शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई को तकनीकी चुनौतियों से निपटने में सहायता के लिए आईआईटी विशेषज्ञों को नियुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं


इस वर्ष की परीक्षोत्तर पुनर्मूल्यांकन सेवाओं की घोषणा के बाद से सामने आई सभी तकनीकी खामियों की जांच आईआईटी की टीम करेगी

प्रविष्टि तिथि: 24 MAY 2026 4:45PM by PIB Delhi

हाल के घटनाक्रमों और सीबीएसई के परिणामोत्तर सेवा पोर्टल के संबंध में छात्रों और अभिभावकों द्वारा उठाई गई चिंताओं को देखते हुए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास से प्रोफेसरों और तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सहायता के लिए भेजने का निर्देश दिया है ताकि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया त्रुटिरहित हो सके।

सीबीएसई के परीक्षोत्तर सेवा पोर्टल में तकनीकी समस्याओं की रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया है।

आईआईटी मद्रास की विशेषज्ञ टीम सिस्टम और तकनीकी कार्यप्रवाहों में लक्षित तकनीकी सुधार लागू करेगी और विशेष रूप से पोर्टल की स्थिरता और सर्वर के प्रदर्शन की जांच करेगी। टीम समग्र आईटी अवसंरचना की मजबूती का भी आकलन करेगी और लॉगिन प्रमाणीकरण/उपयोगकर्ता पहुंच प्रणाली/भुगतान गेटवे की सटीकता और सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए सुधारात्मक उपाय करने में सहायता करेगी।

श्री प्रधान ने दोहराया कि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं और एक पारदर्शी, कुशल और छात्र-हितैषी प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए सीबीएसई द्वारा सभी आवश्यक सुधारात्मक उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाने चाहिए।

***

पीके/केसी/एमके/वीके


(रिलीज़ आईडी: 2264804) आगंतुक पटल : 124
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Tamil , Malayalam