सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इफ्फी 2026 में, चंडीगढ़ के विकास में माचे नोवित्स्की का अल्पज्ञात योगदान निर्मांजलि द्वारा सामने आया

गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान पत्र सूचना कार्यालय – पीआईबी द्वारा आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार सूरज कुमार ने अपनी गैर-फीचर वृत्तचित्र फिल्म निर्मांजलि: द चंडीगढ़ ऑफ माचे नोवित्स्की के माध्यम से वास्तुकार माचे नोवित्स्की की कम चर्चित विरासत सामने रखी। माचे नोवित्स्की एक प्रसिद्ध पोलिश वास्तुकार थे, जिन्हें मुख्य रूप से चंडीगढ़ का प्रारंभिक मास्टर प्लान तैयार करने के लिए जाना जाता है। यह फिल्म चंडीगढ़ की वास्तुशिल्पीय परिकल्पना में नोवित्स्की के योगदान को दर्शाती है, जो शहर के विशिष्ट जालीदार अग्रभागों, पड़ोस के बाजारों और शहरी स्वरूप में दिखाई देता है।

कठोर और विशाल स्मारक संरचनाएं बनाने के बजाय, नोवित्स्की के डिजाइन भारतीय जलवायु और सामुदायिक जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप थे। उन्होंने एक कृत्रिम जलाशय की परिकल्पना की थी, जो बाद में सुखना झील बना। साथ ही उन्होंने ऐसे आत्मनिर्भर आवासीय सुपरब्लॉक की योजना बनाई थी, जिनमें स्कूल, पार्क, बाजार और सामुदायिक स्थान शामिल हों। हालांकि, वर्ष 1950 में जब वे अपनी परिकल्पना को साकार रूप देने के लिए भारत लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक विमान दुर्घटना में उनका निधन हो गया, पर उनके विचार उनके रेखाचित्रों के माध्यम से बचे रहे। स्विस वास्तुकार पियरे जेनेरे ने इन रेखाचित्रों को पहचाना और चंडीगढ़ के सेक्टर 7 और 8 विकसित करने में उनका इस्तेमाल किया।

माचे नोवित्स्की के योगदान और कम चर्चित इतिहास को फिर से सामने लाने के प्रयास में भारत से बाहर भी व्यापक अभिलेखीय शोध करना पड़ा। चंडीगढ़ वास्तुकला संग्रहालय में नोवित्स्की की केवल 20 से 25 कृतियां ही संरक्षित हैं। ऐसे में सूरज कुमार ने समाचार पत्र द ट्रिब्यून के पुराने अंकों और नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी में डिजिटलीकृत डिजाइन संबंधी टिप्पणियों के माध्यम से अभिलेखीय सामग्री का पता लगाया। इसी विश्वविद्यालय में नोवित्स्की ने वास्तुकला विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य किया था। इस शोध में पोलैंड के राजदूत के परामर्श के बाद पोलैंड दूतावास और पोलिश संस्थान ने सहयोग दिया।

श्री सूरज कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नोवित्स्की के 75 वर्ष पुराने ब्लूप्रिंट समकालीन भारतीय शहरों के लिए महत्वपूर्ण सीख प्रदान करते हैं, जो गर्मी के बढ़ते प्रभाव और अनियोजित शहरी विस्तार जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक वास्तुकला स्थानीय जलवायु और मानवीय आवश्यकताओं के अनुरूप होनी चाहिए।

सूरज कुमार और डॉ. गरिमा सिंह के नेतृत्व वाले जॉन्सन्स सूरज फिल्म्स इंटरनेशनल – जेएसएफआई – द्वारा निर्मित, निर्मांजलि की पटकथा मुर्तजा अली खान ने लिखी है। फिल्म का छायांकन राकेश राणा ने, संपादन अमित रॉय ने और संगीत शुभेंद्र राव तथा सास्किया राव-डी हास ने दिया है। इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता विक्टर बनर्जी भी नजर आए हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान के पूर्व छात्र सूरज कुमार को वृत्तचित्र और फीचर फिल्म निर्माण का 27 वर्षों का अनुभव है। उनके पिछले कार्यों में 500 से अधिक वृत्तचित्र और थिंकिंग ऑफ हिम तथा पिपलांत्री जैसी फिल्में शामिल हैं।

संवाददाता सम्मेलन यहां देखें:

संवाददाता सम्मेलन | निर्मांजलि: द चंडीगढ़ ऑफ माचे नोवित्स्की | आईएफएफआई 2026

सुश्री आरुषि बब्बर ने संवाददाता सम्मेलन का संचालन किया।

आईएफएफआई लॉयड यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2340456) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Malayalam , English , Urdu , Assamese , Bengali , Gujarati