सूचना और प्रसारण मंत्रालय
कहानी से पहले ‘भावना’: इफ्फी 2026 में अकी और द हंट्रेस सीमाओं के पार मानवीय भावनाओं को सामने लाती हैं
निर्देशक टियागो गुएडेस और सुज़ैन एंड्रयूज कोरिया ने उन फिल्मों पर चर्चा की, जो मानवीय रिश्तों, भावनाओं और न्याय की तलाश को दर्शाती हैं
गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) में शामिल दो बिल्कुल अलग-अलग फिल्मों की एक बात समान है: दोनों का मकसद दर्शकों को कुछ समझने से पहले उसे महसूस कराना है और ये अपनी कहानी में मानवीय भावनाओं को सबसे अहम जगह देती हैं। आज महोत्सव के दौरान फिल्म निर्माता टियागो गुएडेस और सुज़ैन एंड्रयूज कोरिया ने प्रेस से बात की और अपनी-अपनी फिल्मों, अकी और द हंट्रेस के बारे में जानकारी साझा की।
टियागो गुएडेस द्वारा निर्देशित अकी एक डिस्टोपियन ड्रामा है, जो जे. एम. कोएत्ज़ी की जीसस ट्राइलॉजी पर आधारित है। इसे महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा खंड में दिखाया जा रहा है। मैक्सिकन-अमेरिकी फिल्म निर्माता सुज़ैन एंड्रयूज कोरिया की पहली फीचर फिल्म द हंट्रेस स्पेनिश भाषा का एक ड्रामा-थ्रिलर है। यह फिल्म मेक्सिको के स्यूदाद जुआरेज़ में महिलाओं के खिलाफ हुई वास्तविक हिंसा की घटनाओं से प्रेरित है।

अकी: पसंद से बना एक परिवार
'अकी' - 2026 की एक फिल्म, जिसका प्रीमियर 18 मई 2026 को कान फिल्म महोत्व में हुआ था, अब गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इफ्फी 2026 के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता खंड में दिखाई जा रही है। कोएत्ज़ी की जीसस ट्राइलॉजी पर आधारित यह फिल्म एक ऐसे समाज की कहानी है, जहाँ लोग अपने अतीत की कोई भी याद साथ लाए बिना जीवन शुरू करते हैं, यहाँ पुरानी यादें मिटा दी जाती हैं और लोगों पर एक जैसा आचरण करने का दबाव डाला जाता है।
कहानी सिमोन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो डेविड नाम के एक छोटे लड़के को अपने साथ ले आता है। डेविड से उसकी मुलाकात इस नई दुनिया के सफर के दौरान होती है। सिमोन को लगता है कि लड़के को एक माँ की जरूरत है, इसलिए वह इनैस से संपर्क करता है। इनैस इसके लिए मान जाती है और धीरे-धीरे ये तीनों मिलकर एक अनोखा परिवार बना लेते हैं। लेकिन, जिस समाज में हर किसी से नियमों का पालन करने की उम्मीद की जाती है, वहाँ डेविड जैसे बच्चे को अपनाना आसान नहीं है, क्योंकि वह उस समाज के सांचे में ढलने से इनकार कर देता है। अपनी कल्पनाशीलता और आज़ादी की चाहत के ज़रिए, वह अपने आस-पास की दुनिया को चुनौती देता है। सिमोन और इनैस को एहसास होता है कि एक बच्चे को पालना एक अनिश्चित सफर है, जो ढेरों सवालों से भरा है और जिसके जवाब इतनी आसानी से नहीं मिलते।

निर्देशक टियागो गुएडेस ने कहा कि यह फिल्म इस बात की पड़ताल करती है कि इंसान होने का क्या अर्थ है। वे ऐसे दार्शनिक सवाल उठाते हैं, जिन पर उनका मानना है कि हर किसी को विचार करना चाहिए। कोएत्ज़ी की किताबों को पर्दे पर उतारने के बारे में उन्होंने बताया कि पढ़ते समय, उन्होंने कहानी के कथानक के बजाय उन भावनाओं पर अधिक ध्यान दिया, जो कहानी से पैदा होती थीं। उन्होंने कहा कि इससे किताब के मूल भाव की गहराई, एक दृश्य अनुभव के रूप में पर्दे तक पहुँच पाती है।
गुएडेस इस विचार को भी सामने लाते हैं कि परिवार हमेशा खून के रिश्तों से ही नहीं बनता, बल्कि यह उन विकल्पों से भी तय हो सकता है, जो गहरे मानवीय अनुभवों से लिए जाते हैं, इसमें धर्म या ईश्वर की कोई भूमिका नहीं होती। फिल्म का शीर्षक, जिसका स्पेनिश और पुर्तगाली भाषाओं में अर्थ 'यहाँ' है, इसी बात को दर्शाता है। जैसे-जैसे पात्र अपने विकल्प चुनते हैं, कैमरा धीरे-धीरे वाइड शॉट्स से क्लोज़-अप शॉट्स की ओर बढ़ता है, जिससे दर्शक उन पात्रों को और बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। गुएडेस ने फिल्म में कुछ खामोशियाँ और अस्पष्टता भी छोड़ी है, ताकि दर्शक कहानी को अपने-अपने तरीके से समझ सकें और उसकी व्याख्या कर सकें। अकी को जनवरी में पुर्तगाल, स्पेन और फ्रांस में प्रदर्शित किया जाएगा।
