उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
राष्ट्रीय विश्व मानक दिवस 2026 समारोह में गुणवत्ता अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा और उपभोक्ता सुरक्षा पर मुख्य ध्यान
केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने भारत के स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण में मानकों की भूमिका पर प्रकाश डाला
राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा और सुश्री निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया ने दिल्ली में बीआईएस विश्व मानक दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया
बीआईएस ने सिल्वर रिफाइनरी योजना तथा सतत कृषि और सतत विनिर्माण के लिए रोडमैप लॉन्च किए
उभरती प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, पारंपरिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के लिए नए भारतीय मानक जारी किए गए
प्रविष्टि तिथि:
14 OCT 2026 6:26PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय गुणवत्ता अवसंरचना को मजबूत करने और भारत के स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण को तेज़ करने की दिशा में एक बड़े प्रयास के तहत, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व मानक दिवस 2026 के राष्ट्रीय समारोह के अवसर पर बीआईएस सिल्वर रिफाइनरी योजना, उभरती प्रौद्योगिकियों और स्वच्छ ऊर्जा गतिशीलता से जुड़े नए भारतीय मानक, तथा सतत कृषि एवं विनिर्माण के लिए मानकीकरण रोडमैप का अनावरण किया।
मानकीकरण कार्य से जुड़े पेशेवरों, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों को अध्यक्षीय भाषण देते हुए, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा शिक्षा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने गुणवत्ता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर बल दिया: उन्होंने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न के अंतर्गत, विकसित भारत की हमारी यात्रा एक ही मंत्र से संचालित है — गुणवत्ता, गुणवत्ता और केवल गुणवत्ता।” इस वर्ष की थीम ‘साझा दृष्टिकोण, एक बेहतर विश्व के लिए: एसडीजी 7 (स्वच्छ और किफ़ायती ऊर्जा)’ पर बोलते हुए श्री जोशी ने भारत के ऊर्जा परिवर्तन को आकार देने में बीआईएस द्वारा विकसित भारतीय मानकों की भूमिका को रेखांकित किया।
देश में गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार के लिए बीआईएस के निरंतर प्रयासों पर उन्हें बधाई देते हुए, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा ने हर नागरिक के जीवन की गुणवत्ता सुधारने में मानकों के मौलिक प्रभाव पर ज़ोर दिया। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री सुश्री निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया ने मानकीकरण के उपभोक्ता-केंद्रित पहलू पर प्रकाश डाला। उन्होंने नए क्षेत्रों में मानक विकास का विस्तार करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि ऐसा संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र बने जो साथ साथ औद्योगिक विकास को गति दे और उपभोक्ता कल्याण की रक्षा करे।
हाल के वर्षों में बीआईएस की ऐतिहासिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए, उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव सुश्री निधि खरे, आईएएस, ने सार्वजनिक खरीद और विनियमन में एकरूपता, निरंतरता तथा प्रक्रियाओं की संस्थागत स्थिरता स्थापित करने में मानकीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने ज़ोर दिया कि प्रभावी उपभोक्ता संरक्षण निवारण जनित होना चाहिए, जो मज़बूत परीक्षण, डिजिटल प्रवर्तन और अनुरूपता मूल्यांकन से संचालित हो।
