वस्त्र मंत्रालय
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने सीसीआई के 56वें स्थापना दिवस पर देश के कपास इकोसिस्टम को बदलने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया
कपास किसानों को समय पर सलाह देने के लिए 'कपास दर्शन' बुलेटिन शुरू किया गया
वैज्ञानिक और कन्टैमनैशन-नियंत्रित कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों और एफपीओ को आधुनिक कृषि उपकरण वितरित किए गए
गुणवत्ता मानकों, बाजार पहुंच और जलवायु-अनुकूल कपास की खेती के तरीकों को मजबूत करने के लिए चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए
प्रविष्टि तिथि:
01 AUG 2026 7:13PM by PIB Delhi
केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह की उपस्थिति में अपना 56वां स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के सामाजिक न्याय मंत्री श्री संजय शिरसात, वस्त्र मंत्री श्री संजय सावकारे, अन्य पिछड़ा वर्ग बहुजन कल्याण, दुग्ध विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और दिव्यांग कल्याण मंत्री श्री अतुल सावे, संयुक्त सचिव (फाइबर), वस्त्र आयुक्त और केंद्र तथा महाराष्ट्र सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, आईसीएसी के कार्यकारी निदेशक, शोधकर्ता, वैज्ञानिक, वस्त्र उद्योग के प्रतिनिधि, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और कपास किसान उपस्थित थे।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कपास को भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और कृषि समृद्धि का आधार स्तंभ बताया और कपास किसानों के कल्याण के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। 2025-26 कपास सीजन के दौरान सीसीआई की उपलब्धियों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीसीआई ने अपने इतिहास में सबसे बड़े एमएसपी खरीद अभियानों में से एक को पूरा किया है। इसमें लगभग 24 लाख किसान लेनदेन के माध्यम से 522 लाख क्विंटल से अधिक बीज कपास (कपास) की खरीद की गई और किसानों के आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे ₹41 हज़ार 530 करोड़ हस्तांतरित किए गए।


केंद्रीय मंत्री महोदय ने कहा कि कपास सीजन 2026-27 के लिए बीज कपास (कपास) के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगभग 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इससे देशभर के कपास उत्पादक किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित होगा और उनकी आय सुरक्षा मजबूत होगी। हाल ही में स्वीकृत कपास उत्पादकता मिशन - कपास कांति का जिक्र करते हुए श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पांच वर्षों में ₹5,659 करोड़ के परिव्यय वाला यह मिशन कपास की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने, कपास प्रासेसिंग अवसंरचना का आधुनिकीकरण करने, कस्तूरी कॉटन भारत के माध्यम से ब्रांडिंग और ट्रेसबिलिटी को बढ़ावा देने और टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल कपास की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक परिवर्तनकारी पहल का प्रतिनिधित्व करता है। मंत्री महोदय ने कहा कि कस्तूरी कॉटन भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत प्रमाणन, ट्रेसबिलिटी और स्थिरता मानकों के माध्यम से प्रीमियम भारतीय कपास को "खेत से फैशन से वैश्विक बाजार तक" ले जाने के भारत के दृष्टिकोण को दर्शाता है।
श्री गिरिराज सिंह ने भारतीय कपास निगम को राष्ट्र की सेवा में 56 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, किसानों, उद्योग और अनुसंधान संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से भारत के कपास क्षेत्र की वृद्धि में तेजी आएगी और विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। साथ ही सतत और उच्च गुणवत्ता वाले कपास के वैश्विक अग्रणी के रूप में भारत की स्थिति और मजबूत होगी।
इस अवसर पर कपास किसानों को मौसम, बाजार, वैज्ञानिक खेती पद्धतियों, गुणवत्ता प्रबंधन और विभिन्न सरकारी पहलों पर समय पर सलाह देने के लिए 'कपास दर्शन' बुलेटिन का शुभारंभ किया गया।वैज्ञानिक, टिकाऊ और प्रदूषण मुक्त कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए, कपास तोड़ने वाली मशीनों, कपास के डंठल को बारीक करने वाली मशीनों और प्रदूषण नियंत्रण किटों सहित आधुनिक कृषि उपकरण कपास किसानों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को वितरित किए गए।


कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण भारत के कपास इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से चार समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करना था:
- सीसीआई और आईसीएआर-सीआईआरसीओटी ने जिनिंग और प्रेसिंग क्षेत्र में क्षमता निर्माण और गुणवत्ता सुधार के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- सीसीआई और जीआईजेड ने सततता, गुणवत्ता आश्वासन और पता लगाने की क्षमता को बढ़ावा देकर कस्तूरी कॉटन भारत के माध्यम से कपास किसानों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने के लिए एक साझेदारी की।
- सीआईटीआई, आईसीएसी और मेरागो/जियोक्लारा ने जलवायु-अनुकूल और टिकाऊ कपास खेती पद्धतियों के माध्यम से कार्बन क्रेडिट सृजन को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- टेक्सप्रोसिल और मंजीत कॉटन प्राइवेट लिमिटेड ने कस्तूरी कॉटन भारत कार्यक्रम के तहत 30,000 कपास गांठों (20,000 लंबी रेशे वाली और 10,000 अतिरिक्त लंबी रेशे वाली) के उत्पादन और प्रमाणीकरण के लिए सहयोग करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसमें पता लगाने की क्षमता, गुणवत्ता मानकों का अनुपालन और एक प्रीमियम, पता लगाने योग्य कपास आपूर्ति श्रृंखला का विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
समारोह का शुभारंभ किसान ओरीएन्टेशन कार्यक्रम से हुआ। इसमें कपास डंठल श्रेडर मशीनों, कपास प्लकर मशीनों के उपयोग, संदूषण नियंत्रण उपायों और कपास उत्पादकता मिशन - कपास कांति पर जागरूकता सत्रों पर फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। कपास किसानों के बीच वैज्ञानिक फसल प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए गुलाबी बॉलवर्म प्रबंधन पर एक संगीतमय प्रस्तुति भी आयोजित की गई।
वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव (फाइबर) सुश्री पद्मिनी सिंगला, आईएएस ने कहा कि भारत का कपास क्षेत्र नवाचार, स्थिरता और उत्पादकता वृद्धि से प्रेरित एक परिवर्तनकारी चरण में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कपास उत्पादकता मिशन - कपास कांति उत्पादकता में तेजी लाएगा, कस्तूरी कपास भारत के माध्यम से वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेगा और कपास मूल्य श्रृंखला में टिकाऊ प्राकृतिक फाइबर को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि वस्त्र मंत्रालय खेत से फाइबर, फाइबर से कपड़ा और कपड़े से फैशन तक, संपूर्ण कपास मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसान-हितैषी एमएसपी संचालन और डिजिटल पहलों ने कपास की खरीद में पारदर्शिता, पहुंच और दक्षता को काफी हद तक बढ़ाया है, जबकि उत्पादकता वृद्धि, गुणवत्ता आश्वासन और वैश्विक ब्रांडिंग भारत की कपास विकास रणनीति के केंद्र में रहेंगे।
गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए सीसीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री ललित कुमार गुप्ता ने पारदर्शी, प्रौद्योगिकी-आधारित और किसान-केंद्रित पहलों के माध्यम से कपास किसानों के हितों की रक्षा में निगम की पिछले 56 वर्षों की उल्लेखनीय यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण कपास उत्पादन को बढ़ावा देने और विकसित भारत @2047 के विजन में योगदान देने के लिए सीसीआई की प्रतिबद्धता को दोहराया।
*****
पीके/केसी/एसके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2293142)
आगंतुक पटल : 62