द हंट्रेस: न्याय की पुकार
द हंट्रेस (ला काज़ाडोरा) 2026 में रिलीज़ हुई एक स्पेनिश भाषा की ड्रामा थ्रिलर फिल्म है, जिसे सुज़ैन एंड्रयूज कोरिया ने लिखा और निर्देशित किया है। एड्रियाना पाज़ ने स्यूदाद जुआरेज़ में एक फैक्ट्री वर्कर और यौन उत्पीड़न की शिकार महिला का किरदार निभाया है, जो न्याय के लिए स्वयं न्याय का कदम उठाती है। यह फिल्म महिलाओं के खिलाफ हिंसा की वास्तविक घटनाओं और 2013 के "डायना, हंटर ऑफ द बस ड्राइवर्स" मामले पर आधारित है, जिसमें एक अज्ञात स्व-न्यायकर्ता ने व्यापक दंड मुक्ति के बीच बस चालकों को गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मेक्सिको और टेक्सास के सीमावर्ती इलाके पर आधारित यह फिल्म उन महिलाओं के अनुभवों को दिखाती है, जो कारखानों में काम करती हैं और जिन्हें यौन हिंसा व शोषण का सामना करना पड़ता है। कहानी 24 घंटों के भीतर घटित होती है, जिसमें मुख्य किरदार के अनुभवों और न्याय पाने की उसकी कोशिशों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
कोरिया ने बताया कि उनका मकसद दर्शकों को मुख्य किरदार की बेबसी और हताशा का ऐसा अनुभव कराना था, जिससे वे समझ सकें कि जब मदद की पुकार अनसुनी रह गई, तो उसने खुद न्याय करने और बदला लेने का फैसला क्यों किया। यह फिल्म न्याय की दिशा में बदलाव लाने और महिलाओं के खिलाफ हो रहे उन अपराधों के विरोध में एक आह्वान भी है, जो आज भी जारी हैं।
कोरिया ने बताया कि अन्य प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ इस फिल्म को बनाने में उन्हें दस साल लग गए। इस सफर ने उन्हें सिखाया कि फिल्म निर्माण में लगन और समर्पण के साथ-साथ "कहानी से जुड़े रहने" का विजन होना चाहिए और साथ ही क्रू, कलाकारों व दर्शकों के साथ बेहतर संवाद करने के तरीके खोजने चाहिए। गुएडेस की तरह, उनका भी यही इरादा था कि वे दर्शकों तक केवल कहानी ही नहीं, बल्कि उसके पीछे की "भावना" भी पहुँचाएँ। हालाँकि, शुरुआत में उन्हें चिंता थी कि वास्तविक जीवन के संदर्भ के बिना यह कहानी शायद अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को पसंद न आए, लेकिन यह देखकर उन्हें दुख भी हुआ और विनम्रता का अहसास भी हुआ कि मुख्य किरदार का डर और उसकी भावनाएँ अलग-अलग संस्कृतियों और सीमाओं के पार के दर्शकों के दिलों को छू गईं।
इस सत्र का संचालन सुश्री श्रीयंका चटर्जी ने किया।
सीमाओं से परे कहानियाँ
हालाँकि यहां एक फिल्म एक ऐसी काल्पनिक दुनिया पर आधारित है, जहाँ यादें नहीं हैं और दूसरी एक वास्तविक सीमावर्ती शहर पर आधारित है, फिर भी अकी और द हंट्रेस एक ही बिंदु पर मिलती हैं: ये दिमाग से पहले सीधे दिल को छूती हैं। दोनों निर्देशकों ने कहानी के कथानक (प्लॉट) के बजाय भावनाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने इन्हीं भावनाओं के ज़रिए मानवीय रिश्तों, परिवार के अर्थ, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और न्याय की खोज जैसे कठिन सवाल उठाए हैं। उनकी फिल्में दिखाती हैं कि कैसे किसी विशेष सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश से जुड़ी कहानियाँ, भाषा और सीमाओं की बाधाओं को पार करके दर्शकों से जुड़ सकती हैं। यह इस साल के इफ्फी की थीम, सीमाओं से परे कहानियाँ की भावना को बखूबी दर्शाती हैं।
Press Conference | The Huntress & Aqui | International Cinema | IFFI 2026
यहाँ IFFILOID (इफ्फीलॉइड) पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
* * *
पीके/केसी/आरटी/एनएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2340686)
आगंतुक पटल : 49