प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बीआईएस के महानिदेशक श्री संजय गर्ग ने कहा, “मानक नवाचार, प्रौद्योगिकी विकास और औद्योगिक शक्ति के महत्वपूर्ण सक्षमक हैं।” उन्होंने घोषणा की कि बीआईएस दुनिया के उन प्रथम राष्ट्रीय मानकीकरण निकायों में से है, जिन्होंने सभी हितधारकों के लिए मानकों के विकास और उन तक पहुँच को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। उन्होंने बीआईएस में व्यापार में सहजता को समर्थन देने वाले प्रमुख सुधारों को भी रेखांकित किया।
बीआईएस सिल्वर रिफाइनरी योजना का शुभारंभ
चाँदी के रिफाइनरियों और मिंटों के लिए बीआईएस प्रमाणीकरण योजना, पूरे भारत में चाँदी के बुलियन और सिक्कों के लिए संरचित शुद्धता आश्वासन और हॉलमार्किंग प्रदान करती है तथा मौजूदा गोल्ड रिफाइनरी योजना के आदर्श पर चाँदी की शुद्धता के लिए एक राष्ट्रीय ढाँचा स्थापित करती है।
भारतीय मानक आईएस 2112:2025 (चाँदी और चाँदी की मिश्रधातुएँ, आभूषण/कलाकृतियाँ — शुद्धता और अंकन) में संशोधन संख्या 1 के राजपत्र अधिसूचना के बाद, तीन शुद्धता श्रेणियों — 999.9, 999.5 और 999.0 पार्ट्स पर थाउज़ेंड (पीपीटी) — के शुद्ध चाँदी के बुलियन और सिक्कों को मानक के दायरे में शामिल किया गया है, जिसमें बीआईएस लाइसेंसप्राप्त रिफाइनरियों और मिंटों द्वारा हॉलमार्किंग का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के तहत, बीआईएस योग्य चाँदी रिफाइनरियों और मिंटों को उनकी तकनीकी दक्षता, रिफाइनिंग प्रक्रियाओं और परीक्षण अवसंरचना के आकलन के बाद लाइसेंस प्रदान करेगा। लाइसेंस प्राप्त सुविधाओं को निर्धारित आवश्यकताओं के अनुरूप चाँदी के बुलियन और सिक्कों पर आधिकारिक बीआईएस हॉलमार्क लगाने का अधिकार होगा।
कीमती धातुओं की आपूर्ति श्रृंखला में प्रामाणिकता और पहचान सुनिश्चित करने के लिए, हॉलमार्क किए गए चाँदी के बुलियन और सिक्कों पर एक मानकीकृत बीआईएस चिह्न होगा, जिसमें बीआईएस मानक चिह्न के साथ ‘सिल्वर’ शब्द, शुद्धता श्रेणी (999.9, 999.5 या 999.0), निर्माता का पहचान चिह्न और बैच ट्रेसेबिलिटी के लिए एक विशिष्ट क्रम संख्या शामिल होगी।
मानक रिफाइनरियों और मिंटों में बुलियन और सिक्कों में चाँदी की मात्रा निर्धारित करने के लिए सख़्त नमूना लेने और परीक्षण प्रोटोकॉल निर्धारित किया गया है। इनमें ग्रैविमेट्रिक परीक्षण (आईएस 2113), आईसीपी-ओईएस डिफरेंस विधि (आईएस 16900 / आईएसओ 15096) और स्पार्क-ओईएस डिफरेंस विधियाँ (आईएस 19563 / आईएसओ 18214) जैसी उन्नत विश्लेषणात्मक विधियाँ शामिल हैं।
https://youtu.be/SrF8K82bTow
बीआईएस डिजिटल स्टैंडर्ड रीडर का शुभारंभ
बीआईएस डिजिटल स्टैंडर्ड रीडर एक वेब-आधारित मंच है, जो एक्सएमएल प्रारूप में तैयार भारतीय मानकों को इंटरैक्टिव स्मार्ट मानकों में बदलता है। पहुँच बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया यह उपकरण उपयोगकर्ताओं को तकनीकी सामग्री खोजने, हाइपरलिंक किए गए क्रॉस-रेफरेंस में नेविगेट करने, इन-बिल्ट शब्दकोश तक पहुँचने और पाठ का भारतीय भाषाओं में अनुवाद करने में सक्षम बनाता है। मोबाइल उपकरणों, टैबलेट और डेस्कटॉप पर उपलब्ध यह मंच उपयोग के रुझानों को ट्रैक करने के लिए एनालिटिक्स डैशबोर्ड भी प्रदान करता है और भविष्य की डिजिटल सेवाओं के लिए एआई-रेडी भंडार स्थापित करता है। इससे भारतीय मानक अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल और अपनाने में आसान होंगे।
