वित्‍त मंत्रालय

आईजीआई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 90 करोड़ रुपये की 12.9 किलोग्राम हेरोइन के साथ 2 को गिरफ्तार किया

Posted On: 13 NOV 2021 7:43PM by PIB Delhi

नशीले पदार्थों के तस्करों और सिंडिकेट के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने युगांडा के दो महिला नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों अबू धाबी के रास्ते नैरोबी (केन्या) से आ रहे थे। इनके पास से 12.9 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है। यह कार्रवाई 12 और 13 नवंबर 2021 की रात की गई। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत मौजूदा अंतर्राष्ट्रीय कीमतों के अनुसार लगभग 90 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ये नशीले पदार्थ और तस्कर पकड़े जाने से पहले कई देशों यूगांडा, केन्या और भारत के न्यायाधिकार क्षेत्र से होकर गुजर चुके थे। हेरोइन को इन्होंने अपने सामान में छिपा रखा था।

 

Picture 1Picture 2

 

युगांडा की दो महिला यात्रियों के पास से उनके तीन सूटकेस से कुल 12.900 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।

दिल्ली हवाई अड्डे पर तैनात भारतीय सीमा शुल्क के डॉग स्क्वॉड ने यात्रियों के सामान को भी सूंघा और बैगेज में किसी नशीले पदार्थ की मौजूदगी का संकेत दिया। गहन तलाशी और पूछताछ पर महिला यात्रियों ने सूटकेस में हेरोइन को छिपाकर अपने चेक इन बैगेज में रखने की बात स्वीकार की। यह प्लास्टिक और पेपर बैग में वैक्यूम पैक किया गया था।

पूछताछ के दौरान, महिला यात्रियों में से एक ने बताया किया कि उसे केन्याई नागरिक से मिलवाया गया था, जिसने दिल्ली में कुछ सामानों की डिलीवरी के बदले पैसे देने का वादा किया था। महिला यात्री कंपाला से सड़क मार्ग से नैरोबी पहुंची, जहां केन्याई ने एक मेडिकल टूरिस्ट के तौर पर टिकट और कुछ दस्तावेज मुहैया कराते हुए दिल्ली में डिलीवरी के लिए एक बैग सौंपा। इस महिला को एक ऐसे व्यक्ति को सामान देना था जो एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर उससे संपर्क करने वाला था। जब सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसे रोका तो उसके पास एक बैग पाया गया जिसमें 5.4 किलोग्राम हेरोइन छिपा कर रखी गई थी।

दूसरी महिला यात्री को भी उसी उड़ान में लगभग इसी तरह से रोका गया था, जिसमें उसके पास दो बैग थे। इनमें से एक बैग में 7.5 किलोग्राम हेरोइन छिपाकर रखा हुआ था। शुरुआती पूछताछ में महिला यात्री ने खुलासा किया कि उसे उसकी बहन ने कंपाला से नैरोबी के लिए सड़क मार्ग से और वहां से दिल्ली के लिए अबू धाबी के रास्ते उपरोक्त उड़ान से भेजा था। इस यात्री के पास एक मेडिकल टूरिस्ट की फर्जी प्रोफाइल को लेकर कुछ दस्तावेज भी थे।

 

Picture 3Picture 4

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इससे पहले भी सफलता मिली है। शारजाह के रास्ते नैरोबी से 28 और 29 अक्टूबर 2021 की मध्यरात्रि में पहुंचे एक केन्याई नागरिक से 3 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। इससे पहले भी, 23.04.2021 को, युगांडा से आ रहे दो भारतीय नागरिकों को 2 किलो हेरोइन के साथ रोका गया था, जिसमें जांच के परिणामस्वरूप 3 और आरोपी व्यक्तियों की पहचान हुई, जो युगांडा से बाहर हैं।

इस वर्ष में दिल्ली सीमा शुल्क विभाग ने 100 किलो से अधिक हेरोइन जब्त की है। 26 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यात्री मार्ग के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी के प्रयासों में तेजी को देखते हुए, भारतीय सीमा शुल्क ने सभी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर खुफिया जानकारी एकत्र करने और पिन पॉइंट प्रोफाइलिंग के माध्यम से संदिग्धों की जांच को बढ़ा दिया है। सीमा शुल्क विभाग नशीली पदार्थों की तस्करी और सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस साल सितंबर में मुंद्रा बंदरगाह पर 3000 किलो हेरोइन की भारी खेप जब्त की गई थी।

****

एमजी/एएम/वीएस/सीएस



(Release ID: 1771649) Visitor Counter : 207