प्रधानमंत्री कार्यालय
सरकार के प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर वैश्विक नेताओं ने बधाई दी
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 4:56PM by PIB Delhi
7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा होने पर वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। वर्ष 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने और उसके बाद 2014 में भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से 25 वर्ष पूरे होने पर, वैश्विक नेताओं ने उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व, सुशासन के प्रति समर्पण और वैश्विक शांति, समावेशिता एवं सतत विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है।
भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम शेरिंग टोबगे ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। एक पत्र साझा करते हुए, उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध नेतृत्व निस्वार्थ सेवा के माध्यम से ज्ञान, करुणा और साहस का परिचय देना है—ये ऐसे गुण हैं जो उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण में सबसे स्पष्ट रूप से एक साथ दिखाई देते हैं। इस बात पर जोर देते हुए कि यह दृष्टिकोण एक मजबूत, समृद्ध और विकसित देश के लिए 1.4 अरब भारतीयों की सामूहिक आकांक्षा को दर्शाता है, उन्होंने एक्स पर लिखा:
प्रधानमंत्री @narendramodi, हमारे युग के एक अवतार।
नाइजीरिया संघीय गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम बोला अहमद टिनूबू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई एवं मैत्रीपूर्ण शुभकामनाएं दीं। गुजरात के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त करने वाले और भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनाने में योगदान देने वाले उनके दूरदर्शी नेतृत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने एक्स पर लिखा:
"नाइजीरिया संघीय गणराज्य की सरकार और वहां की जनता की ओर से, तथा अपनी ओर से, मैं भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री नरेन्द्र मोदी @narendramodi को इस वास्तव में ऐतिहासिक पड़ाव पर हार्दिक और स्नेहपूर्ण बधाई देता हूं।
आज, 7 अक्टूबर 2026 को, वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और सरकार के प्रमुख के रूप में उनके द्वारा पहली बार पदभार ग्रहण करने के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
उनकी जनसेवा बिना किसी रुकावट के निरंतर जारी रही है। गुजरात के लोगों की बारह से अधिक वर्षों तक सेवा करने के बाद, वे 2014 से लगातार भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री के पद पर बने हुए हैं।
किसी भी लोकतंत्र में निरंतर 25 वर्षों का नेतृत्व करना एक दुर्लभ उपलब्धि है। विश्व के सबसे अधिक आबादी वाले राष्ट्र में, यह भारतीय जनता द्वारा उनमें व्यक्त किए गए अटूट और निरंतर विश्वास का एक शक्तिशाली प्रमाण है।
इन 25 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ नेतृत्व किया है। गुजरात के कायाकल्प से लेकर भारत के विश्व की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभरने तक, बुनियादी ढांचे, डिजिटल सार्वजनिक सुविधाओं, वित्तीय समावेशन और नवाचार के क्षेत्र में उनके नेतृत्व ने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और ग्लोबल साउथ के देशों को प्रेरित किया है।
नाइजीरिया हमारे दोनों महान राष्ट्रों के बीच रणनीतिक साझेदारी को अत्यधिक महत्व देता है। मुझे नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री की अबुजा की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा की सुखद याद है, जब नाइजीरिया ने उन्हें ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर की उपाधि से सम्मानित किया था।
उस यात्रा ने व्यापार और निवेश, ऊर्जा, रक्षा एवं सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हमारे सहयोग को एक नई गति प्रदान की।
साथी लोकतांत्रिक देशों और ग्लोबल साउथ की प्रमुख आवाज़ों के रूप में, नाइजीरिया और भारत एक अधिक न्यायपूर्ण, अधिक समावेशी और अधिक प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता रखते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके निरंतर नेतृत्व में, हमारे लोगों के बीच मित्रता के संबंध और भी अधिक मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस उल्लेखनीय अवसर पर, मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, निरंतर शक्ति और भारत की जनता की सेवा में उनकी हर सफलता की कामना करता हूं।
