प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री 9 अक्टूबर को महिला एवं बाल विकास पर विभागीय शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में भाग लेंगे
शिखर सम्मेलन में पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण जैसे प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा
प्रविष्टि तिथि:
08 OCT 2026 4:44PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 9 अक्टूबर 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में महिला एवं बाल विकास पर विभागीय शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
8-9 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन में सभी राज्यों के राजनीतिक नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों की भागीदारी होगी। यह प्रधानमंत्री द्वारा सहकारी संघवाद को सुदृढ करने, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के सामूहिक स्वामित्व को बढ़ावा देने और केंद्र-राज्य के घनिष्ठ सहयोग के माध्यम से परिणामों में तेजी लाने के लिए परिकल्पित विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला में दूसरा शिखर सम्मेलन है।
शिखर सम्मेलन चार मुख्य विषय-वस्तुओं पर केंद्रित होगा:
- बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों की पुनर्कल्पना
- निर्बल बच्चों के लिए सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ करना
- संस्थागत और विधायी ढांचों के प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा
- प्रमुख योजनाओं की प्रभावशीलता और परिणामों को बढ़ाकर महिलाओं का सशक्तिकरण करना
विभागीय शिखर सम्मेलन मॉडल केंद्र और राज्य सरकारों के हितधारकों को एक साथ लाता है ताकि वे क्षेत्रवार प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श कर सकें, अच्छी कार्यप्रणालियों को साझा कर सकें, कार्यान्वयन संबंधी चुनौतियों का समाधान कर सकें और बेहतर शासन एवं सेवा वितरण के लिए समयबद्ध कार्यों पर सहमत हो सकें।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2320976)
आगंतुक पटल : 60