सूचना और प्रसारण मंत्रालय

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के कवरेज के लिए विस्तृत योजना तैयार की


श्री प्रकाश जावडेकर दिल्ली समेत सात स्थानों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे

Posted On: 11 MAR 2021 11:02AM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आजादी के 75 साल का त्योहार, एक ऐसा उत्सव  होगा;जिसमें स्वतंत्रता संग्राम की भावना, शहीदों को श्रद्धांजलि और भारत निर्माण की उनकी प्रतिज्ञा का अनुभव किया जाएगा। आज़ादी के अमृत महोत्सव को मनाने के लिए गठित राष्ट्रीय समिति को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि इस त्योहार में सनातन भारत की महिमा और आधुनिक भारत की आभा दिखनी चाहिए तथा इस महोत्सव में ऋषियों की आध्यात्मिकता की रोशनी और हमारे वैज्ञानिकों की प्रतिभा और ताकत भी प्रतिबिंबित होनी चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया कि यह आयोजन, इन 75 वर्षों में हमारी उपलब्धियों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा और अगले 25 वर्षों के लिए हमें संकल्प की एक रूपरेखा भी प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 75 साल के उत्सव के लिए 5 स्तंभ तय किए गए हैं:

  1. स्वतंत्रता संग्राम
  2. 75 पर विचार
  3. 75 पर उपलब्धियां
  4. 75 पर कार्य और
  5. 75 पर संकल्प

 

आज़ादी का अमृत महोत्सव स्वतंत्रता दिवस,2022 से 75 सप्ताह पहले शुरू होगा और स्वतंत्रता दिवस,2023 तक जारी रहेगा। यह आयोजन,25 दिवसीय उत्सव के साथ शुरू होगा, जिसका शुभारम्भ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 12 मार्च, 2021 को (दांडी मार्च के शुभारंभ की वर्षगांठ) गुजरात में करेंगे और इसका समापन 5 अप्रैल, 2021 को होगा (दांडी मार्च का समापन)।

प्रधानमंत्री के इस विज़न के अनुरूप और उत्सव की खुशी में योगदान देने के लिए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देश भर में आयोजनों की कवरेज के लिए विस्तृत योजना तैयार की है।

 

  1. दूरदर्शन समाचार और समाचार सेवा प्रभाग गुजरात में उद्घाटन कार्यक्रमों का लाइव कवरेज उपलब्ध कराएँगे। इसके बाद क्षेत्रीय समाचार इकाइयाँ देश भर में राज्य-स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों को कवरेज प्रदान करेंगी। दोनों संगठन अमृत महोत्सव पर प्राइम टाइम चर्चा और विशेष कार्यक्रम का आयोजन करेंगे और उद्घाटन कार्यक्रमों के बाद एक राष्ट्रीय राउंड-अप तैयार किया जाएगा।
  1. राज्य / केंद्रशासित प्रदेश सरकारों के साथ भागीदारी में आउटरीच और संचार ब्यूरो, ‘आजादी के 75 वर्ष’ विषय पर देशभर में प्रदर्शनियों का आयोजन करेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में मुख्य समारोह का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 12 बजे के बाद प्रख्यात हस्तियों द्वारा सैंतीस राज्य स्तरीय प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया जाएगा। प्रदर्शनियों में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक क्षणों को दिखाया जायेगा, जैसे असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा, भारत छोड़ो आंदोलन आदि। प्रदर्शनियों में दांडी मार्च, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और आंदोलन के अन्य नेताओं के त्याग को प्रमुखता दी जायेगी।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावडेकर 13 मार्च, 2021 को इन सैंतीस स्थानों में से छह स्थानों की प्रदर्शनियों का वर्चुअल रूप में उद्घाटन करेंगे।

  1. सांबा जिला, जम्मू और कश्मीर
  2. बैंगलोर, कर्नाटक
  3. पुणे, महाराष्ट्र
  4. भुवनेश्वर, ओडिशा
  5. मोइरांग जिला, बिष्णुपुर, मणिपुर
  6. पटना, बिहार

श्री प्रकाश जावडेकर 13 मार्च, 2021 को नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रमों के बारे में मंत्री ने कहा कि सभी राज्यों ने समारोह में बहुत रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि दांडी मार्च की वर्षगांठ पर 12 मार्च से शुरू होकर लगभग ढाई साल तक चलने वाले कार्यक्रमों से देश में उत्सव का माहौल बनेगा।

  1. प्रकाशन विभाग; स्वतंत्रता आंदोलन के विस्मृत नायकों, महिला स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्वोत्तर भारत में स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानी, लाल किले में इंडियन नेशनल आर्मी ट्रेन, स्वतंत्रता आंदोलन में प्रेस की भूमिका आदि पर पुस्तकें प्रकाशित करेगा। इन पुस्तकों का प्रकाशन दो साल की अवधि में किया जाएगा।

 

*****

एमजी / एएम / जेके/एचबी



(Release ID: 1704140) Visitor Counter : 269