बोला अहमद टीनूबू, जीसीएफआर
राष्ट्रपति और कमांडर-इन-चीफ ऑफ आर्मड फोर्सेज
नाइजीरिया संघीय गणराज्य
अबुजा, 7 अक्टूबर 2026"
फिलीपींस के राष्ट्रपति महामहिम बोंगबोंग मार्कोस ने श्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। सुशासन, नवाचार और बुनियादी ढांचे पर उनके विशेष जोर की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने भारत के परिवर्तन और वैश्विक स्तर पर उसकी बढ़ती प्रतिष्ठा को नई गति दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा:
“सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 वर्षों की जन-सेवा पूरी करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
गुजरात से लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने तक, प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा सुशासन, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास पर उनके मजबूत जोर के लिए जानी जाती है, जिसने भारत के कायाकल्प और वैश्विक मंच पर इसकी बढ़ती भूमिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मैं प्रधानमंत्री मोदी के भारत की जनता की सेवा के कार्य में निरंतर सफलता की कामना करता हूं।
2025 में हमारी रणनीतिक साझेदारी से लेकर पिछले महीने फिलीपींस के सीडीआरआई में शामिल होने तक, हमारे संबंध लगातार मजबूत से और मजबूत होते जा रहे हैं। मैं नवंबर में आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों के लिए मनीला में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।"
नेपाल के प्रधानमंत्री ने समर्पित जनसेवा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को पूरा करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आने वाले वर्षों में सरकार की निरंतर प्रगति, समृद्धि और सफलता की कामना करते हुए एक्स पर लिखा:
"समर्पित जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर भारत के प्रधानमंत्री @narendramodi को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
नेपाल आने वाले वर्षों में आपके और आपकी सरकार की निरंतर सफलता और समृद्धि की कामना करता है।“
बोत्सवाना गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डुमा गिडियन बोको ने भारत की जनता के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गहरे समर्पण की सराहना की। दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मैत्री संबंधों की कामना करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा:
"सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री @narendramodi को हार्दिक बधाई।
हम भारत के लोगों के प्रति आपकी निष्ठा और सेवा की सराहना करते हैं।
हम आने वाले वर्षों में आपकी सफलता की कामना करते हैं और हमारे देशों के बीच स्थायी मित्रता की आशा करते हैं।"
बेल्जियम के प्रधानमंत्री महामहिम बार्ट डी वेवर ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को सरकार के नेतृत्व में लगातार 25 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई दी। पिछले महीने अपनी भारत यात्रा को फलदायी बताते हुए उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की उत्सुकता व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा:
"मैं गुजरात से लेकर नई दिल्ली तक, सरकार में लगातार 25 वर्षों के नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री @narendramodi को हार्दिक बधाई देता हूं। पिछले महीने भारत की अपनी उत्पादक यात्रा के बाद, मैं हमारे दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और गहरा करने के लिए तत्पर हूं।"
जापान की प्रधानमंत्री महामहिम सनाए ताकाइची ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। भारत के विकास को गति देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले उनके उत्कृष्ट राजनीतिक नेतृत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र (FOIP) के साकार होने की दिशा में मिलकर काम करने की आशा व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा:
"प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष की अवधि पूरे होने पर मैं अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त करना चाहती हूँ।
