संस्‍कृति मंत्रालय

प्रधानमंत्री कल अमृत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगेः संस्कृति मंत्री

Posted On: 11 MAR 2021 4:48PM by PIB Delhi

संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा है कि कल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आज यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार ने कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम 12 मार्च, 2021 से प्रारंभ होंगे और 15 अगस्त, 2022 तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि 12 मार्च, 2021 को राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारें भी कार्यक्रम आयोजित करेंगी।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001VQPL.jpg

संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने 81 व्यक्तियों के साथ 12 मार्च से 6 अप्रैल, 1930 तक प्रसिद्ध दांडी पदयात्रा की थी। प्रधानमंत्री पदयात्रा को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 241 मील की यह पदयात्रा 25 दिन में 5 अप्रैल, 2021 को समाप्त होगी। पदयात्रा में 81 पदयात्री होंगे और दांडी तक इसके मार्ग में विभिन्न समूह के लोग शामिल होंगे।

श्री पटेल ने घोषणा की कि वह पदयात्रा के 75 किलोमीटर के पहले चरण का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने का निर्णय लिया है। 15 अगस्त, 2022 तक आने वाले 75 सप्ताहों के दौरान साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक कार्यक्रम होगा। महोत्सव में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों की रुचि के मुताबिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और संस्कृति मंत्रालय सहायता करेगा।

***

एमजी/एएम/एजी/एचबी



(Release ID: 1704167) Visitor Counter : 343