के महत्व को उजागर किया है। श्री नायडू ने शिक्षकों तथा अभिभावकों से विद्यार्थियों की नियमित शारीरिक गतिविधियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कुछ समय प्रकृति की गोद में बिताने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। 

उप-राष्ट्रपति ने सुझाव दिया कि पाठ्यक्रमों को नियमित रूप से उन्नत बनाया जाना चाहिए और विद्यार्थियों के कौशल को नई चुनौतियों का सामना करने योग्य तथा बाजार की बदलती मांगों के अनुरूप बनाना चाहिए। पाठ्यक्रमों में लचीलापन और गतिशीलता का आह्वान करते हुए उन्होंने बल देते हुए कहा कि संकेत शब्द नवाचार होना चाहिए, विशेषकर उच्च शिक्षा के लिए। 

 

उच्च शिक्षा में सिक्किम के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री नायडू ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा में नामांकन अनुपात सर्वाधिक 75.8 प्रतिशत है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिक्किम शिक्षा सुधार आयोग (एसईआरसी) बनाए जाने की प्रशंसा की। उप-राष्ट्रपति ने कहा कि मैं सिक्किम को पूर्वोत्तर क्षेत्र के शैक्षिक केंद्र बनाने में राज्य सरकार की सक्रिय भूमिका की सराहना करता हूं। 

 

बाद में उप-राष्ट्रपति ने यूक्रेन से स्वदेश लौटे सिक्किम के विद्यार्थियों के समूह से बातचीत की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि संघर्ष क्षेत्र में फंसे विद्यार्थी भारत सरकार और राज्य सरकार के सक्रिय तालमेल से सुरक्षित सिक्किम पहुंच पाए। 

 

श्री नाय़डू ने बाद में सिक्किम राजभवन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विभिन्न अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। श्री नायडू ने सिक्किम के राज्यपाल द्वारा आयोजित एक समारोह में सिक्किम के लोकगीतों और नृत्यों को देखा। 

 

कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखे जाने के समारोह में सिक्किम के राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद, सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री प्रेमसिंह तमांग, राज्य सरकार के मंत्री श्री के.एन. लेपचा, श्री बी.एस. पंथ, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, प्रोफेसर तथा गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। 

***

एमजी/एएम/एजी/एचबी



(Release ID: 1805374) Visitor Counter : 169