भारत के समाज और राष्ट्र के विकास को साकार करने के लिए वे वर्षों से प्रयास करते आए हैं और सन् 2001 से अपने उत्कृष्ट राजनीतिक नेतृत्व से सरकार के प्रमुख के पद संभालते आए हैं। उन्होंने भारत के विकास को गति देने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इन सारी उपलब्धियों के लिए, मैं एक साथी राजनीतिज्ञ के रूप में सम्मान भावना व्यक्त करती हूँ।
मैं फिर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करना चाहती हूँ कि इस जुलाई में मेरी भारत यात्रा के दौरान मुझे उनका बेहद गर्मजोशी भरा स्वागत मिला।
भारत की खाद्य संस्कृति और संगीत का अनुभव करते हुए, मुझे जापान-भारत की "विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी" को अगले स्तर तक ले जाने के लिए उनके साथ ठोस कदमों पर विचार-विमर्श करने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ। मेरी भारत यात्रा बहुत ही फलदायी रही।
अगले वर्ष जापान-भारत राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगाँठ है।
मुक्त एवं खुले हिन्द-प्रशांत क्षेत्र (FOIP) को साकार करने हेतु मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के साथ मिलकर काम करना चाहती हूँ ताकि रणनीतिक दिशा को साझा करने वाले जापान तथा भारत मिलकर हमारी साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके।"
कॉमनवेल्थ ऑफ डोमिनिका के प्रधानमंत्री महामहिम रूजवेल्ट स्केरिट ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने डोमिनिका के प्रति दिखाई गई मित्रता और वहां के लोगों के प्रति उदारता के लिए गहरी सराहना व्यक्त की तथा दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को महत्वपूर्ण बताते हुए एक्स पर लिखा:
"मेरे प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री @narendramodi, सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों की सेवा के लिए मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं—एक ऐसी यात्रा जो गुजरात से शुरू हुई और भारत के आपके नेतृत्व के साथ निरंतर जारी है।
इस खास मौके पर, मैं डोमिनिका के साथ आपकी दोस्ती और हमारे लोगों के प्रति आपकी उदारता के लिए अपना आभार व्यक्त करना चाहता हूँ। मैं हमारे देशों के बीच के रिश्ते को बहुत महत्व देता हूँ और आने वाले वर्षों में इसे और मजबूत बनाने की उम्मीद करता हूँ।
डोमिनिका की सरकार, वहां की जनता और अपनी तरफ से, मैं भारत के लोगों की सेवा में आपके अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और निरंतर सफलता की कामना करता हूं।"
कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम ली जे-म्युंग ने भारत की जनता के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अटूट समर्पण के प्रति हार्दिक बधाई और गहरा सम्मान व्यक्त किया। उनके नेतृत्व में भारत की दृढ़ता तथा विनिर्माण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निरंतर प्रगति को रेखांकित करते हुए उन्होंने दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एक्स पर लिखा:
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी (@narendramodi),आज से 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद से आपने भारत के लोगों के बेहतर जीवन के निर्माण के लिए स्वयं को समर्पित किया है।
आपकी इस अटूट समर्पण के प्रति मैं अपना गहरा सम्मान व्यक्त करता हूँ और इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपको हार्दिक बधाई देता हूँ।
आपके नेतृत्व में, भारत ने विनिर्माण क्षेत्र के विकास और बुनियादी ढाँचे के विस्तार के माध्यम से लगातार प्रगति की है तथा विभिन्न चुनौतियों के बीच भी अपनी दृढ़ता का प्रदर्शन किया है।
ये उपलब्धियाँ भारतीय जनता के लिए गर्व का विषय हैं और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका के विस्तार के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती हैं।
विशेष रणनीतिक साझेदारों के रूप में, कोरिया गणराज्य और भारत मिलकर विकास और नवाचार के भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
हम दोनों देशों में व्यवसायों और युवाओं की आकांक्षाओं तथा विकास को समर्थन देना जारी रखेंगे और पिछले अप्रैल में नई दिल्ली में हमने जो साझा दृष्टिकोण निर्धारित किया था, उसे साकार करेंगे।
मैं इस बार सियोल में आपका फिर से स्वागत करने के लिए उत्सुक हूँ। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूँ और भारत की जनता के प्रति कोरिया गणराज्य की जनता की गहरी मित्रता व्यक्त करता हूँ।
