पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने मणिपुर में लोकटक झील में आईडब्ल्यूएआई जेट्टी का निरीक्षण किया
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा लोकटक झील को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक बनाएंगे
प्रविष्टि तिथि:
04 DEC 2021 7:51PM by PIB Delhi
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल मणिपुर के दौरे पर हैं। उन्होंने आज बहुप्रसिद्ध लोकटक झील में भारत के अंतर्देशीय जलमार्ग (आईडब्ल्यूएआई) जेट्टी का निरीक्षण किया। श्री सोनोवाल ने झील में नौका विहार भी किया। केंद्रीय मंत्री ने इस झील की सुंदरता और पर्यटन तथा संबद्ध गतिविधियों के मामले में इसकी अपार संभावनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकटक एशिया के सबसे बड़े जल निकायों में से एक है और इसकी सुंदरता बेमिसाल है। यह हरियाली, समुद्री जीवन तथा नीले पहाड़ों से घिरी हुई है। श्री सोनोवाल ने झील के प्रचार-प्रसार और विकास तथा इसे विश्व के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक बनाने पर विस्तार से बात की।

श्री सोनोवाल ने अंतर्देशीय जलमार्ग विकास और आयुष के क्षेत्रों में मणिपुर सरकार को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचा, युवाओं और किसानों के विकास पर जोर देते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने मणिपुर के मुख्यमंत्री श्री एन बीरेन सिंह की उत्कृष्ट सेवा के लिए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि श्री बीरेन सिंह के नेतृत्व में राज्य में बहुत विकास हुआ है।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री आर के रंजन सिंह, विधायक श्री पी शरतचंद्र सिंह, लोकटक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एल सुशेन्द्र मैतेई सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
*****
एमजी/एएम/एनके
(रिलीज़ आईडी: 1778179)
आगंतुक पटल : 379