प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 2:23PM by PIB Delhi
उन्होंने सिम्बायोसिस को अंतरराष्ट्रीय समझ, शैक्षणिक उत्कृष्टता और समावेशी शिक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा, “इसका नाम ही सह-अस्तित्व, आपसी सम्मान और विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को एक साथ लाने से मिलने वाले समृद्ध अनुभव को दर्शाता है।” उन्होंने भारत की वसुधैव कुटुंबकम् की सभ्यतागत भावना का उल्लेख करते हुए कहा, “ऐसे समय में जब विश्व जटिल चुनौतियों का सामना कर रहा है, शिक्षा को विभिन्न राष्ट्रों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच एक सेतु का काम करना चाहिए।”
उन्होंने सिम्बायोसिस के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की सराहना करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ने 2024 में दुबई में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शाखा परिसर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच शैक्षिक संबंधों को मजबूत करती है और वैश्विक उच्च शिक्षा में भारत की महत्ता को बढ़ाती है।
उपराष्ट्रपति ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में सिम्बायोसिस में 62,000 से अधिक छात्र हैं, जिनमें पूरे भारत से 29,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 85 देशों के 3,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय छात्रों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि विश्वविद्यालय समावेशी और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के प्रति दृढ़ है।
उन्होंने उच्च शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश भर में दीक्षांत समारोहों के दौरान उन्होंने हमेशा पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाओं को डिग्रियां और पदक प्राप्त करते देखा है। उन्होंने कहा, "मेरे लिए, यह 'नारी शक्ति' के बढ़ते सामर्थ्य का स्पष्ट प्रमाण है। यही वास्तविक महिला सशक्तिकरण है।" उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में 'सिम्बायोसिस मेडिकल कॉलेज फॉर विमेन' की स्थापना की भी सराहना की।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछले बारह वर्षों में उच्च शिक्षा के व्यापक विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि विश्वविद्यालयों की संख्या 2014-15 में 760 थी जो आज बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि आईआई टी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआई एम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स संस्थानों की संख्या 8 से बढ़कर 23 हो गई है। उन्होंने आगे बताया कि उच्च शिक्षा में नामांकन 2014-15 में 3.4 करोड़ था जो अब बढ़कर 4.5 करोड़ से अधिक छात्रों तक पहुंच गया है।
उपराष्ट्रपति ने एक जिम्मेदार वैश्विक साझेदार के रूप में भारत की भूमिका पर जोर देते हुए 'इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन' कार्यक्रम का उल्लेख किया। इससे 160 से अधिक साझेदार देशों के पेशेवरों और अधिकारियों को लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि 2014 से अब तक ग्लोबल साउथ के 80,000 से अधिक पेशेवरों ने—जिनमें 30,000 महिलाएं शामिल हैं—आईटीईसी प्रशिक्षण से लाभ उठाया है। उन्होंने कहा, "भारत आपसी सम्मान और समानता के आधार पर अपने साझेदार देशों के साथ ज्ञान, कौशल और विशेषज्ञता साझा करने में दृढ़ विश्वास रखता है।"
उन्होंने कहा कि यूपीआई और इंडिया स्टैक जैसी पहलें वैश्विक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, वित्तीय समावेशन और सुशासन में भारत के बढ़ते योगदान को दर्शाती हैं। उन्होंने आगे कहा कि तंजानिया के ज़ांज़ीबार में आईआईटी मद्रास का अंतरराष्ट्रीय परिसर, अफ्रीका के साथ भारत की बढ़ती शैक्षिक और तकनीकी साझेदारी का एक और उदाहरण है।
उपराष्ट्रपति ने 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता को याद करते हुए जी20 में अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने इसे वैश्विक निर्णय-प्रक्रिया में अफ्रीका की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उपराष्ट्रपति ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और वैज्ञानिक नवाचारों से तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए, स्नातकों से जीवन भर सीखते रहने को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “आपकी डिग्रियां एक मजबूत आधार हैं, लेकिन जीवन भर सीखते रहना आपकी सबसे बड़ी पूंजी होगी।”
उन्होंने छात्रों को ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “पेशेवर सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन चरित्र और नैतिक आचरण ही लंबे समय तक सम्मान दिलाते हैं।” उन्होंने स्नातकों से उद्यमिता, शोध, जनसेवा, उद्योग और सामाजिक नवाचार के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “राष्ट्र-निर्माण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है। यह नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायों और समुदायों का एक सामूहिक मिशन है।”
उन्होंने 2026 के स्नातक वर्ग पर भरोसा जताते हुए कहा कि युवा पेशेवर ‘विकसित भारत @2047’ की ओर भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने छात्रों से सिम्बायोसिस के मूल्यों को बनाए रखने, समाज में योगदान देने और अपने परिवारों तथा संस्थान का मान बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने छात्रों से “नशीले पदार्थों से दूर रहने” की भी अपील की।
अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने समारोह के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति को विभिन्न देशों के झंडे भेंट किए। ये झंडे विश्वविद्यालय के विविध अंतरराष्ट्रीय छात्र समुदाय का प्रतीक हैं और विभिन्न राष्ट्रों के बीच शांति और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
उपराष्ट्रपति ने मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और श्रेष्ठता के लिए 'आउटस्टैंडिंग फॉरेन स्टूडेंट ऑफ द ईयर' का 'प्रो. (डॉ.) एस. बी. मजूमदार पुरस्कार' और स्वर्ण पदक भी प्रदान किए।
महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा; महाराष्ट्र सरकार के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री चंद्रकांत पाटिल; सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) की कुलाधिपति डॉ. विद्या येरवडेकर; कुलपति डॉ. रामकृष्णन रमन सहित कई गणमान्य व्यक्ति वहां उपस्थित थे।
***
पीके/केसी/आरटी/पीपी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2339588)
आगंतुक पटल : 28