रक्षा मंत्रालय

रक्षा मंत्री ने आज टेलीफोन पर अपने जापानी समकक्ष से बातचीत की

Posted On: 22 DEC 2020 5:49PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जापान के रक्षा मंत्री श्री किशी नोबुओ के साथ आज टेलीफोन पर बातचीत की। श्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री के रूप में श्री किशी की नियुक्ति होने पर उन्हें बधाई दी और कोविड महामारी के कारण उत्पन्न हुए गतिरोधों के बावजूद दोनों देशों के बीच चल रहे रक्षा सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।

दोनों रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और कानून के शासन के आधार पर एक स्वतंत्र तथा खुले समुद्र की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया। दोनों मंत्रियों ने भारत-जापान समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास - जिमेक्स 2020 और मालाबार 2020 के सफल संचालन तथा हाल ही में चीफ ऑफ स्टाफ, जापानी समुद्री आत्मरक्षा बल (जेएएसडीएफ) की भारत की सफल यात्रा का स्वागत किया।

रक्षा मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मज़बूत करने के मद्देनज़र आपूर्ति तथा सेवाओं के पारस्परिक प्रावधान के तहत समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए संतोष व्यक्त किया। टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, दोनों मंत्रियों ने विभिन्न द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पहलों पर हुई प्रगति की समीक्षा की और साथ ही भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक भागीदारी के ढांचे के तहत सशस्त्र बलों के बीच और अधिक सहयोग करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री सिंह और श्री किशी ने सहमति व्यक्त की कि, हाल के दिनों में दोनों देशों ने रक्षा उद्योग एवं प्रौद्योगिकी सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा दोनों राष्ट्र इस क्षेत्र में मिलकर और भी अधिक कार्य करने के लिए तत्पर हैं।

******

एमजी/एएम/एनके/एसएस 



(Release ID: 1682757) Visitor Counter : 215