रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्री ने 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस से इतर सिंगापुर के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता की
दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा की तथा आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने के नए अवसरों पर चर्चा की
भारत, आसियान की केंद्रीय भूमिका और स्वतंत्र, खुले व समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध है; भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी में सिंगापुर एक प्रमुख स्तंभ है: श्री राजनाथ सिंह
प्रविष्टि तिथि:
28 OCT 2026 8:23PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में 28 अक्टूबर, 2026 को आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के 13वें संस्करण से इतर सिंगापुर के रक्षा मंत्री श्री चान चुन सिंग के साथ सार्थक द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और मजबूत रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित किया गया। दोनों नेताओं ने जारी रक्षा गतिविधियों की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा की।
दोनों रक्षा मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में बढ़ती गति पर संतोष व्यक्त किया। वार्ता के दौरान थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच परिचालन तालमेल तथा आपसी समझ को और मजबूत करना है।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आसियान की केंद्रीय भूमिका और स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी में सिंगापुर एक महत्वपूर्ण स्तंभ की तरह है।
श्री राजनाथ सिंह ने रक्षा उद्योग व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री चान चुन सिंग को फरवरी 2027 में बेंगलुरु में आयोजित होने वाले आगामी ‘एयरो इंडिया 2027’ में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। रक्षा मंत्री ने सिंगापुर के रक्षा मंत्री को वर्ष 2027 में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस की अध्यक्षता संभालने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
***
पीके/केसी/आरटी/एनके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2329828)
आगंतुक पटल : 81