श्रम और रोजगार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ईएसआईसी ने नई माफी योजना 2025 की समय-सीमा 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई: नियोक्ताओं और बीमित व्यक्तियों को लंबित मामलों के निपटारे के लिए मिला और अधिक समय 


तीन महीने का यह विस्तार मुकदमेबाजी कम करने और स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने के प्रति ईएसआईसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है

प्रविष्टि तिथि: 29 OCT 2026 9:21AM by PIB Delhi

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने विभिन्न हितधारकों के अभ्यावेदनों की समीक्षा के बाद नई माफी योजना, 2025 की अवधि मौजूदा नियमों और शर्तों के तहत तीन महीने के लिए बढ़ा दी है। यह योजना पहले 01.10.2025 से 30.09.2026 तक लागू थी और अब 01.10.2026 से 31.12.2026 तक जारी रहेगी।

नई माफी योजना, 2025 एक बार की विवाद समाधान पहल है, जिसका उद्देश्य अदालतों में लंबित मामलों की संख्या कम करना और पूर्ववर्ती ईएसआई अधिनियम के तहत अनुपालन को बढ़ावा देना है। यह योजना नियोक्ताओं को ईएसआईसी के साथ कानूनी विवादों का अदालत के बाहर निपटारा करने के लिए एक सुव्यवस्थित तंत्र उपलब्ध कराती है। इसके तहत निम्नलिखित प्रावधान हैं:

  • वास्तविक अंशदान और ब्याज का भुगतान करके तदर्थ निर्धारण का निपटारा किया जा सकता है। ऐसे मामलों में कोई हर्जाना नहीं लगाया जाएगा।
  • जिन मामलों में नियोक्ताओं ने पहले ही बकाया राशि का भुगतान कर दिया है, विवादित हर्जाने की राशि के 10 प्रतिशत के भुगतान की शर्त पर उनके खिलाफ दायर मामला वापस लिया जा सकता है।
  • अभिलेख प्रस्तुत न करने या भुगतान में देरी के कारण ईएसआईसी द्वारा दायर किए गए मामलों को भी अदालत की अनुमति से वापस लिया जा सकता है, यदि संबंधित नियोक्ताओं ने बाद में अनुपालन कर लिया हो।
  • 31.03.2025 तक दायर किए गए अदालती मामले इस योजना के अंतर्गत पात्र हैं।

इस योजना की अवधि बढ़ाए जाने से पात्र नियोक्ताओं और बीमित व्यक्तियों को इसका लाभ उठाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। सभी संबंधित हितधारकों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे 31.12.2026 की अंतिम तिथि से पहले इस विस्तारित अवसर का लाभ उठाएं। योजना का विवरण https://esic.gov.in/attachments/publicationfile/Amnesty_Flyer_2025_1762755260.pdf पर उपलब्ध है।

नई माफी योजना, 2025 विवादों के समाधान के लिए एक व्यावहारिक और नियोक्ता-अनुकूल माध्यम है। यह ईएसआईसी की सेवाओं से लाभान्वित होने वाले नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करते हुए कारोबार सुगमता बढ़ाने के सरकार के व्यापक लक्ष्य को भी समर्थन देती है।

***

पीके/केसी/आरटी/बीयू/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2329889) आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Marathi , Bengali , Telugu , Malayalam