नए भारतीय मानकों का विमोचन
इस अवसर पर बीआईएस ने वस्त्र, स्वच्छ गतिशीलता, चिकित्सीय स्वास्थ्य सेवा, रोबोटिक्स और भवन निर्माण सामग्री सहित विविध क्षेत्रों में 7 नए भारतीय मानकों के लागू होने की घोषणा की।
उभरती प्रौद्योगिकियाँ और स्वच्छ ऊर्जा गतिशीलता
- इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सिस्टम के लिए केबल (आईएस 19967:2026): एसी मोड 1–3 और डीसी मोड 4 सिस्टमों में कठिन बाहरी परिस्थितियों में काम करने वाले लचीले चार्जिंग केबलों (1,100 वोल्ट एसी / 1,500 वोल्ट डीसी तक) के लिए निर्माण, इन्सुलेशन, थर्मल प्रबंधन और परीक्षण प्रोटोकॉल निर्धारित करता है।
- पैडल असिस्टेड साइकिल / ईपैक (आईएस 19891:2026): 0.25 किलोवाट तक की सतत रेटेड शक्ति और 25 किमी/घंटा पर स्पीड कट-ऑफ वाले विद्युत शक्ति चालित साइकिलों के लिए डिज़ाइन, विद्युत परिपथ सुरक्षा, शॉर्ट-सर्किट/अधिक गर्मी से सुरक्षा और छेड़छाड़-रोधी नियमों के मानक प्रदान करता है।
- वियरेबल सर्विस रोबोट — निचले अंग (आईएस 17192 भाग-6:2026): निचले अंगों की सहायक और पुनर्वास रोबोटिक्स की गति, स्थिरता और प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए एंथ्रोपोमॉर्फिक परीक्षण डमी के उपयोग से अंतरराष्ट्रीय परीक्षण मानदंडों (आईएसओ एफडीआईएस 18646-6:2025 के समान) को अपनाता है।
स्वास्थ्य सेवा
- बाल चिकित्सा पंचकर्म द्रोणी (आईएस 19960:2026): शिशु (जन्म से 2 वर्ष) और बच्चों (2 से 10 वर्ष) के लिए बाल चिकित्सा पंचकर्म उपचार टेबल (द्रोणी) की सुरक्षा, संरचनात्मक स्थिरता, गैर-विषैले कोटिंग और तेल-प्रतिरोधी विनिर्देश सुनिश्चित करता है।
- चिकित्सीय जूते का विनिर्देश (आईएस 19956:2026): मधुमेह और न्यूरोपैथिक रोगियों के लिए डिज़ाइन किए गए जूतों के लिए नैदानिक और यांत्रिक सुरक्षा मानदंड सुनिश्चित करता है। यह पैर के अल्सर के जोखिम को कम करने के लिए दबाव राहत, आंतरिक गहराई, रॉकर ज्यामिति, नमी प्रबंधन और एंटीफंगल गुणों को कवर करता है।
औद्योगिक सामग्री और भवन उत्पाद
- लचीली प्लाईवुड का विनिर्देश (आईएस 19952:2026): इंटीरियर डिज़ाइन और वास्तुकला में उपयोग होने वाले वक्राकार लकड़ी-आधारित पैनलों के लिए मानक वर्गीकरण, गोंद बंधन शक्ति श्रेणियाँ (नमी-प्रतिरोधी, बीडब्ल्यूआर और बीडब्ल्यूपी) तथा फॉर्मल्डिहाइड उत्सर्जन सीमाएँ प्रदान करता है।
- पीवीसी कोटेड फाइबरग्लास इंसेक्ट स्क्रीन (आईएस 19825:2026): आवासीय और वाणिज्यिक स्थानों में उपयोग होने वाली फाइबर ग्लास कीट-जाली के लिए जाली की मजबूती, यूवी अपघटन प्रतिरोध, ज्वाला फैलाव प्रतिरोध और संरचनात्मक स्थायित्व की आवश्यकताएँ निर्धारित करता है।
सतत कृषि एवं विनिर्माण के क्षेत्र में मानकीकरण हेतु राष्ट्रीय रोडमैप जारी
इस अवसर पर बीआईएस के पर्यावरण और पारिस्थितिकी प्रभाग परिषद द्वारा विकसित एक रणनीतिक रोडमैप जारी किया गया, जिसका उद्देश्य सतत कृषि क्षेत्र के लिए भारतीय मानक स्थापित करना है। यह दस्तावेज़ जलवायु परिवर्तन, संसाधनों की कमी, भूमि अवक्रमण, फसल कटाई के बाद की हानि और अकुशल पोषक तत्व उपयोग जैसी चुनौतियों को संबोधित करता है। यह 15 श्रेणियों में फैला है, जिनमें मृदा प्रबंधन, जल उपयोग, कृषि आदान, उभरती प्रौद्योगिकियाँ, जलवायु सेवाएँ और सामाजिक-आर्थिक सहायता शामिल हैं। राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन कार्ययोजना (एनएपीसीसी) के अनुरूप, रोडमैप तीन समय-सीमाओं में मानक निर्माण की रूपरेखा देता है: अल्पकालिक (1 वर्ष), मध्यकालिक (2–3 वर्ष) और दीर्घकालिक (4–5 वर्ष)।
