आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

श्री हरदीप सिंह पुरी कल 14वें शहरी गतिशीलता सम्मेलन 2021 का उद्घाटन करेंगे


सम्मेलन का विषय "सभी के लिए गतिशीलता" समान पहुंच उपलब्ध कराने और समावेशी शहरी परिवहन को बढ़ावा देने पर केंद्रित है

केंद्रीय मंत्री "शहरी परिवहन में उत्कृष्टता" के लिए विजेता राज्यों/शहरों को पुरस्कार प्रदान करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 28 OCT 2021 3:18PM by PIB Delhi

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 29 अक्टूबर 2021 को शहरी गतिशीलता भारत (यूएमआई) सम्मेलन के 14 वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। एक दिवसीय सम्मेलन वीडियो कॉन्फ्रेंस / वेबिनार के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा। आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी उद्घाटन और समापन सत्र को सम्बोधित करेंगे। इस वर्ष के सम्मेलन का मुख्य विषय "सभी के लिए गतिशीलता" है जो समान पहुंच उपलब्ध कराने और समावेशी शहरी परिवहन को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। यह दृष्टिकोण समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से विकलांगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की विभिन्न आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने के साथ सस्ती, स्वच्छ, सुरक्षित, सूचनाप्रद, कुशल और सुलभ परिवहन प्रणालियों के प्रावधान से संबंधित है। इसलिए, इस कार्यक्रम का प्रसंग एक महत्वपूर्ण विषय है जिस पर समावेशी शहरी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए विचार-विमर्श करने की आवश्यकता है।

उद्घाटन सत्र का शुभारम्भ भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव, श्री दुर्गा शंकर मिश्रा के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद जर्मन संघीय आर्थिक सहयोग और विकास मंत्रालय (बीएमजेड)  के महानिदेशक, प्रोफ़ेसर डॉ. क्लाउडिया वार्निंग द्वारा एक संक्षिप्त संबोधन होगा।

"आर्थिक विकास और शहरी गतिशीलता" पर पूर्ण सत्र की अध्यक्षता और संचालन, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव, श्री दुर्गा शंकर मिश्रा द्वारा किया जाएगा।

कॉन्क्लेव सत्र "75 पर भारत- सभी के लिए गतिशीलता" विषय पर आधारित है। यह सत्र निम्नलिखित मुद्दों पर केंद्रित होगा- (ए) शहरी गतिशीलता को फिर से परिभाषित करने के लिए नीतियां और प्रथाएं ताकि "कोई भी पीछे न रहे"; (बी) लैंगिक समावेशी शहरी परिवहन; (सी) सभी के लिए आर्थिक समावेशन; (डी) एनएमटी को सक्रिय रूप से संरक्षित और बढ़ावा देने के उपाय; (ई) सुरक्षित और वहनीय शहरी परिवहन; (च) परिवहन से संबंधित मौतों और वायु प्रदूषण उत्सर्जन को कम करना।

आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें "शहरी परिवहन में उत्कृष्टता" के लिए विजेता राज्यों/शहरों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अपने वर्तमान दूरदर्शी नेतृत्व में देश "सब का साथ, सब का विकास" (यानी, "सभी के साथ और सभी के लिए विकास") के राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। यह दृष्टिकोण समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से विकलांगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की विभिन्न आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने के साथ सस्ती और सुलभ परिवहन प्रणालियों के प्रावधान से संबंधित है। इसके अनुसार, लोक परिवहन प्रणाली को मजबूत करने, प्रौद्योगिकी को अपनाने, विभिन्न मेट्रो रेल घटकों के स्वदेशीकरण और मानकीकरण, सुलभ और अच्छी तरह से जुड़ी एनएमटी सुविधाओं जैसे बड़े पैमाने पर पहल, सभी के लिए गतिशीलता की जरूरतों को सुनिश्चित करने और स्वस्थ और रहने योग्य समुदाय बनाने के लिए आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई है। 

भारत सरकार की राष्ट्रीय शहरी परिवहन नीति (एनयूटीपी)- 2006, अन्य बातों के साथ-साथ, शहरी परिवहन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य और शहर के स्तर पर क्षमताओं के निर्माण पर बल देती है और समाज के सभी वर्गों के लिए शहरी परिवहन प्रणाली के न्यायसंगत और टिकाऊ विकास के लिए दिशानिर्देश निर्धारित करती है।

एनयूटीपी घोषणाओं के हिस्से के रूप में, मंत्रालय ने शहरी गतिशीलता भारत पर एक वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी आयोजित करने की पहल की है, जिसे यूएमआई के नाम से जाना जाता है। सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य उन शहरों में सूचना का प्रसार करना है, जिन शहरों के अधिकारी सम्मेलन में भाग लेते हैं ताकि उन्हें विश्व स्तर पर नवीनतम और सर्वोत्तम शहरी परिवहन प्रथाओं के साथ अपडेट रहने में मदद मिल सके। सम्मेलन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के अन्य पेशेवरों, प्रौद्योगिकी और सेवा प्रदाताओं के साथ बातचीत करने का अवसर प्रदान करता है, ताकि प्रतिनिधि अपने शहरी परिवहन को एक स्थायी पथ के साथ विकसित करने के लिए घरेलू विचारों को आगे ले जा सकें। यह आयोजन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों, प्रौद्योगिकी और सेवा प्रदाताओं, नीति निर्माताओं, व्यवसाइयों और शहरी परिवहन क्षेत्र के अधिकारियों को एक ही मंच पर ले कर आता है।

*****

एमजी/एएम/एमकेएस


(रिलीज़ आईडी: 1767258) आगंतुक पटल : 279
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Malayalam , English , Urdu , Bengali , Punjabi