ग्रेनाडा के प्रधानमंत्री महामहिम डिकॉन मिशेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों की जनसेवा पूरी करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रेनाडा इस उपलब्धि पर उनके साथ खुशी साझा करता है और दोनों देशों के बीच मैत्री संबंधों को निरंतर मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने की आशा करता है। उन्होंने एक्स पर लिखा:
“आज ग्रेनाडा की सरकार और जनता, प्रधानमंत्री @narendramodi को सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों की जनसेवा पूरी करने पर हार्दिक बधाई देती है। ग्रेनाडा इस उपलब्धि पर आपके साथ खुशियां साझा करता है और हमारे दोनों देशों के बीच मैत्री संबंधों को निरंतर मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की आशा करता है।”
जाम्बिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम हाकाइन्डे हिचिलेमा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर समृद्धि की कामना करते हुए एक्स पर लिखा:
“हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई देते हैं। उन्होंने पहली बार 7 अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। हम उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर समृद्धि की कामना करते हैं।
हाकाइन्डे हिचिलेमा
जाम्बिया गणराज्य के राष्ट्रपति"
कजाकिस्तान गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम कासिम-जोमार्ट तोकायेव ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर श्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। उनके सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सतत विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कजाकिस्तान-भारत रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास भी व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा:
“मैं सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रधानमंत्री @narendramodi को हार्दिक बधाई देता हूं।
उनके सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सतत विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को और मजबूत बना रहा है।
मैं कजाकिस्तान और भारत के बीच घनिष्ठ संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को अत्यंत महत्व देता हूं। मुझे विश्वास है कि हमारे संयुक्त प्रयासों से हम कजाकिस्तान-भारत साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
इथियोपिया के प्रधानमंत्री महामहिम अबिय अहमद अली ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई दी। दोनों देशों के बीच मजबूत होती साझेदारी को रेखांकित करते हुए उन्होंने इथियोपिया के ब्रिक्स में शामिल होने के लिए भारत के समर्थन और हाल के पारस्परिक दौरों का उल्लेख किया। उन्होंने एक्स पर लिखा:
“प्रिय मित्र प्रधानमंत्री @narendramodi, सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं। आपने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और वर्ष 2014 से भारत के प्रधानमंत्री के रूप में इस दायित्व का निर्वहन किया है।
पिछले कुछ वर्षों में इथियोपिया और भारत के बीच साझेदारी और मजबूत हुई है। इथियोपिया के ब्रिक्स में शामिल होने के लिए भारत के समर्थन से लेकर, पिछले दिसंबर में अदीस अबाबा में आपका स्वागत करने और इस वर्ष सितंबर में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए मेरी भारत की पहली यात्रा तक, हमारे संबंधों ने नई मजबूती हासिल की है। मैं इस साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।”
त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य की प्रधानमंत्री महामहिम कमला प्रसाद-बिसेसर ने श्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का उत्सव मनाने में भारत की जनता और दुनियाभर के शुभचिंतकों के साथ सहभागिता की। भारत के साथ साझेदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने त्रिनिदाद और टोबैगो को प्रदान की गई उदार सहायता और समर्थन के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा:
“प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और नेतृत्व के 25 साल पूरे होने पर एक खास उपलब्धि का उत्सव।
आज मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के इस खास मौके पर भारत की जनता और दुनियाभर के उनके शुभचिंतकों के साथ खुशियां साझा कर रही हूं। राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक, सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों तक सेवा देना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