आज जारी किए गए दूसरे रोडमैप में, सतत विनिर्माण के लिए कम कार्बन प्रौद्योगिकियों, संसाधन दक्षता, परिपत्र अर्थव्यवस्था प्रथाओं, सतत उत्पाद डिज़ाइन, डिजिटलीकरण, सततता रिपोर्टिंग और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को मानकीकरण के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में पहचाना गया है।
मानक विकास के लिए सर्वश्रेष्ठ तकनीकी समितियों को पुरस्कार
विश्व मानक दिवस के अवसर पर बीआईएस संबंधित क्षेत्रों में भारतीय मानकों के विकास को आगे बढ़ाने में विशेषज्ञों के उत्कृष्ट योगदान, तकनीकी विशेषज्ञता और सर्वश्रेष्ठ सहयोगात्मक प्रयासों को पहचानने के लिए तकनीकी समिति पुरस्कार प्रदान करता है। इस वर्ष 16 प्रतिष्ठित तकनीकी समितियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
मानकीकरण ढाँचे में 6 नए शैक्षणिक संस्थान जोड़े गए
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा और सुश्री निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया की उपस्थिति में बीआईएस ने आईआईटी रोपड़, एनआईटी मणिपुर, एनआईटी मेघालय, असम टेक्सटाइल्स इंस्टीट्यूट, आईआईटी धारवाड़ और आरजीआईपीटी (राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी) को एमओयू साझेदार संस्थानों के रूप में शामिल किया, जिसका उद्देश्य भारतीय मानकों को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में एकीकृत करना और छात्रों को मानक-तैयार पेशेवरों में बदलना है।
आज की तिथि तक बीआईएस के 98 एमओयू साझेदार संस्थान हैं, जो शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में मानकों के एकीकरण, मानकीकरण हेतु सहयोगी अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं के साथ-साथ बीआईएस में इंटर्नशिप और छात्रों को उद्योग अनुभव प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं।
प्रयोगशाला में सुरक्षा हेतु सुविधाजनक प्रथाओं पर हैंडबुक
बीआईएस ने प्रमुख मानकों (जिनमें आईएस 4209, आईएस 4906 और आईएस 9457 शामिल हैं) पर आधारित एक व्यापक पुस्तिका, ‘प्रयोगशाला में सुरक्षा हेतु सुविधाजनक प्रथाएँ’ प्रकाशित की है। यह संदर्भ हैंडबुक रासायनिक, रेडियोकेमिकल और माइक्रोबायोलॉजिकल सुविधाओं के लिए खतरे की पहचान, सुरक्षात्मक उपकरण, संदूषण नियंत्रण और सुरक्षित अपशिष्ट निपटान को कवर करती है।
शैक्षिक कॉमिक बुक्स का विमोचन
इस अवसर पर बीआईएस ने बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही मानकों, गुणवत्ता और उपभोक्ता संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए खिलौनों और हॉलमार्किंग पर भारतीय मानकों से संबंधित दो नई कॉमिक बुक्स जारी कीं। इन शीर्षकों को जोड़ने के साथ बीआईएस ने अपने संग्रह को 13 कॉमिक बुक्स तक विस्तारित किया है, जिससे प्रिंट और डिजिटल मंचों के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों को मजबूती मिली है।
विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर वैश्विक मानकीकरण निकायों आईएसओ, आईईसी और आईटीयू ने संयुक्त रूप से एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें बताया गया कि साझा मानक कैसे प्रणालीगत विश्वास बनाते हैं, नवाचार को तेज़ करते हैं और सतत व्यापार को समर्थन देते हैं। भारत के राष्ट्रीय मानकीकरण निकाय के रूप में, बीआईएस आईएसओ और आईईसी की 600 से अधिक तकनीकी समितियों में भाग लेता है, ताकि अंतरराष्ट्रीय मानक विकास को भारत के रणनीतिक हितों के अनुरूप संरेखित किया जा सके।
स्रोत: भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस)
******
पीके/केसी/आरटी/एमएम /डीके
(रिलीज़ आईडी: 2323521)
आगंतुक पटल : 72