रक्षा मंत्रालय
भारतीय नौसेना कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 की मेजबानी करेगी
प्रविष्टि तिथि:
16 JUL 2026 1:21PM by PIB Delhi
भारतीय नौसेना 20 से 23 जुलाई, 2026 तक दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 की मेजबानी करेगी। चार-दिवसीय बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के साथ साझेदारी में भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाली संयुक्त कार्य बल 154 (सीटीएफ 154), जो संयुक्त समुद्री बल का समर्पित प्रशिक्षण कार्य बल है, के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में संयुक्त समुद्री बल भागीदार देशों के कर्मियों को पेशेवर समुद्री सुरक्षा प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के लिए एक साथ लाया जाएगा। 40 से अधिक देशों की बहुराष्ट्रीय समुद्री साझेदारी संयुक्त समुद्री बल के साथ अपने जुड़ाव के माध्यम से, भारतीय नौसेना क्षेत्रीय क्षमता निर्माण और सामूहिक समुद्री सुरक्षा में अपना योगदान जारी रखे हुए है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा निर्देश, सिम्युलेटर-आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव शामिल होंगे। सत्रों में समुद्री कानून, समुद्री क्षेत्र जागरूकता और सूचना साझाकरण, मादक पदार्थों की रोकथाम, बल सुरक्षा, असममित खतरे और समुद्री मानवरहित प्रणालियां जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। प्रतिभागियों को क्षति नियंत्रण और अग्निशमन, समुद्री संचार, समुद्र में उत्तरजीविता, जहाज पर चढ़ने की प्रक्रिया और भारतीय नौसेना के जहाजों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 के तहत भारतीय नौसेना के आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना, अत्याधुनिक सिमुलेटर, उन्नत शिक्षण पद्धतियों और पेशेवर विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया जाएगा। सैद्धांतिक निर्देशों को व्यावहारिक अनुप्रयोग के साथ एकीकृत करने का उद्देश्य सहभागी देशों के बीच अंतरसंचालनीयता, पेशेवर समझ और सहयोग को बढ़ाना है।
कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में आयोजित इस अभ्यास सत्र से बहुराष्ट्रीय समुद्री प्रशिक्षण में भारतीय नौसेना के बढ़ते योगदान को बल मिलता है। यह दक्षिणी नौसेना कमान की एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र के रूप में भूमिका को भी उजागर करता है और पेशेवर समुद्री प्रशिक्षण के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में भारतीय नौसेना की स्थिति को मजबूत करता है।

****
पीके/केसी/एचएन/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2285352)
आगंतुक पटल : 143