7 अक्टूबर, 2001 को श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2014 तक उन्होंने इस पद पर कार्य किया। मई 2014 में उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री का पदभार संभाला और लगातार तीन कार्यकालों से देश की जनता की सेवा कर रहे हैं।
जनसेवा के 25 वर्षों का यह पड़ाव उनकी लंबी सार्वजनिक जीवन यात्रा का एक अहम अध्याय है, जिसमें उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर नेतृत्व किया है।
त्रिनिदाद और टोबैगो तथा भारत के बीच दोस्ती, इतिहास, संस्कृति और आपसी जुड़ाव के गहरे और पुराने रिश्ते हैं। पीढ़ियों से ये संबंध और मजबूत होते आए हैं और आज भी आपसी सहयोग और सम्मान के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करती हूं। उन्होंने जिस मित्रता के साथ हमारा साथ दिया है और उनकी सरकार तथा भारत की जनता ने त्रिनिदाद और टोबैगो को जो उदार सहायता और सहयोग दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। भारत के साथ अपनी साझेदारी और हमारे देश के विकास में उसके निरंतर सहयोग को हम बहुत महत्व देते हैं।
पिछले वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का त्रिनिदाद और टोबैगो में स्वागत करना मेरे लिए बहुत खुशी की बात थी। उनकी इस यात्रा से हमारे दोनों देशों और यहां के लोगों के बीच दोस्ती के रिश्ते और मजबूत हुए।
त्रिनिदाद और टोबैगो की सरकार और जनता की ओर से मैं इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई देती हूं और कामना करती हूं कि जनसेवा के उनके सफर में उन्हें आगे भी इसी तरह शक्ति और सफलता मिलती रहे।
कामना है कि त्रिनिदाद और टोबैगो तथा भारत की दोस्ती आने वाली पीढ़ियों तक और गहरी होती रहे और लगातार आगे बढ़ती रहे।”
सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दुर्लभ उपलब्धि उनके प्रति जनता के निरंतर विश्वास और जनसेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने भारत और सेशेल्स की मजबूत और निरंतर साझेदारी को भी रेखांकित किया। उन्होंने एक आधिकारिक संदेश में कहा:
“राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हरमिनी की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को बधाई संदेश
08 अक्टूबर 2026 |
महामहिम, मेरे प्रिय मित्र,
सेशेल्स गणराज्य की सरकार और जनता की ओर से तथा अपनी व्यक्तिगत ओर से, मैं भारत गणराज्य की सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों की सेवा पूरी करने पर आपको हार्दिक बधाई देता हूं।
किसी भी लोकतंत्र में सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे करना एक दुर्लभ उपलब्धि है। यह गुजरात से लेकर वर्ष 2014 के बाद पूरे देश में भारत की जनता के आपके प्रति निरंतर विश्वास को दर्शाता है। यह जनसेवा के प्रति आपकी गहरी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है, जिसे आपने कठिन दौर से लेकर उल्लेखनीय प्रगति के समय तक पूरी निष्ठा के साथ बनाए रखा है।
यह उपलब्धि सेशेल्स के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यह उसी वर्ष हासिल हुई है, जब हमारे दोनों देश राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष मना रहे हैं। फरवरी में भारत की अपनी राजकीय यात्रा और वहां मेरे प्रतिनिधिमंडल के भव्य स्वागत की यादें आज भी मेरे मन में ताजा हैं। इसी तरह, जून में हमारे देश के गोल्डन जुबली नेशनल डे समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आपकी उपस्थिति भी मुझे स्नेहपूर्वक याद है। सेशेल्स की जनता के लिए आपका स्वागत करना सम्मान की बात थी और वे आज भी उस अवसर को भूले नहीं हैं।
आपके कार्यकाल के दौरान भारत, सेशेल्स के एक सच्चे मित्र और साझेदार के रूप में हमेशा उसके साथ खड़ा रहा है—चाहे वह स्वास्थ्य का क्षेत्र हो, क्षमता विकास, समुद्री सुरक्षा या हिंद महासागर के पार हमारे दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाले अनेक संबंध। हमारे साझा महासागर को लेकर आपके दृष्टिकोण ने इस साझेदारी को एक नई दिशा और उद्देश्य प्रदान किया है।
इस नए अध्याय की शुरुआत पर, मैं भारत की जनता की सेवा में आपके निरंतर अच्छे स्वास्थ्य, विवेक और शक्ति की कामना करता हूं। मैं आपके साथ मिलकर हमारे दोनों देशों के बीच साझेदारी के अगले 50 वर्षों को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक हूं।
https://statehouse.gov.sc/messages/7287/congratulatory-message-from-president-dr-patrick-herminie-to-prime-minister-modi
