रक्षा मंत्रालय
भारत और संयुक्त अरब अमीरात अबू धाबी में आयोजित 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक में अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास एवं उत्पादन में तेजी लाने पर सहमत हुए
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 8:00PM by PIB Delhi
भारत-संयुक्त अरब अमीरात के बीच संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की 14वीं बैठक 26 नवंबर 2026 को अबू धाबी में आयोजित हुई। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारतीय पक्ष की ओर से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी ने की।
इस बैठक के दौरान मई 2026 में प्रधानमंत्री की संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित ‘भारत-संयुक्त अरब अमीरात रणनीतिक रक्षा साझेदारी रूपरेखा’ के तहत निर्धारित किये गए कार्यक्रमों को रणनीतिक दिशा दी गई। दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग, रक्षा नवाचार एवं उन्नत प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को सशक्त करने पर आपसी सहमति जताई। इसके अलावा, अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास और संयुक्त उत्पादन से जुड़ी साझेदारियों को गति देने पर भी सहमति बनी।

दोनों देशों के सह-अध्यक्षों ने अगली जेडीसीसी बैठक से पहले रक्षा सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की नियमित अंतराल पर समीक्षा करने का निर्णय लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, भारतीय सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
भारतीय रक्षा उद्योग का एक शिष्टमंडल भी व्यापार-से-व्यापार (बी2बी) साझेदारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेडीसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ गया। बैठक के दौरान दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच व्यापारिक संवाद भी संपन्न हुआ। भारतीय रक्षा उद्योग के प्रतिनिधिमंडल ने तवाजुन औद्योगिक पार्क का दौरा किया और संयुक्त अरब अमीरात की तवाजुन आर्थिक परिषद के साथ बैठक की। इस दौरान संयुक्त अरब अमीरात के समकक्षों के साथ सहयोग की संभावनाओं को तलाशने और नए अवसरों को खोजने पर चर्चा की गई।
रक्षा सचिव के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन मुबारक फादेल अल मजरूई से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने खाड़ी व पश्चिम एशिया क्षेत्र की उभरती भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की तथा रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। रक्षा सचिव ने इस अवसर पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की ओर से उन्हें शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
इससे पहले, रक्षा सचिव द्वारा अबू धाबी स्थित ‘वहात अल करामा’ स्मारक पर संयुक्त अरब अमीरात की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
_20261126200142_2b0de8.jpeg)
भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंध हैं, जो व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा दोनों देशों के लोगों के बीच सशक्त जुड़ाव पर आधारित हैं। समय के साथ इन द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का स्वरूप मिला है, जिसमें रणनीतिक रक्षा सहभागिता भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
****
पीके/केसी/आरटी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2342271)
आगंतुक पटल : 65