मॉरीशस के प्रधानमंत्री महामहिम डॉ. नवीन रामगुलाम ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जनसेवा के प्रति समर्पित रहते हुए 25 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई दी है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा की सराहना करते हुए डॉ. रामगुलाम ने भारत की परिवर्तनकारी प्रगति, वैश्विक मामलों में एक प्रभावशाली आवाज के रूप में उसके उभरने और ग्लोबल साउथ के एक प्रमुख पक्षधर के रूप में उसकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने श्री मोदी के व्यक्तिगत नेतृत्व में मॉरीशस और भारत के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के और मजबूत होने का भी उल्लेख किया।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने फेसबुक पर पोस्ट किया:
“महामहिम श्री नरेन्द्र मोदी
भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री
आदरणीय प्रधानमंत्री एवं प्रिय मित्र,
जनसेवा के प्रति आपके समर्पण और अथक प्रयासों के 25 वर्ष पूरे होने की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं।
आपकी अनुकरणीय राजनीतिक यात्रा भारत की जनता के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता, देश के विकास और प्रगति को आगे बढ़ाने के आपके संकल्प तथा अपने साथी नागरिकों के कल्याण के लिए आपके निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
गुजरात के मुख्यमंत्री के उच्च पद से लेकर भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री के पद तक की आपकी उल्लेखनीय यात्रा का साक्षी बनना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से सौभाग्य की बात रही है। आपकी उपलब्धियां भारत की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए निरंतर विश्वास और भरोसे को दर्शाती हैं।
आपके नेतृत्व में भारत ने कई परिवर्तनकारी पहलें शुरू की हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी स्थिति को काफी मजबूत किया है। आज भारत वैश्विक मामलों में एक प्रभावशाली आवाज के रूप में उभरा है और ग्लोबल साउथ के हितों का प्रमुख समर्थक बनकर सामने आया है।
मॉरीशस और भारत के संबंध चिरस्थायी मैत्री, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, गहरी सांस्कृतिक निकटता और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत आपसी संबंधों पर आधारित हैं।
आपके व्यक्तिगत नेतृत्व में हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नई गति और अधिक रणनीतिक गहराई मिली है। इसी का परिणाम हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जो हमारे आपसी संबंधों का आधार रहे पारस्परिक विश्वास और सम्मान को दर्शाती है।
आपकी जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक पड़ाव पर, मेरी पत्नी वीणा भी आपको निरंतर सफलता, उत्तम स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुख-समृद्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देती हैं।
महामहिम, कृपया मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ और सम्मान स्वीकार करें।
महामहिम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम, जीसीएसके, एफआरसीपी
https://www.facebook.com/story.php?story_fbid=1691627575657359&id=100044303985465&post_id=100044303985465_1691627575657359&rdid=VtgaP9hPPcpknUY5#
सर्बिया गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम अलेक्जेंडर वुसिक ने सर्वोच्च स्तर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनकी सराहना करते हुए कहा कि भारत सौभाग्यशाली है कि उसे उनके जैसा नेतृत्व मिला है। उन्होंने एक्स पर लिखा:
"उच्चतम स्तर पर 25 वर्षों की जनसेवा पूरी करने पर हार्दिक बधाई, @NarendraModi।
बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो यह कह सकें कि उन्होंने अपनी जिंदगी का एक चौथाई हिस्सा देश की सेवा में लगा दिया—पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर।
मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि आप भारत और उसके भविष्य की कितनी परवाह करते हैं और पूरी दुनिया यह देख सकती है कि आपने भारत का मान कितना ऊँचा किया है। मैं महान भारतीय जनता की सेवा में आपके लंबे, स्वस्थ, ऊर्जावान जीवन और निरंतर सफलता की कामना करता हूँ।
भारत भाग्यशाली है कि उसे आपका नेतृत्व मिला है।"
*********
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2320344)
आगंतुक पटल : 353
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
Malayalam
,
English
,
Urdu
,
Nepali
,
Marathi
,
Assamese
,
Manipuri
,
Bengali
,
Punjabi
,
Gujarati
,
Odia
,
Tamil
,
Telugu